scorecardresearch

PM Modi के खास BRICS डिनर में नहीं पहुंचे शी जिनपिंग, जानिए आखिर क्या रही वजह

नई दिल्ली में BRICS Summit 2026 के दौरान मेहमान नेताओं के लिए खास डिनर आयोजित किया गया, जिसमें व्लादिमीर पुतिन समेत कई बड़े नेता शामिल हुए। हालांकि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की गैरमौजूदगी ने सबका ध्यान खींचा। दिनभर सम्मेलन और प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक के बाद वह आराम के लिए सीधे होटल लौट गए।

Advertisement
BRICS समिट के दौरान PM मोदी-शी जिनपिंग की मुलाकात. (Photo: PTI)
BRICS समिट के दौरान PM मोदी-शी जिनपिंग की मुलाकात. (Photo: PTI)

In Short

  • BRICS डिनर में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत कई बड़े नेता शामिल हुए।
  • शी जिनपिंग दिनभर के व्यस्त कार्यक्रम के बाद डिनर में शामिल नहीं हुए और होटल लौट गए।
  • डिनर में मेहमानों को भारतीय शाकाहारी व्यंजनों के साथ खास मिठाइयां परोसी गईं।

नई दिल्ली में चल रहे BRICS Summit 2026 के दौरान शनिवार रात भारत मंडपम में मेहमान नेताओं के लिए खास डिनर का आयोजन किया गया। इस दावत में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत कई देशों के बड़े नेता और प्रतिनिधि शामिल हुए। हालांकि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की गैरमौजूदगी ने सबका ध्यान खींचा। दिनभर सम्मेलन में सक्रिय रहने के बावजूद शी जिनपिंग डिनर में शामिल नहीं हुए और सीधे अपने होटल लौट गए।

advertisement

दिनभर व्यस्त रहा शी जिनपिंग का कार्यक्रम

शी जिनपिंग शनिवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचे थे। भारत पहुंचने के बाद उनका कार्यक्रम काफी व्यस्त रहा। उन्होंने BRICS सम्मेलन के अलग-अलग सत्रों में हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की।

दोपहर से शाम तक लगातार कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शी जिनपिंग डिनर में जाने के बजाय आराम करने के लिए अपने होटल लौट गए। यही वजह बताई गई कि वह भारत मंडपम में आयोजित खास दावत में नज़र नहीं आया।

पुतिन समेत कई बड़े नेता पहुंचे

शी जिनपिंग भले ही डिनर में शामिल नहीं हुए, लेकिन रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत BRICS देशों के कई शीर्ष नेता और प्रतिनिधि इस खास आयोजन में मौजूद रहे।

भारतीय नेताओं की भी डिनर में बड़ी मौजूदगी रही। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के अलावा केंद्रीय मंत्री अमित शाह, निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल, अश्विनी वैष्णव और शिवराज सिंह चौहान समेत कई नेता कार्यक्रम में पहुंचे। राज्यों के कई प्रमुख नेता भी इस खास आयोजन का हिस्सा बने।

एक और बड़े मेहमान भी डिनर में नहीं दिखे

शी जिनपिंग के अलावा अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद भी डिनर में शामिल नहीं हुए। वह दिन में सम्मेलन से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद अपने देश के लिए रवाना हो गए थे।

मेहमानों को परोसे गए भारतीय व्यंजन

भारत मंडपम में आयोजित डिनर का मेन्यू पूरी तरह भारतीय शाकाहारी व्यंजनों पर आधारित था। स्टार्टर में गुजराती खांडवी और खुंब गलौटी कबाब शामिल थे। मुख्य भोजन में पनीर लबाबदार, कश्मीरी गुच्छी, गाजर-बीन पोरियाल और मिलेट पुलाव जैसे व्यंजन परोसे गए।

मीठे में पुरानी दिल्ली की फ्रूट क्रीम, जलेबी और शहतूत फिरनी को जगह दी गई। इस तरह डिनर के जरिए विदेशी मेहमानों के सामने भारत के अलग-अलग हिस्सों के स्वाद को पेश करने की कोशिश की गई।

नई दिल्ली में जुटे दुनिया के कई नेता

भारत 12 और 13 सितंबर को 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। सम्मेलन में सदस्य और पार्टनर देशों के नेताओं के साथ अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए हैं। दो दिनों के इस सम्मेलन में वैश्विक मुद्दों, आर्थिक सहयोग और सदस्य देशों के बीच साझेदारी मजबूत करने जैसे विषयों पर चर्चा हो रही है।

advertisement