
ऑस्ट्रेलिया में 850 नौकरियां खत्म करेगी Qantas! भारत में शिफ्ट होगा काम, जानें किन विभागों पर पड़ेगा असर
ऑस्ट्रेलिया की बड़ी एयरलाइन Qantas ने AI और नई तकनीक को लेकर ऐसा फैसला किया है, जिससे सैकड़ों कर्मचारियों की नौकरी पर संकट खड़ा हो गया है। कंपनी अपने कुछ काम भारत में शिफ्ट करने की तैयारी कर रही है। आखिर किन विभागों पर असर पड़ेगा और कंपनी ने यह कदम क्यों उठाया?

In Short
- Qantas ऑस्ट्रेलिया में 850 नौकरियां खत्म करने और कुछ काम भारत शिफ्ट करने की तैयारी में है।
- AI से जुड़े बदलावों का असर फाइनेंस, HR, प्रोक्योरमेंट और मार्केटिंग विभागों पर पड़ेगा।
- Qantas ने तकनीकी बदलाव के लिए Accenture के साथ कई साल का समझौता किया है।
ऑस्ट्रेलिया की प्रमुख एयरलाइन कंपनी Qantas ने अपने कामकाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। कंपनी ऑस्ट्रेलिया में 850 नौकरियां खत्म करने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही कुछ काम भारत में शिफ्ट किए जाएंगे। कंपनी के इस फैसले से कई विभागों के कर्मचारियों की नौकरी पर खतरा मंडराने लगा है।
भारत में शिफ्ट होगा काम
द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, Qantas ने अपने बैकएंड सिस्टम, प्रक्रियाओं और डेटा को आधुनिक बनाने के लिए प्रोफेशनल सर्विसेज कंपनी Accenture के साथ कई साल का समझौता किया है। इस समझौते के तहत कुछ सेवाओं का काम Accenture की भारत स्थित बड़ी टीम संभालेगी।
Qantas का मकसद AI और नई तकनीक की मदद से अपने कामकाज को बेहतर बनाना है। हालांकि, इस बदलाव का सीधा असर ऑस्ट्रेलिया में काम करने वाले कर्मचारियों पर पड़ेगा।
किन विभागों के कर्मचारियों पर पड़ेगा असर?
शुरुआती दौर में कंपनी के फाइनेंस, प्रोक्योरमेंट, ह्यूमन रिसोर्सेज और मार्केटिंग विभागों में काम करने वाले कर्मचारी प्रभावित होंगे।
Qantas ने कहा है कि अंतिम फैसला लेने से पहले प्रभावित कर्मचारियों और यूनियनों से बातचीत की जाएगी। कंपनी में बदलाव की शुरुआत अगले साल के मध्य तक होने की उम्मीद है। Qantas में फिलहाल करीब 32,000 कर्मचारी काम करते हैं।
कंपनी की CEO ने क्या कहा?
Qantas की सीईओ वैनेसा हडसन ने कहा कि तकनीक में जिस तेजी से बदलाव हो रहा है, वैसा कारोबार की दुनिया में कई पीढ़ियों से नहीं देखा गया।
उन्होंने माना कि यह खबर कुछ कर्मचारियों के लिए मुश्किल होगी। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि इस फैसले का कर्मचारियों के योगदान या उनकी मेहनत से कोई संबंध नहीं है।

कर्मचारी यूनियनों ने जताया विरोध
Qantas के इस फैसले का ऑस्ट्रेलिया की कर्मचारी यूनियनों ने विरोध किया है। ऑस्ट्रेलियन सर्विसेज यूनियन ने कंपनी से जवाब मांगा है।
यूनियन के असिस्टेंट नेशनल सेक्रेटरी स्कॉट कोवेन ने कहा कि AI का असर देशभर के कर्मचारियों पर पड़ रहा है, लेकिन तकनीकी बदलाव की कीमत उन कर्मचारियों को नहीं चुकानी चाहिए जिन्होंने वर्षों तक एयरलाइन को चलाने में योगदान दिया है।
ऑस्ट्रेलिया में हजारों नौकरियों पर संकट
Qantas अकेली कंपनी नहीं है जो कर्मचारियों की संख्या घटाने की तैयारी कर रही है। हाल ही में Canva ने 1,200 से ज्यादा नौकरियों में कटौती या उन्हें दूसरी जगह शिफ्ट करने की योजना बताई थी। वहीं, National Australia Bank ने 2,500 पदों से जुड़े पुनर्गठन का संकेत दिया है।
इन तीनों कंपनियों में कुल मिलाकर करीब 4,550 नौकरियां कटौती, स्थानांतरण या पुनर्गठन के दायरे में आई हैं।
Qantas क्यों कर रही है बदलाव?
Qantas को विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, मिडिल ईस्ट में ठहराव वाली उड़ानें रद्द करने वाले कुछ यात्रियों के Qantas की तरफ आने से कंपनी को फायदा हुआ है।
कंपनी के मुताबिक, यात्रियों की मांग अभी मजबूत बनी हुई है। इसके बावजूद ईंधन की कीमतों को देखते हुए किराए और उड़ानों की क्षमता में बदलाव जारी रहेगा। AI से जुड़ा यह फैसला दिखाता है कि तकनीकी बदलाव का असर अब IT के अलावा दूसरे विभागों की नौकरियों पर भी पड़ रहा है।

