
बिना बंटवारे के यूपी में बढ़ सकती हैं विधानसभा सीटें, अमित शाह ने बताया सरकार का पूरा प्लान
परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार के नए प्रस्ताव से उत्तर प्रदेश की राजनीतिक तस्वीर बदल सकती है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विधानसभा सीटों को लेकर बड़ा बयान दिया है। खास बात यह है कि इसके लिए यूपी का बंटवारा भी जरूरी नहीं होगा। जानें पूरा प्लान।

In Short
- यूपी में विधानसभा सीटों की संख्या 403 से बढ़कर 650 तक हो सकती है।
- लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का प्रस्ताव है।
- 2011 की जनगणना के आधार पर चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं तय करने का प्रस्ताव है।
परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार की तैयारियां तेज हो गई हैं। सरकार संसद और राज्य विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए संशोधित बिल लेकर आई है। इन प्रस्तावों को लेकर राजनीतिक दलों के बीच भी हलचल बढ़ गई है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश को होने वाले फायदे गिनाए हैं। आइए जानते हैं कि नए बिल में क्या प्रावधान हैं और इनके लागू होने से क्या बदलाव देखने को मिलेंगे।
बिना बंटवारे के बढ़ेंगी यूपी की सीटें
अमित शाह ने शनिवार को कहा कि केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी प्राप्त 132वें संविधान संशोधन बिल में अनुच्छेद 170(1) में बदलाव का प्रस्ताव है। इसके तहत राज्य विधानसभाओं में सीटों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 की जाएगी। अगर संसद से इस बिल को मंजूरी मिलती है तो उत्तर प्रदेश में विधानसभा सीटों की संख्या 403 से बढ़कर 650 तक हो सकती है। इसके लिए राज्य का बंटवारा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
महिलाओं को मिलेगा ज्यादा प्रतिनिधित्व
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि एक तिहाई आरक्षण से उत्तर प्रदेश की महिलाओं को अब तक का सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व मिलेगा। ज्यादा जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों की जरूरतों को उठा सकेंगे। इससे स्थानीय जरूरतों के हिसाब से योजनाएं बनाने, विकास को गति देने और जनता की भागीदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी। शाह ने यूपी के सभी राजनीतिक दलों से बिल का समर्थन करने की अपील की।
पीएम मोदी और सीएम योगी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एनडीए संसद और विधानसभाओं में महिला आरक्षण लागू करने की सभी बाधाओं को दूर करेगा। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन बिल का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे 2029 के चुनावों से महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का रास्ता साफ होगा।

लोकसभा में भी बढ़ेंगी सीटें
132वें संविधान संशोधन बिल में लोकसभा की अधिकतम सीटें 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। इनमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य होंगे। महिला आरक्षण में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) की महिलाओं को भी शामिल किया जाएगा।
2011 की जनगणना बनेगी आधार
131वें संविधान संशोधन बिल में राज्यों के बीच सीटों का आवंटन 1971 की जनगणना के आधार पर करने का प्रस्ताव है। वहीं, 132वें संशोधन बिल के तहत 2011 की जनगणना के आधार पर चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं दोबारा तय होंगी। महिला आरक्षण को 2026 की जनगणना से अलग रखा जाएगा।
15 साल के लिए मिलेगा महिला आरक्षण
महिला आरक्षण 15 साल यानी तीन कार्यकाल के लिए लागू करने का प्रस्ताव है। आरक्षित सीटों को समय-समय पर बदला जाएगा। संसद की मंजूरी के बाद नया परिसीमन आयोग बनाया जाएगा।
2029 के चुनाव से पहले बदलाव का लक्ष्य
सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले परिसीमन पूरा करना है। इसके बाद 2051 तक राज्यों के बीच सीटों के आवंटन और चुनावी क्षेत्रों में बदलाव पर रोक लगाने का प्रस्ताव है। इस पूरे पैकेज में तीन बिल शामिल हैं, जिनमें दो संविधान संशोधन और एक केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़ा संशोधन बिल है।


