scorecardresearch

वंदे भारत स्लीपर में अब नहीं मिलेगा सूप और सैंडविच! IRCTC ने बदला खाने का मेन्यू

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए खाने से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। IRCTC ने नाश्ते से लेकर दोपहर और रात के खाने के मेन्यू में कई बदलाव किए हैं। जानिए इसके पीछे क्या है वजह और यात्रियों को अब क्या मिलेगा?

Advertisement

In Short

  • वंदे भारत स्लीपर के खाने के मेन्यू में IRCTC ने की कटौती
  • तीन रूटों पर पायलट प्रोजेक्ट के तहत लागू किया गया नया मेन्यू
  • खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई में सुधार के लिए उठाया गया कदम

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को अब खाने की थाली में पहले के मुकाबले कम चीजें मिलेंगी। भारतीय रेलवे ने खाने की गुणवत्ता, ताजगी और साफ-सफाई में सुधार के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के मेन्यू में बदलाव किया है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने 1 नवंबर से पायलट प्रोजेक्ट के तहत एयरलाइंस की तर्ज पर छोटा मेन्यू पेश किया है। फिलहाल इसे मुंबई-बेंगलुरु, नई दिल्ली-वाराणसी और हावड़ा-कामाख्या रूट पर आजमाया जा रहा है।

advertisement

यात्रियों को अब खाने में क्या मिलेगा?

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पहले यात्रियों को खाने में 8 से 10 चीजें परोसी जाती थीं, जिनकी संख्या घटाकर अब चार कर दी गई है। मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में यात्रियों को नाश्ते में सांभर और चटनी के साथ इडली-वड़ा, पोहा या उपमा का विकल्प मिलेगा।

वहीं, दोपहर और रात के खाने में रोटी, चावल, दाल और एक मुख्य डिश मिलेगी। यात्री चिकन या शाकाहारी डिश में से किसी एक को चुन सकेंगे।

मेन्यू से हटाई गईं ये चीजें

IRCTC ने नाश्ते के पुराने मेन्यू से सूप, ऑमलेट, सैंडविच, छाछ और चॉकलेट को हटा दिया है। इसके अलावा दोपहर और रात के खाने में अब सूखी सब्जी, दही, सलाद, अचार और मिठाई भी नहीं मिलेगी।

क्यों छोटा किया गया खाने का मेन्यू?

लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की ओर से लगातार ठंडा, बासी और खराब गुणवत्ता वाला खाना मिलने की शिकायतें आ रही थीं। अधिकारियों के मुताबिक, पैंट्री कार में सीमित जगह, कम कर्मचारियों और समय की कमी के चलते कई तरह के व्यंजन तैयार करने में परेशानी होती थी।

IRCTC का मानना है कि खाने में चीजों की संख्या कम होने से हर डिश की गुणवत्ता पर बेहतर तरीके से नजर रखी जा सकेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

खाने का वजन भी हुआ कम

पहले यात्रियों को परोसे जाने वाले एक वक्त के खाने का वजन करीब 700 से 750 ग्राम होता था, जो अब घटकर 450 से 500 ग्राम रह गया है। हालांकि, IRCTC ने स्पष्ट किया है कि अलग-अलग डिश की मात्रा में कटौती नहीं की गई है। खाने का वजन मेन्यू से अतिरिक्त चीजें हटाने की वजह से कम हुआ है।

क्लाउड किचन में तैयार हो रहा खाना

IRCTC अब ऐसे क्लाउड किचन से खाना तैयार करवा रहा है, जो एयरलाइंस और होटलों को भी खाना सप्लाई करते हैं। इसके लिए मेफेयर ग्रुप, ताजसैट्स और सरोवर पोर्टिको ग्रुप के साथ साझेदारी की गई है।

शिकायतों में आई 10% की कमी

advertisement

क्लाउड किचन से खाने की सप्लाई शुरू होने के बाद IRCTC के पश्चिमी जोन में शिकायतों में 10 फीसदी की कमी दर्ज की गई है। फिलहाल IRCTC यात्रियों से मिल रही प्रतिक्रिया का आकलन कर रहा है। अगर प्रतिक्रिया सकारात्मक रहती है तो खाने के इस नए मेन्यू को लंबी दूरी की अन्य ट्रेनों में भी लागू किया जा सकता है।