आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा! बस ट्रक से टकराई, 2 यात्रियों की मौत
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। अयोध्या से आगरा आ रही मिनी बस ट्रक से टकरा गई। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग घायल हुए।

In Short
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराई मिनी बस।
- भीषण हादसे में 2 यात्रियों की मौत, करीब 12 घायल।
उत्तर प्रदेश के आगरा में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अयोध्या से आगरा आ रही एक मिनी बस ट्रैवलर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शनिवार सुबह आगरा जिले के थाना फतेहाबाद क्षेत्र में हुआ। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 37.100 के पास अयोध्या से आगरा जा रही मिनी बस ट्रैवलर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से घुस गई।
बस को धीरज पाटिल चला रहे थे, जो गुजरात के सूरत स्थित लक्ष्मी नारायण सोसायटी, थाना डिडौली के रहने वाले हैं। उनके पिता का नाम सुरेश है। हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे। टक्कर के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में दो यात्रियों की मौत
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। राहत-बचाव कार्य शुरू करते हुए घायल यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दो यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 53 वर्षीय प्रदीप पुत्र किशन और 58 वर्षीय जनक बेन पत्नी कीरत सिंह के रूप में हुई है।
हादसे में घायल हुए करीब एक दर्जन यात्रियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में लगी भीषण आग
इससे पहले शनिवार तड़के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर भी एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से मध्य प्रदेश जा रही एक बस में अचानक आग लग गई।
यह घटना रात करीब 2 बजे मथुरा के राया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 110 के पास हुई। हादसे के समय बस में 40 यात्री सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, बस में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, चालक ने समय रहते सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ और सभी 40 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।

