
रिलीज से पहले ही 'रामायण' ने की जबरदस्त कमाई, 70 करोड़ के पार एडवांस बुकिंग
रणबीर कपूर और यश की फिल्म 'रामायण: पार्ट वन' रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा में है। फिल्म की एडवांस बुकिंग ने शानदार शुरुआत के संकेत दिए हैं। भारत के साथ विदेशी बाजारों में भी दर्शकों का उत्साह देखने को मिल रहा है। जानिए किस राज्य और भाषा में सबसे ज्यादा बुकिंग हुई है।

In Short
- रणबीर कपूर और यश की 'रामायण: पार्ट वन' ने भारत में 72.91 करोड़ रुपये की ग्रॉस एडवांस बुकिंग दर्ज की है।
- फिल्म के अब तक 18.56 लाख टिकट बिक चुके हैं, जबकि हिंदी वर्जन की एडवांस बुकिंग सबसे ज्यादा है।
- दुनियाभर में ओपनिंग वीकेंड की एडवांस बुकिंग 100 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है। फिल्म 5 नवंबर को रिलीज होगी।
रणबीर कपूर और यश की आने वाली फिल्म 'रामायण: पार्ट वन' रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त चर्चा में है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म की रिलीज में अभी दो दिन बाकी हैं, लेकिन एडवांस बुकिंग के आंकड़े शानदार शुरुआत का संकेत दे रहे हैं। इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk के मुताबिक, फिल्म की भारत में कुल एडवांस बुकिंग 70 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है।
एडवांस बुकिंग में बिके 18.56 लाख टिकट
मंगलवार सुबह 9 बजे तक फिल्म ने भारत में पांच दिनों के उपलब्ध शो के लिए कुल 72.91 करोड़ रुपये की ग्रॉस एडवांस बुकिंग दर्ज की है। इसमें ब्लॉक की गई सीटें भी शामिल हैं। इन्हें हटाने पर एडवांस बुकिंग का आंकड़ा 57.9 करोड़ रुपये है।
फिल्म के अब तक 18.56 लाख टिकट बिक चुके हैं। देशभर में इसके 59,822 शो उपलब्ध हैं, जिनमें 107 हाउसफुल और 26 पूरी तरह बिक चुके शो शामिल हैं।
पहले दिन कितनी होगी कमाई?
फिल्म की सबसे ज्यादा एडवांस बुकिंग ओपनिंग डे यानी गुरुवार, 5 नवंबर के लिए हुई है। पहले दिन के लिए अब तक 32.37 करोड़ रुपये की ग्रॉस बुकिंग दर्ज की गई है। ब्लॉक सीटें हटाने पर यह आंकड़ा 27.18 करोड़ रुपये है।
पहले दिन के लिए 19,924 शो में 8.09 लाख टिकट बिक चुके हैं। वहीं, शुक्रवार 6 नवंबर के लिए 15.15 करोड़ रुपये, शनिवार 7 नवंबर के लिए 16.8 करोड़ रुपये और रविवार 8 नवंबर के लिए 7.87 करोड़ रुपये की ग्रॉस एडवांस बुकिंग हुई है।
ब्लॉक सीटों को हटाने पर इन तीन दिनों के आंकड़े क्रमशः 11.76 करोड़, 13.12 करोड़ और 4.46 करोड़ रुपये हैं।

हिंदी में सबसे ज्यादा बुकिंग, महाराष्ट्र सबसे आगे
भाषाओं के हिसाब से हिंदी में सबसे ज्यादा एडवांस बुकिंग हुई है। हिंदी वर्जन ने 52,739 शो से 57.83 करोड़ रुपये की ग्रॉस बुकिंग दर्ज की है, जो कुल बुकिंग का करीब 82 फीसदी है।
कन्नड़ में 5.87 करोड़ और तेलुगु में 5.27 करोड़ रुपये की बुकिंग हुई है। राज्यों में महाराष्ट्र 14.02 करोड़ रुपये के साथ सबसे आगे है। इसके बाद दिल्ली में 10.21 करोड़, कर्नाटक में 9.89 करोड़, तेलंगाना में 5.37 करोड़ और गुजरात में 5.26 करोड़ रुपये की बुकिंग हुई है।
दुनियाभर में 100 करोड़ के पार एडवांस बुकिंग
Sacnilk के मुताबिक, फिल्म की दुनियाभर में ओपनिंग वीकेंड की एडवांस बुकिंग 100 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है। विदेशी बाजारों से 40 करोड़ रुपये से ज्यादा की बुकिंग हुई है। वहीं, पहले दिन की वर्ल्डवाइड एडवांस बुकिंग 50 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। अब देखना होगा कि एडवांस बुकिंग का यह उत्साह सिनेमाघरों में कितनी बड़ी ओपनिंग में बदलता है।

