scorecardresearch

'रामायण' ने तोड़ा 'पुष्पा 2' की कमाई का रिकॉर्ड! क्या अब 'बाहुबली 2' और 'धुरंधर 2' को भी पछाड़ पाएगी?

रणबीर कपूर और यश की फिल्म 'रामायण' ने बॉक्स ऑफिस पर एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। हालांकि, तीसरे हफ्ते में कमाई के आंकड़े फिल्म के लिए चिंता बढ़ाने वाले हैं। वहीं, आने वाले दिनों में नई फिल्मों की रिलीज भी इसकी राह मुश्किल बना सकती है।

Advertisement

In Short

  • 'रामायण' का वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 1,755.60 करोड़ रुपये पहुंचा
  • फिल्म ने तोड़ा 'पुष्पा 2' के लाइफटाइम कलेक्शन का रिकॉर्ड
  • तीसरे हफ्ते में कमाई की रफ्तार धीमी, नई फिल्मों से मिलेगी चुनौती

रणबीर कपूर और यश की फिल्म 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। रिलीज के 21 दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में 1,750 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। इसके साथ ही फिल्म ने अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की 'पुष्पा 2' के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, तीसरे हफ्ते में फिल्म की रोजाना कमाई में गिरावट देखने को मिल रही है। ऐसे में अब सवाल यह है कि क्या 'रामायण' एसएस राजामौली की 'बाहुबली 2' और रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी?

advertisement

21 दिनों में कितनी हुई कमाई?

फिल्म ट्रेड पोर्टल सैकनिल्क (Sacnilk) के मुताबिक, 'रामायण' ने पहले हफ्ते में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 564.60 करोड़ रुपये और दूसरे हफ्ते में 299.15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था।

वहीं, फिल्म ने रिलीज के 16वें दिन 15.75 करोड़ रुपये, 17वें दिन 27.65 करोड़ रुपये, 18वें दिन 35.60 करोड़ रुपये, 19वें दिन 12.70 करोड़ रुपये और 20वें दिन 17.50 करोड़ रुपये की कमाई की। जबकि 21वें दिन फिल्म की कमाई घटकर 9.60 करोड़ रुपये रह गई।

इसके साथ ही भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 982.55 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 1,173.60 करोड़ रुपये हो गया है।

'पुष्पा 2' से आगे निकली 'रामायण'

विदेशों में भी 'रामायण' ने शानदार कारोबार किया है। फिल्म ने विदेशी बॉक्स ऑफिस पर 582 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसके साथ ही फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,755.60 करोड़ रुपये पहुंच गया है। वहीं, 'पुष्पा 2: द रूल' ने अपने पूरे बॉक्स ऑफिस सफर में दुनियाभर में 1,742.10 करोड़ रुपये कमाए थे।

क्या टूटेगा 'बाहुबली 2' और 'धुरंधर 2' का रिकॉर्ड?

'बाहुबली 2: द कन्क्लूजन' ने दुनियाभर में 1,788.06 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। वहीं, 'धुरंधर 2: द रिवेंज' का लाइफटाइम कलेक्शन 1,813.39 करोड़ रुपये रहा है। हालांकि, तीसरे हफ्ते में 'रामायण' की कमाई की रफ्तार धीमी पड़ने के कारण इन दोनों फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ना आसान नहीं होगा। वहीं, घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म 1,000 करोड़ रुपये के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच चुकी है।

नई फिल्मों से मिलेगी कड़ी टक्कर

आने वाले दिनों में 'रामायण' की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। आयुष्मान खुराना और शरवरी की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' को एडवांस बुकिंग में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म के पहले दिन के 13,134 शोज के लिए 5.24 करोड़ रुपये की टिकटें बिक चुकी हैं। ब्लॉक सीटों को हटाकर यह आंकड़ा 2.67 करोड़ रुपये है।

इसके अलावा 4 दिसंबर को श्रद्धा कपूर की 'ईथा' और सलमान खान की 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' भी सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली हैं। ऐसे में नई फिल्मों की रिलीज के बीच 'रामायण' के लिए अपनी कमाई की रफ्तार बनाए रखना एक बड़ी चुनौती होगी।

advertisement