
कोलंबिया जाने वालों के लिए जरूरी खबर! 1 दिसंबर से बदलेंगे वीजा के नियम, जानें क्या होगा असर
कोलंबिया जाने की तैयारी कर रहे भारतीयों के लिए एक जरूरी अपडेट सामने आया है। दिसंबर से वीजा आवेदन की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। इसका असर नए आवेदकों के साथ पहले से वहां रह रहे विदेशी नागरिकों पर भी पड़ेगा। जानिए क्या हैं नए नियम।

In Short
- कोलंबिया में 1 दिसंबर 2026 से पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट होगा अनिवार्य।
- वीजा रिन्यूअल समेत सभी कैटेगरी पर लागू होगा नया नियम।
- पिछले तीन साल में जिन देशों में रहे हैं वहां से भी लेना होगा सर्टिफिकेट।
अगर आप नौकरी, बिजनेस या लंबे समय तक रहने के लिए कोलंबिया जाने की तैयारी कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया वीजा से जुड़े नियमों में बदलाव करने जा रहा है। इससे विदेशी नागरिकों को वीजा हासिल करने के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा कागजी कार्रवाई करनी पड़ सकती है। ऐसे में जानना जरूरी है कि नए नियम क्या हैं और इनका भारतीय नागरिकों पर क्या असर पड़ेगा।
1 दिसंबर से लागू होगा नया नियम
इमिग्रेशन एडवाइजरी फर्म फ्रैगोमेन (Fragomen) के मुताबिक, 1 दिसंबर 2026 से कोलंबिया का वीजा लेने वाले सभी विदेशी नागरिकों के लिए पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC) जमा करना अनिवार्य होगा। यह नियम बिजनेस, टेक्निकल, माइग्रेंट, मर्कोसुर और एंडियन समेत सभी कैटेगरी के वीजा पर लागू होगा।
किन देशों से लेना होगा सर्टिफिकेट?
नए नियमों के तहत आवेदकों को अपने मूल देश के साथ उन सभी देशों से न्यायिक, क्रिमिनल या पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट लेना होगा, जहां वे पिछले तीन साल के दौरान रहे हैं।
तीन महीने से ज्यादा पुराना नहीं होना चाहिए सर्टिफिकेट
जहां लागू हो, वहां सर्टिफिकेट नेशनल या फेडरल स्तर पर जारी होना चाहिए। यह वीजा आवेदन से पहले के तीन महीने के भीतर जारी किया गया होना चाहिए। इसके अलावा, जरूरत के मुताबिक डॉक्यूमेंट का अपोस्टिल यानी आधिकारिक वेरिफिकेशन या लीगलाइजेशन कराना होगा। इन डॉक्यूमेंट्स का स्पेनिश भाषा में ट्रांसलेशन भी जरूरी होगा।
वीजा रिन्यू कराने वालों पर भी लागू होगा नियम
कोलंबिया में वीजा रिन्यू कराने की प्रक्रिया को नया आवेदन माना जाएगा। ऐसे में पहले से वीजा रखने वाले विदेशी नागरिकों को भी पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट जमा करना होगा। हालांकि, कोलंबिया के विदेश मंत्रालय ने अभी यह साफ नहीं किया है कि देश के अंदर से वीजा रिन्यू कराने वालों को कोई अस्थायी राहत मिलेगी या नहीं।

वीजा एक्सपायर होने पर क्या होगा?
समय पर रिन्यूअल आवेदन नहीं कर पाने वाले विदेशी नागरिक आमतौर पर वीजा एक्सपायर होने के बाद 30 दिनों तक कोलंबिया में रह सकते हैं। इसके अलावा, वे साल्वोकोंडुक्टो नाम के अस्थायी इमिग्रेशन डॉक्यूमेंट के जरिए अतिरिक्त 30 दिनों तक रहने की अनुमति पाने के पात्र हो सकते हैं। हालांकि, वीजा एक्सपायर होने के बाद उन्हें काम करने की अनुमति नहीं होगी।
पहले से आवेदन करने वालों का क्या होगा?
1 दिसंबर से पहले जमा किए गए और अप्रूवल का इंतजार कर रहे आवेदनों पर नया नियम लागू होगा या नहीं, इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। ऐसे आवेदकों को अधिकारियों की ओर से आने वाली सूचनाओं पर नजर रखनी चाहिए और अतिरिक्त डॉक्यूमेंट्स तैयार रखने चाहिए।
भारतीय नागरिकों पर क्या पड़ेगा असर?
नौकरी, बिजनेस या लंबे समय तक कोलंबिया में रहने की योजना बना रहे भारतीयों को अब वीजा की तैयारी पहले से शुरू करनी होगी। कई देशों में रह चुके लोगों को अलग-अलग सर्टिफिकेट जुटाने में ज्यादा समय लग सकता है। वहीं, विदेशी कर्मचारियों की भर्ती करने वाली कंपनियों को भी वीजा आवेदन और रिन्यूअल की तारीखों का ध्यान रखना होगा, ताकि भर्ती और जॉइनिंग में देरी न हो।


