scorecardresearch

Nvidia विवाद में फंसे ट्रंप के मंत्री! चीन तक प्रतिबंधित AI चिप्स पहुंचने पर मचा बवाल

Nvidia से जुड़ा विवाद अब ट्रंप सरकार तक पहुंच गया है। जेन्सन हुआंग के इस्तीफे के बाद अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक सवालों के घेरे में हैं। चीन तक प्रतिबंधित AI चिप्स पहुंचने और संदिग्ध कंपनी पर कार्रवाई नहीं होने से हड़कंप मचा है। आखिर क्या है पूरा मामला और ट्रंप ने क्या कहा?

Advertisement

In Short

  • Nvidia विवाद में फंसे ट्रंप के मंत्री हॉवर्ड लुटनिक।
  • चीन तक प्रतिबंधित AI चिप्स पहुंचने पर उठे सवाल।
  • जेन्सन हुआंग का इस्तीफा, लुटनिक को ट्रंप का समर्थन।

अमेरिकी चिप बनाने वाली कंपनी एनवीडिया (Nvidia) से जुड़ा विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। कंपनी के सीईओ पद से जेन्सन हुआंग के इस्तीफे के बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक भी सवालों के घेरे में हैं। मामला चीन तक प्रतिबंधित एआई चिप्स पहुंचने और एक संदिग्ध कंपनी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से जुड़ा है।

advertisement

अमेरिकी वित्त मंत्री ने उठाए सवाल

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने वाणिज्य विभाग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड इंटरनेशनल (Megaspeed International) को कई महीने पहले ही अमेरिकी व्यापार प्रतिबंध सूची में डालने की सिफारिश की गई थी।

वित्त मंत्रालय, रक्षा विभाग और विदेश मंत्रालय समेत कई एजेंसियां इसके पक्ष में थीं, लेकिन वाणिज्य विभाग ने कोई फैसला नहीं लिया।

एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, बेसेंट ने व्हाइट हाउस में हुई बैठक के दौरान लुटनिक से इस मामले पर सवाल भी किए थे।

चीन तक कैसे पहुंचीं प्रतिबंधित चिप्स?

अमेरिका ने चीन को एडवांस एआई चिप्स बेचने पर सख्त पाबंदियां लगाई हैं। इसके बावजूद आरोप है कि मेगास्पीड ने दक्षिण-पूर्व एशिया के डेटा सेंटर के नाम पर चिप्स खरीदीं और उन्हें चीन पहुंचाया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने दो साल में 4 अरब डॉलर से ज्यादा की एनवीडिया चिप्स का कारोबार किया।

सीबीएस न्यूज के अनुसार, अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने 2024 में इस मामले की जांच शुरू की थी। बाद में मामला न्याय विभाग को सौंप दिया गया।

Nvidia Scandal

जेन्सन हुआंग के निजी रिश्तों पर भी विवाद

इस मामले में एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेन्सन हुआंग की निजी जिंदगी भी चर्चा में है। उन पर एलिस हुआंग समेत कंपनी की महिला कर्मचारियों के साथ संबंध रखने के आरोप लगे हैं।

जेन्सन हुआंग ने 8 नवंबर को कर्मचारियों को लिखे पत्र में विवाहेतर संबंध स्वीकार किया था। हालांकि, उन्होंने महिला की पहचान नहीं बताई। इसके बाद उन्होंने कंपनी के सीईओ और बोर्ड से इस्तीफा दे दिया।

लुटनिक के खिलाफ बढ़ा राजनीतिक दबाव

रिपोर्ट्स के मुताबिक, लुटनिक की पूर्व कंपनी कैंटर फिट्जगेराल्ड के पास करीब 1.2 अरब डॉलर के एनवीडिया शेयर थे, जब उन्हें वाणिज्य मंत्री पद के लिए नामित किया गया था।

अमेरिकी संसद में डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन दोनों दलों के सांसद इस मामले पर जवाब मांग रहे हैं। सीनेट बैंकिंग कमेटी ने लुटनिक और हुआंग को गवाही देने के लिए कहा है।

advertisement

ट्रंप ने अपने मंत्री का किया बचाव

विवाद बढ़ने के बावजूद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हॉवर्ड लुटनिक पर भरोसा जताया है। व्हाइट हाउस के मुताबिक, ट्रंप को उनकी काम करने की क्षमता पर पूरा विश्वास है।

फिलहाल लुटनिक अपने पद पर बने हुए हैं। हालांकि, मेगास्पीड को प्रतिबंधित सूची में शामिल नहीं करने और चीन तक एआई चिप्स पहुंचने के मामले में जांच जारी है।