
ट्रंप की हार के बाद रुपये की चमकी किस्मत! डॉलर ₹93.85 पर पहुंचा, जानें आम आदमी को कितना होगा फायदा
अमेरिका में ट्रंप की पार्टी को लगे झटके के बाद भारतीय रुपये ने डॉलर के मुकाबले जबरदस्त वापसी की है। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी से बाजार का माहौल बदल रहा है। लेकिन क्या रुपये की यह मजबूती आगे भी बनी रहेगी? जानिए पूरा गणित।

In Short
- ट्रंप की पार्टी को झटका लगने के बाद डॉलर के मुकाबले रुपया करीब 1.5% मजबूत हुआ।
- विदेशी निवेशकों ने एक हफ्ते में भारतीय शेयर बाजार में 4 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश किया।
- डॉलर के मुकाबले रुपया ₹93.85 पर पहुंचा, अब ₹92.80 तक मजबूत होने की संभावना।
अमेरिका में हुए मिडटर्म चुनाव के बाद भारतीय रुपये की स्थिति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पिछले कई महीनों से डॉलर के मुकाबले कमजोर चल रहा रुपया अब तेजी से मजबूत हो रहा है। इसके पीछे सिर्फ अमेरिकी राजनीति नहीं, बल्कि दुनिया के बाजारों में बदलते हालात भी हैं। आइए जानते हैं कि रुपये में इस तेजी की वजह क्या है और इसका आम लोगों पर कितना असर पड़ेगा।
₹95.26 से ₹93.85 पर आया डॉलर
29 अक्टूबर को एक डॉलर की कीमत ₹95.26 थी, जो 9 नवंबर को घटकर करीब ₹93.85 रह गई। यानी दो हफ्ते से भी कम समय में रुपया करीब 1.5% मजबूत हुआ। इससे पहले रुपये पर लगातार दबाव बना हुआ था और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया को बाजार में दखल देना पड़ रहा था।
ट्रंप की हार से कैसे बदले हालात?
अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को राजनीतिक झटका लगा। नतीजों के बाद ट्रंप ने कथित तौर पर ईरान पर नए सैन्य हमले नहीं करने की बात कही। इससे पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने का डर कम हुआ और ग्लोबल मार्केट को राहत मिली।
कच्चा तेल सस्ता होने से रुपये को फायदा
चुनावी नतीजों से पहले ब्रेंट क्रूड की कीमत 105 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर थी, जो 9 नवंबर को घटकर 96.41 डॉलर रह गई। भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर कच्चा तेल विदेशों से खरीदता है।

तेल सस्ता होने से डॉलर की मांग और इंपोर्ट बिल कम हो सकता है, जिससे रुपये को मजबूती मिलती है।
विदेशी निवेशकों ने भारत में लगाया पैसा
पिछले हफ्ते विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में 4 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश किया। महंगे टेक्नोलॉजी शेयरों वाले दक्षिण कोरिया और ताइवान जैसे बाजारों के मुकाबले भारत में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है।
सरकारी बॉन्ड में भी बढ़ा निवेश
PTI के मुताबिक, 2 से 9 नवंबर के बीच Fully Accessible Route (FAR) के तहत सरकारी बॉन्ड में विदेशी निवेशकों की होल्डिंग करीब ₹7,969 करोड़ बढ़ी। यह ₹3.57 लाख करोड़ से ₹3.65 लाख करोड़ पहुंच गई। इसी दौरान 10 साल के सरकारी बॉन्ड की यील्ड 7.315% से घटकर 7.178% रह गई, जिससे पुराने बॉन्ड की कीमत बढ़ी।
आम लोगों और कंपनियों पर क्या असर?
मजबूत रुपये से विदेश में पढ़ाई, यात्रा और इंपोर्ट होने वाला सामान सस्ता पड़ सकता है। महंगाई कम करने में भी मदद मिल सकती है। हालांकि, डॉलर में कमाई करने वाली IT और एक्सपोर्ट कंपनियों की रुपये में कमाई प्रभावित हो सकती है। RBI को भी करेंसी संभालने में राहत मिलेगी।
आगे ₹92.80 तक पहुंच सकता है रुपया?
करेंसी ट्रेडर्स की नजर अब ₹93.50 के स्तर पर है। विदेशी निवेश जारी रहने और कच्चा तेल सस्ता रहने पर डॉलर का भाव ₹92.80 तक आ सकता है। हालांकि, अमेरिकी महंगाई के आंकड़े, फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों पर फैसले और जियोपॉलिटिकल तनाव रुपये की तेजी पर ब्रेक लगा सकते हैं।

