'Jensen, आपकी सीट इंतजार कर रही है'... Nvidia CEO को रेस्टोरेंट का भावुक संदेश, जानें पूरी कहानी
Nvidia के CEO Jensen Huang की सफलता की कहानी एक अमेरिकी रेस्टोरेंट से भी जुड़ी है, जहां वह कभी बर्तन धोने और ग्राहकों को खाना परोसने का काम करते थे। इसी रेस्टोरेंट में Nvidia की शुरुआत को लेकर अहम बातचीत भी हुई थी। अब वहां लगी एक यादगार पट्टिका को हटाने से विवाद खड़ा हो गया। जानिए Denny’s ने Huang को क्या खास संदेश भेजा।

In Short
- Nvidia CEO Jensen Huang को Denny’s रेस्टोरेंट का भावुक संदेश, पुरानी यादें फिर चर्चा में
- Nvidia की शुरुआत से जुड़ी ऐतिहासिक सीट की पट्टिका हटने पर विवाद, बाद में दोबारा लगाई गई
- Jensen Huang कभी इसी रेस्टोरेंट में धोते थे बर्तन, आज भी इसे अपना पहला शिक्षण संस्थान मानते हैं
दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिल Nvidia के CEO Jensen Huang एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह कंपनी का कोई नया प्रोडक्ट या शेयर बाजार नहीं, बल्कि अमेरिका का एक रेस्टोरेंट है। दरअसल, अमेरिकी रेस्टोरेंट चेन Denny’s ने Jensen Huang के लिए एक भावुक संदेश शेयर किया है। यह संदेश उस विवाद के बाद आया है, जिसमें Nvidia की शुरुआत से जुड़ी एक यादगार पट्टिका (Plaque) को रेस्टोरेंट से हटा दिया गया था।
रेस्टोरेंट ने Jensen Huang से क्या कहा?
Denny’s ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर Jensen Huang के लिए लिखा, 'Jensen, आपकी सीट आपका इंतजार कर रही है और कॉफी तैयार है।'
रेस्टोरेंट चेन ने कहा कि हर कहानी की शुरुआत कहीं न कहीं से होती है और उसे गर्व है कि वह Jensen Huang की कहानी का हिस्सा रही है।
दरअसल, अमेरिका के सैन होजे में Berryessa Drive स्थित Denny’s रेस्टोरेंट में ही Huang और उनके सह-संस्थापकों ने Nvidia के विचार पर चर्चा की थी।
आखिर क्यों शुरू हुआ विवाद?
साल 2023 में Denny’s ने रेस्टोरेंट की उस खास सीट के पास एक पट्टिका लगाई थी, जहां Nvidia की शुरुआत से जुड़ी बातचीत हुई थी।
इस पर लिखा था कि इसी सीट से एक लाख करोड़ डॉलर की कंपनी की शुरुआत हुई। Nvidia को बधाई देते हुए यह भी कहा गया था कि किसे पता था कि यहां शुरू हुआ एक विचार दुनिया बदल देगा।
हालांकि, हाल ही में यह पट्टिका अचानक हटा दी गई, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया।
रेस्टोरेंट ने दोबारा लगाई पट्टिका
Denny’s के मुताबिक, उसने 10 नवंबर को Nvidia की कम्युनिकेशन टीम को पत्र लिखकर कहा था कि Jensen उसके इतिहास का हिस्सा हैं और रेस्टोरेंट भी उनकी कहानी का हिस्सा है।
इसके बाद 13 नवंबर को रेस्टोरेंट को पट्टिका हटाए जाने की जानकारी मिली। हालांकि, बाद में इसे दोबारा लगा दिया गया।
पट्टिका किसने हटाई और इसके पीछे क्या वजह थी, इस बारे में कंपनी ने कोई जानकारी नहीं दी।
कभी इसी रेस्टोरेंट में काम करते थे Jensen Huang
Jensen Huang का Denny’s से रिश्ता सिर्फ Nvidia की शुरुआत तक सीमित नहीं है। दुनिया के प्रमुख टेक कारोबारियों में शामिल होने से पहले Huang इसी रेस्टोरेंट में बर्तन धोने और ग्राहकों को खाना परोसने का काम करते थे।
Denny’s के मुताबिक, Huang आज भी अपने शुरुआती दिनों को याद करते हैं और इस रेस्टोरेंट को अपना पहला शिक्षण संस्थान मानते हैं।
रेस्टोरेंट ने अपने संदेश में पर्दे के पीछे काम करने वाले कर्मचारियों का भी सम्मान किया और कहा कि उसके लिए हर कर्मचारी महत्वपूर्ण है।


