
हर महीने कितनी बार फ्री में निकाल सकते हैं ATM से पैसे? जान लें RBI के ये जरूरी नियम
अगर आप भी अक्सर ATM से पैसे निकालते हैं या अकाउंट का बैलेंस चेक करते हैं तो यह खबर आपके काम की है। बैंकिंग से जुड़े छोटे-छोटे चार्ज आपकी जेब पर सालाना हजारों रुपये का बोझ डाल सकते हैं। जानिए ATM के इस्तेमाल को लेकर क्या हैं RBI के नियम और कैसे बचाएं पैसे।

In Short
- फ्री ATM ट्रांजैक्शन की लिमिट खत्म होने पर GST समेत अधिकतम 27.14 रुपये लग सकता है चार्ज।
- हर महीने 5 अतिरिक्त चार्ज वाले ATM ट्रांजैक्शन पर सालाना 1,628.40 रुपये तक हो सकता है खर्च।
- फेल ATM ट्रांजैक्शन के कुछ निर्धारित मामलों में बैंक नहीं वसूल सकेंगे चार्ज।
कैश निकालने से लेकर बैंक अकाउंट का बैलेंस चेक करने तक के लिए बड़ी संख्या में लोग ATM का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, कई बार ग्राहक इस बात पर ध्यान नहीं देते कि बैंक इन सुविधाओं के लिए उनसे कितना चार्ज वसूल रहे हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 27 नवंबर को ATM और पॉइंट ऑफ सेल (PoS) टर्मिनल से कैश निकालने से जुड़े नियमों को एक साथ जारी किया है। ये निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। इनमें साल 2008 से 2022 के बीच जारी 17 सर्कुलर को शामिल किया गया है। ऐसे में जानना जरूरी है कि ATM के इस्तेमाल पर कितना चार्ज लगता है और इस खर्च को कैसे कम किया जा सकता है।
ATM इस्तेमाल करने पर कितना लगता है चार्ज?
RBI के नियमों के मुताबिक, फ्री ATM ट्रांजैक्शन की लिमिट खत्म होने के बाद बैंक हर ट्रांजैक्शन पर अधिकतम 23 रुपये वसूल सकते हैं। इसमें 18 फीसदी GST जोड़ने पर यह रकम 27.14 रुपये हो जाती है।
सालाना कितना बढ़ सकता है खर्च?
अगर कोई ग्राहक हर महीने फ्री लिमिट के अलावा 5 चार्ज वाले ट्रांजैक्शन करता है तो उसे महीने में 135.70 रुपये और साल में 1,628.40 रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं। वहीं, 10 ऐसे ट्रांजैक्शन करने पर सालाना खर्च 3,256.80 रुपये तक पहुंच सकता है। इसी तरह 15 ट्रांजैक्शन पर 4,885.20 रुपये और 20 ट्रांजैक्शन पर 6,513.60 रुपये सालाना खर्च हो सकते हैं।
महीने में कितनी बार फ्री इस्तेमाल कर सकते हैं ATM?
सेविंग्स अकाउंट होल्डर्स अपने बैंक के ATM पर हर महीने 5 फ्री ट्रांजैक्शन कर सकते हैं। दूसरे बैंकों के ATM पर मेट्रो शहरों में 3 और नॉन-मेट्रो शहरों में 5 फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलती है। दूसरे बैंकों के ATM पर कुल फ्री ट्रांजैक्शन की मासिक लिमिट 5 है।

RBI ने मुंबई, नई दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद को इस सुविधा के लिए मेट्रो शहरों की कैटेगरी में रखा है। कैश निकालने के अलावा बैलेंस चेक करने जैसे ट्रांजैक्शन भी निर्धारित लिमिट में गिने जा सकते हैं। हालांकि, बैंक अपनी तरफ से अतिरिक्त फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा दे सकते हैं।
ग्राहकों को चार्ज की जानकारी देंगे बैंक
RBI ने बैंकों को ऐसी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं, जिससे ग्राहकों को पता चल सके कि वे कितने फ्री ट्रांजैक्शन कर चुके हैं और आगे कितना चार्ज लगेगा। बैंकों को कैश निकालने की लिमिट और चार्ज की जानकारी भी प्रमुखता से दिखानी होगी।
फेल ट्रांजैक्शन पर नहीं लगेगा चार्ज
तकनीकी खराबी, ATM में कैश नहीं होने, गलत पिन या बैंक से जुड़ी कुछ समस्याओं के कारण ट्रांजैक्शन फेल होने पर कोई चार्ज नहीं लगेगा। इन्हें फ्री ट्रांजैक्शन की लिमिट में भी नहीं गिना जाएगा।
कैसे बचा सकते हैं ATM का खर्च?
ग्राहक अपने बैंक के ATM का ज्यादा इस्तेमाल करें और जरूरत के हिसाब से कैश निकालें। बैलेंस और अकाउंट स्टेटमेंट चेक करने के लिए मोबाइल बैंकिंग का इस्तेमाल करें।
इसके अलावा पात्र दुकानों के PoS टर्मिनल से एक बार में 2,000 रुपये और महीने में 10,000 रुपये तक कैश निकाल सकते हैं। इस सुविधा पर चार्ज लगने की स्थिति में यह निकाली गई रकम का अधिकतम 1 फीसदी होगा।


