scorecardresearch

Nvidia ने अमेरिकी जांच में दिया दखल? ₹अरबों के AI चिप स्मगलिंग केस में खुलासा, जेनसन हुआंग की बढ़ीं मुश्किलें

एनवीडिया (Nvidia) एक बार फिर बड़े विवाद में फंस गई है। अमेरिकी सरकार की AI चिप स्मगलिंग जांच में कंपनी के बड़े अधिकारी के दखल देने की खबर सामने आई है। वहीं, CEO जेनसन हुआंग के कथित जासूसी विवाद ने मामला और उलझा दिया है। आखिर जांच क्यों रुकी और किस पर उठे सवाल?

Advertisement

In Short

  • अमेरिकी AI चिप स्मगलिंग जांच में Nvidia के जनरल काउंसल टिम टेटर के दखल देने का खुलासा।
  • मेगास्पीड से जुड़े रिकॉर्ड में 50,000 चिप्स की गिनती में गड़बड़ी, अरबों डॉलर के चिप्स पर सवाल।
  • जेनसन हुआंग के अफेयर विवाद के बीच अमेरिकी जांच रुकने और Nvidia की भूमिका पर उठे सवाल।

Nvidia Controversy: दुनिया की दिग्गज AI चिप बनाने वाली कंपनी एनवीडिया एक बार फिर विवादों में है। इस बार मामला अमेरिका की चिप एक्सपोर्ट पाबंदियों, सिंगापुर की एक कंपनी और अमेरिकी सरकारी जांच से जुड़ा है। इसी बीच कंपनी के CEO जेनसन हुआंग की निजी जिंदगी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आइए जानते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है और जांच में कौन-कौन सी बातें सामने आई हैं।

advertisement

अमेरिकी जांच में Nvidia के अधिकारी का दखल

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 की गर्मियों के आखिर में एनवीडिया के जनरल काउंसल टिम टेटर (Tim Teter) ने अमेरिकी कॉमर्स अंडर सेक्रेटरी जेफरी केसलर (Jeffrey Kessler) को फोन किया था। उन्होंने पूछा कि क्या ब्यूरो ऑफ इंडस्ट्री एंड सिक्योरिटी (BIS) सिंगापुर में मेगास्पीड इंटरनेशनल (Megaspeed International) की एग्जीक्यूटिव एलिस हुआंग (Alice Huang) को हिरासत में लिए जाने के मामले में शामिल है। सिंगापुर पुलिस ने एलिस से पूछताछ की थी और उनके देश छोड़ने पर रोक लगाई थी। हालांकि, BIS इस कार्रवाई में शामिल नहीं था।

जांच अधिकारियों पर लगीं असामान्य पाबंदियां

रिपोर्ट के मुताबिक, टेटर के फोन के कुछ हफ्तों बाद BIS अधिकारियों को निर्देश मिले कि एनवीडिया से जुड़ी हर जानकारी या संपर्क के लिए केसलर की मंजूरी ली जाए। बाहरी बातचीत में मेगास्पीड और उसकी मलेशियाई सब्सिडियरी स्पीडमैट्रिक्स (Speedmatrix) का नाम लेने से भी रोका गया। अधिकारियों के मुताबिक, ऐसी पाबंदियां बेहद असामान्य थीं।

टिम टेटर ने सीधे अधिकारियों से किया संपर्क

टेटर ने BIS के एक अधिकारी से मीटिंग करने की कोशिश भी की। अधिकारी के मना करने पर उन्होंने कहा कि केसलर ने उन्हें एजेंसी के कर्मचारियों से बातचीत की अनुमति दी है। बाद में केसलर ने अधिकारियों को नियमों के मुताबिक जांच जारी रखने का निर्देश दिया।

प्रतीकात्मक तस्वीर

अचानक क्यों रुक गई जांच?

2025 के आखिर में अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने BIS से जांच रोकने को कहा। रिपोर्ट के मुताबिक, पर्याप्त सबूत होने के बावजूद जांच आगे नहीं बढ़ी। हालांकि, जांच रुकने के पीछे टेटर का फोन ही वजह था, यह साबित नहीं हुआ है।

787 मिलियन डॉलर के चिप्स का मामला

नवंबर 2025 के मलेशियाई ट्रेड रिकॉर्ड के मुताबिक, मेगास्पीड ने कम से कम 17,544 एनवीडिया GB300 प्रोसेसर इंपोर्ट किए थे, जिनकी कीमत करीब 787 मिलियन डॉलर थी। कंपनी पर अमेरिकी एक्सपोर्ट नियमों का उल्लंघन करके चिप्स दूसरी जगह भेजने का आरोप है।

50,000 चिप्स की गिनती में गड़बड़ी

एनवीडिया ने पहले कहा था कि मेगास्पीड के डेटा सेंटर्स में चिप्स सही जगह मौजूद थे। लेकिन ब्लूमबर्ग के मुताबिक, कंपनी की गिनती में करीब 50,000 चिप्स कम दर्ज हुए थे, जिनकी कीमत अरबों डॉलर थी। बाद में एनवीडिया ने अतिरिक्त वेयरहाउस की जांच करने की बात कही, लेकिन मिले चिप्स की संख्या नहीं बताई।

advertisement

जेनसन हुआंग के अफेयर से बढ़ा विवाद

इस बीच जेनसन हुआंग ने रविवार को एलिस हुआंग के साथ अफेयर होने की बात स्वीकार की। इससे पहले उन्होंने अपने रिश्ते के बारे में गलत जानकारी दी थी। एनवीडिया का बोर्ड मामले की जांच कर रहा है। कंपनी का कहना है कि टिम टेटर को फोन करते समय इस रिश्ते की जानकारी नहीं थी।

आरोपों पर मेगास्पीड ने क्या कहा?

मेगास्पीड ने सभी आरोपों से इनकार किया है। कंपनी का कहना है कि सिंगापुर में जांच बिना किसी प्रतिकूल कार्रवाई के खत्म हो गई थी। अमेरिकी अधिकारियों से संपर्क करने पर भी जवाब नहीं मिला। विवाद के बावजूद मेगास्पीड अब भी एनवीडिया की आधिकारिक क्लाउड पार्टनर बनी हुई है।