हुंडई मोटर इंडिया फिर बनी भारत की दूसरी सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी! 5 महीने बाद फिर से हासिल की ये उपलब्धि
VAHAN डेटा के मुताबिक, दक्षिण कोरियाई कंपनी हुंडई मोटर इंडिया 5 महीनों के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर भारत की दूसरी सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी बनकर उभरी है।

भारतीय ऑटो सेक्टर की दिग्गज कंपनियों में से एक, हुंडई (Hyundai) के लिए साल 2026 की शुरुआत धमाकेदार रही। लेटेस्ट VAHAN डेटा के मुताबिक, दक्षिण कोरियाई कंपनी हुंडई मोटर इंडिया 5 महीनों के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर भारत की दूसरी सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी बनकर उभरी है। जनवरी के महीने में हुंडई ने बिक्री के मामले में अपनी खोई हुई पोजीशन वापस पा ली है।
बिक्री में जबरदस्त उछाल
जनवरी के आंकड़ों पर नजर डालें तो हुंडई ने कुल 65,564 कारों की रिटेल बिक्री की है (तेलंगाना के आंकड़े छोड़कर), जो पिछले साल के मुकाबले 10% ज्यादा है।
हालांकि, महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) ने भी कड़ी टक्कर देते हुए 63,087 गाड़ियां बेचीं और 22% की सालाना ग्रोथ दर्ज की, लेकिन हुंडई उन्हें पीछे छोड़ने में कामयाब रही।
वहीं, बाजार की दिग्गज कंपनी मारुति सुजुकी 2,15,934 वाहनों की बिक्री के साथ सबसे आगे बनी हुई है।
हुंडई मोटर इंडिया के पहले भारतीय मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ तरुण गर्ग ने इस प्रदर्शन पर खुशी जताई है। कंपनी के तीसरी तिमाही के नतीजों के बाद एक मीडिया कॉन्फ्रेंस कॉल में गर्ग ने कहा कि जनवरी में बहुत अच्छी गति देखी गई और हम इन नतीजों से सुखद रूप से हैरान हैं। वाहन डेटा 65,000 के पार जाना एक बेहतरीन संकेत है, अब देखना होगा कि आगे बाजार कैसा रहता है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा लाए गए जीएसटी सुधारों और ब्याज दरों में कटौती ने ग्राहकों के उत्साह को बढ़ाया है, जिससे बिक्री में यह तेजी आई है।
SUV का बढ़ता क्रेज
बाजार के बदलते मिजाज पर बात करते हुए तरुण गर्ग ने बताया कि अब ग्राहकों का झुकाव हैचबैक से हटकर कॉम्पैक्ट एसयूवी (SUV) की तरफ बढ़ गया है। उन्होंने आंकड़ों के साथ समझाया कि जीएसटी कटौती के बाद यह ट्रेंड और भी साफ हो गया है। अप्रैल से अगस्त 2025 के बीच एसयूवी की हिस्सेदारी 53.8% थी, जो सितंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच बढ़कर 56.5% हो गई है। हुंडई की अपनी बिक्री में एसयूवी का योगदान 70% तक पहुंच गया है, जबकि हैचबैक अब सिर्फ 17% रह गई हैं।
भविष्य की रणनीति
शहरी मांग को लेकर गर्ग ने पॉजिटिव संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि 6 महीने पहले तक सिर्फ ग्रामीण बाजार ही ग्रोथ को आगे बढ़ा रहा था, लेकिन अब शहरी इलाकों से भी अच्छी डिमांड आने लगी है। इसके अलावा, कंपनी अब टैक्सी मार्केट पर भी बड़ा दांव लगाने की तैयारी में है। तरुण गर्ग के मुताबिक, टैक्सी मार्केट सालाना 3 लाख से ज्यादा वाहनों का है और हुंडई वहां अपनी वॉल्यूम बढ़ाने के लिए बड़े अवसर देख रही है।

