scorecardresearch

Nvidia का अगला CEO कौन होगा? जेनसन हुआंग ने बताया कौन संभालेगा कंपनी, बेटी पर भी दिया बयान

Nvidia के सीईओ जेनसन हुआंग ने अपने उत्तराधिकारी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि भविष्य में कंपनी की कमान किस तरह के व्यक्ति को मिलनी चाहिए। साथ ही अपनी बेटी के सीईओ बनने की चर्चाओं पर भी जवाब दिया। जानिए हुआंग ने क्या कहा और क्यों बढ़ी हलचल।

Advertisement

In Short

  • Nvidia के अगले सीईओ को लेकर जेनसन हुआंग ने दिया बड़ा संकेत, कंपनी के अंदर से ही उत्तराधिकारी मिलने की उम्मीद।
  • बेटी मैडिसन और बेटे स्पेंसर के सीईओ बनने की संभावनाओं पर हुआंग ने कहा कि दोनों को अपनी काबिलियत साबित करनी होगी।
  • चीनी जासूसी से जुड़े आरोपों की जांच के बीच Nvidia के बोर्ड ने जेनसन हुआंग के नेतृत्व पर जताया भरोसा।

दुनिया की दिग्गज चिप बनाने वाली कंपनी Nvidia के अगले सीईओ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कंपनी के को-फाउंडर और मौजूदा सीईओ जेनसन हुआंग ने पहली बार खुलकर बताया है कि वह अपने बाद कंपनी की कमान किसके हाथों में देखना चाहते हैं। उन्होंने अपनी बेटी के सीईओ बनने की संभावनाओं पर भी जवाब दिया है।

advertisement

जेनसन हुआंग 1993 में Nvidia की स्थापना के बाद से ही कंपनी का नेतृत्व कर रहे हैं। हालांकि, एक चीनी कारोबारी महिला से जुड़े आरोपों और संभावित विदेशी खुफिया ऑपरेशन की जांच के बीच उनके उत्तराधिकारी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Nvidia का अगला CEO कहां से आएगा?

ब्लूमबर्ग की एमिली चांग को दिए इंटरव्यू में जेनसन हुआंग ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि Nvidia का अगला सीईओ पहले से ही कंपनी में काम कर रहा होगा।

उन्होंने कहा कि भविष्य के लिए नए लीडर्स को तैयार करना उनकी जिम्मेदारी का हिस्सा है। हुआंग चाहते हैं कि कंपनी के अंदर ही ऐसे लोगों को आगे बढ़ने का मौका मिले, जो आने वाले समय में Nvidia की कमान संभाल सकें।

हालांकि, उन्होंने किसी व्यक्ति का नाम नहीं बताया और न ही उत्तराधिकारी चुनने की किसी औपचारिक योजना का ऐलान किया।

क्या जेनसन हुआंग की बेटी बनेगी अगली CEO?

इंटरव्यू के दौरान हुआंग से उनकी बेटी मैडिसन के अगले सीईओ बनने की संभावनाओं पर भी सवाल पूछा गया। दरअसल, उनके दोनों बच्चे Nvidia में काम करते हैं।

इस पर हुआंग ने साफ कहा कि वह अपने बच्चों पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी नहीं थोपना चाहते।

उन्होंने कहा, "स्पेंसर और मैडिसन को यह पद अपनी काबिलियत से हासिल करना होगा।"

हुआंग के मुताबिक, किसी बड़ी कंपनी का सीईओ बनना आसान नहीं है। इसके लिए काफी त्याग करना पड़ता है और बड़ी जिम्मेदारियां निभानी होती हैं।

उन्होंने कहा कि सीईओ को अपने परिवार के साथ-साथ कंपनी से जुड़े कई दूसरे परिवारों की भी चिंता करनी पड़ती है।

Nvidia में कैसे तैयार होंगे भविष्य के लीडर्स?

जेनसन हुआंग ने अपनी मैनेजमेंट रणनीति के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि Nvidia में अलग-अलग विभागों के बीच दीवारें कम रखने पर जोर दिया गया है।

इसका मकसद कंपनी को टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्री में तेजी से होने वाले बदलावों के मुताबिक ढालना है। उनका मानना है कि ऐसी व्यवस्था भविष्य के लीडर्स को तैयार करने में मदद करती है।

advertisement

जेनसन हुआंग के खिलाफ जांच का क्या है मामला?

हुआंग का यह बयान ऐसे समय आया है, जब Nvidia के बोर्ड ने एक स्वतंत्र जांच शुरू की है। इसमें पता लगाया जा रहा है कि क्या हुआंग किसी विदेशी खुफिया ऑपरेशन का निशाना बने थे।

यह मामला मेगास्पीड की पूर्व एग्जीक्यूटिव एलिस हुआंग से जुड़ा है, जिन्हें अमेरिकी अधिकारियों ने कथित तौर पर चीनी खुफिया एजेंट बताया है।

जेनसन हुआंग अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार कर चुके हैं और परिवार व सहकर्मियों से माफी भी मांग चुके हैं।

हालांकि, Nvidia के बोर्ड का कहना है कि फिलहाल ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी के कारोबारी राज से समझौता हुआ है। बोर्ड ने हुआंग के नेतृत्व पर भरोसा भी जताया है।