scorecardresearch

कभी रोज 10 अंग्रेजी शब्द सीखते थे Nvidia के CEO जेनसन हुआंग! अब खरबों डॉलर का साम्राज्य, जानें पूरी कहानी

कभी अंग्रेजी का एक वाक्य बोलना भी मुश्किल था, लेकिन आज जेनसन हुआंग दुनिया की सबसे बड़ी AI कंपनियों में शामिल Nvidia के सीईओ हैं। बचपन में कई परेशानियां झेलने वाले हुआंग ने सफलता की मिसाल कायम की। मगर अब एक विवाद ने उनके भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Advertisement

In Short

  • एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग को बचपन में उनकी मां रोज अंग्रेजी के 10 नए शब्द सिखाती थीं।
  • मुश्किल बचपन और कई संघर्षों के बाद जेनसन हुआंग ने Nvidia को दुनिया की दिग्गज AI कंपनियों में शामिल किया।
  • कथित चीनी जासूसी विवाद में अमेरिकी सांसदों ने जेनसन हुआंग से जवाब मांगा है, हालांकि उनके खिलाफ कोई आरोप दर्ज नहीं हुआ है।

दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिल Nvidia के को-फाउंडर और सीईओ जेनसन हुआंग आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की दुनिया का बड़ा नाम हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अमेरिका जाने से पहले उन्हें अंग्रेजी तक नहीं आती थी? बचपन में मुश्किलों और बदमाशी का सामना करने वाले हुआंग ने अपनी मेहनत से एनवीडिया को दुनिया की सबसे मूल्यवान टेक कंपनियों में शामिल कर दिया। हालांकि, अब कथित चीनी जासूसी से जुड़े विवाद के कारण वह सवालों के घेरे में हैं।

advertisement

मां रोज सिखाती थीं अंग्रेजी के 10 शब्द

जेनसन हुआंग का जन्म ताइवान के एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। उनकी मातृभाषा ताइवानी होक्किएन थी। अमेरिका जाने से पहले उन्हें अंग्रेजी की बहुत कम जानकारी थी। उनकी मां लो त्साई-ह्सिउ उन्हें और उनके भाई को रोज अंग्रेजी के 10 नए शब्द सिखाती थीं।

अमेरिका पहुंचने के बाद हुआंग को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। उनके अलग दिखने और अंग्रेजी बोलने के तरीके की वजह से उन्हें अक्सर परेशान किया जाता था। कई बार उनके साथ मारपीट भी हुई। उन्होंने छोटे-मोटे काम किए और धीरे-धीरे सफलता की सीढ़ियां चढ़ते गए।

कैसे खड़ा किया Nvidia का साम्राज्य?

तमाम मुश्किलों के बावजूद हुआंग ने हार नहीं मानी। उन्होंने Nvidia की सह-स्थापना की और कंपनी को AI चिप बनाने वाली दुनिया की प्रमुख कंपनियों में शामिल कर दिया। आज Nvidia की टेक्नोलॉजी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विकास में अहम भूमिका निभा रही है।

कथित चीनी जासूसी मामले में क्यों घिरे?

अमेरिका की तीन संसदीय समितियों के रिपब्लिकन अध्यक्षों ने जेनसन हुआंग से 18 नवंबर को बंद कमरे में जानकारी देने की मांग की है। मामला सिंगापुर की एग्जीक्यूटिव एलिस हुआंग से उनके संबंधों का है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि एलिस ने संवेदनशील जानकारी चीन तक पहुंचाई।

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2024 में ताइपे के एक कार्यक्रम में दोनों साथ दिखाई दिए थे। इसके करीब एक साल बाद एलिस ने कथित तौर पर अपनी कंपनी Megaspeed के जरिए एनवीडिया से लगभग 2 अरब डॉलर के GPU खरीदने की व्यवस्था की थी।

मलेशिया में मिले Nvidia के हार्डवेयर

2024 के आखिर में अमेरिकी अधिकारियों को मलेशिया के एक डेटा सेंटर में Nvidia के पैक किए हुए हार्डवेयर मिले थे। अधिकारियों को शक था कि इन्हें अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों से बचाकर चीनी कंपनियों तक पहुंचाया जा रहा था।

हालांकि, इस मामले में जेनसन हुआंग, एनवीडिया, एलिस हुआंग या Megaspeed के खिलाफ कोई आरोप दर्ज नहीं हुआ है।

Nvidia और चीन ने क्या कहा?

एनवीडिया ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि हुआंग हजारों ग्राहक कंपनियों के अधिकारियों से बातचीत करते हैं। एलिस से उनकी मुलाकात असामान्य नहीं थी। कंपनी के मुताबिक, चिप डायवर्जन के आरोपों की जांच में भी कोई सच्चाई नहीं मिली।

advertisement

चीन ने आरोपों को बेबुनियाद अटकलें बताया है। वहीं, सिंगापुर ने कहा कि उसने एलिस के कथित संबंधों की जांच नहीं की है।

अब आगे क्या होगा?

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पिछले साल इस मामले की जानकारी दी गई थी। अधिकारियों का मानना था कि हुआंग कथित गतिविधियों से अनजान थे।

हुआंग को 11 नवंबर तक संसदीय ब्रीफिंग की तारीख स्वीकार करनी है या दूसरी तारीख सुझानी है। यह अनुरोध स्वैच्छिक है। वहीं, सीनेटर एलिजाबेथ वॉरेन ने भी एनवीडिया से जवाब मांगा है।