scorecardresearch

Tata की iPhone फैक्ट्री में हादसा! जहरीली गैस की चपेट में आने से 3 मजदूरों की मौत, जांच के आदेश

तमिलनाडु में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की iPhone फैक्ट्री में हुए दर्दनाक हादसे ने कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मेंटेनेंस के दौरान तीन मजदूरों की जान चली गई। आखिर फैक्ट्री के अंदर क्या हुआ और इस घटना का iPhone प्रोडक्शन पर कितना असर पड़ेगा? जानिए पूरा मामला।

Advertisement

In Short

  • तमिलनाडु के होसुर में Tata Electronics की iPhone कंपोनेंट फैक्ट्री में गैस की चपेट में आने से 3 मजदूरों की मौत।
  • नैनो-फिल्ट्रेशन टैंक की जांच के दौरान हुआ हादसा, तमिलनाडु सरकार ने विस्तृत जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया।
  • दिवाली के चलते फैक्ट्री बंद होने से iPhone प्रोडक्शन प्रभावित नहीं, Apple और Tata भी कर सकती हैं जांच।

तमिलनाडु के होसुर में स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की आईफोन कंपोनेंट बनाने वाली फैक्ट्री में बड़ा हादसा हुआ है। फैक्ट्री में मेंटेनेंस का काम कर रहे तीन कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा सोमवार देर रात हुआ। घटना के बाद तमिलनाडु सरकार ने मामले की जांच कराने और रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई करने की बात कही है।

advertisement

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे की जांच टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और एप्पल भी कर सकती हैं।

कैसे हुआ फैक्ट्री में हादसा?

जानकारी के मुताबिक, तीनों कर्मचारी फैक्ट्री के एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट में मेंटेनेंस का काम कर रहे थे। यह प्लांट फैक्ट्री से निकलने वाले गंदे पानी को साफ करने के लिए इस्तेमाल होता है।

जिला अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि कर्मचारी एक बाहरी नैनो-फिल्ट्रेशन टैंक की जांच कर रहे थे। इसी दौरान वे गैस की चपेट में आ गए, जिससे तीनों की मौत हो गई।

इस ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन नाल्को वाटर करती है, जो अमेरिका की कंपनी इकोलैब का हिस्सा है।

तमिलनाडु सरकार ने क्या कहा?

हादसे के बाद तमिलनाडु सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। राज्य की उद्योग मंत्री विरुधई मगाल कीर्तना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि कर्मचारियों की मौत की पूरी जांच की जाएगी और जांच के नतीजों के आधार पर उचित कार्रवाई होगी।

रॉयटर्स के मुताबिक, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, एप्पल और नाल्को वाटर से इस घटना पर प्रतिक्रिया मांगी गई थी, लेकिन कंपनियों की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।

क्या iPhone के प्रोडक्शन पर पड़ेगा असर?

इस हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या आईफोन के प्रोडक्शन पर इसका असर पड़ेगा?

रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल फैक्ट्री में उत्पादन प्रभावित नहीं हुआ है। दो इंडस्ट्री सूत्रों ने बताया कि दिवाली के त्योहार के चलते इस सप्ताह प्लांट पहले से ही बंद था।

advertisement

भारत में आईफोन मैन्युफैक्चरिंग तेजी से बढ़ रही है। देश में होने वाली कुल आईफोन असेंबली में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की हिस्सेदारी करीब 40 फीसदी है, जबकि बाकी उत्पादन फॉक्सकॉन करती है। दुनिया में बनने वाले लगभग 25 फीसदी आईफोन अब भारत में तैयार होते हैं।

Image Credit: ITG

पहले भी विवादों में रह चुका है होसुर प्लांट

टाटा के होसुर प्लांट में पहले भी कई परेशानियां सामने आ चुकी हैं। साल 2024 में यहां आग लगने से प्रोडक्शन रुक गया था।

इस साल की शुरुआत में भूजल प्रदूषण के कथित मामले को लेकर राज्य के अधिकारियों ने प्लांट बंद करने की चेतावनी दी थी। हालांकि, बाद में यह मामला छोड़ दिया गया।

इसके अलावा, इसी परिसर में स्थित एक अन्य आईफोन प्लांट पर रैनसमवेयर साइबर अटैक हुआ था। इसमें एप्पल के उस समय लॉन्च नहीं हुए iPhone 18 Pro से जुड़े दस्तावेज लीक होने की खबर सामने आई थी।

तमिलनाडु में फॉक्सकॉन, हुंडई, विनफास्ट और BMW जैसी बड़ी कंपनियों की फैक्ट्रियां भी हैं। ऐसे में टाटा के प्लांट में हुई इस घटना की जांच पर अब नजर रहेगी।

advertisement