
तमिलनाडु के गुड़ ने विदेशों में बनाई पहचान, पीएम मोदी ने 'मन की बात' में किया जिक्र
तमिलनाडु के पारंपरिक गुड़ की मिठास अब विदेशी बाजारों तक पहुंच गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' में इस खास गुड़ का जिक्र किया है। इसकी विदेशों में बढ़ती पहचान से स्थानीय किसानों और कारोबारियों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। जानिए क्या है इसकी खासियत।

In Short
- तमिलनाडु के ऑर्गेनिक पालमायरा गुड़ की पहली खेप बुल्गारिया भेजी गई।
- पीएम मोदी ने 'मन की बात' के 140वें एपिसोड में इस गुड़ का जिक्र किया।
- एक्सपोर्ट से किसानों को घरेलू बाजार के मुकाबले 22 फीसदी तक ज्यादा कीमत मिल रही है।
भारत में बनने वाले कई पारंपरिक खाने-पीने के प्रोडक्ट्स की पहचान अब विदेशी बाजारों में भी बढ़ रही है। शहद और मसालों के बाद अब भारतीय गुड़ भी विदेशों में अपनी जगह बना रहा है। खास बात यह है कि इससे स्थानीय किसानों और छोटे कारोबारियों के लिए कमाई के नए रास्ते खुल रहे हैं। तमिलनाडु से जुड़ी ऐसी ही एक उपलब्धि का जिक्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम में किया।
मन की बात में पीएम मोदी ने किया गुड़ का जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 29 नवंबर को 'मन की बात' के 140वें एपिसोड में तमिलनाडु के ऑर्गेनिक पालमायरा गुड़ पाउडर का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि तमिलनाडु के इरोड का ऑर्गेनिक गुड़ पहली बार यूरोप पहुंचा है। उन्होंने कहा कि यह गुड़ पारंपरिक स्वाद और अच्छी क्वालिटी का मेल है।
बुल्गारिया भेजी गई गुड़ की पहली खेप
भारत ने बुल्गारिया के लिए 1.755 मीट्रिक टन ऑर्गेनिक पालमायरा गुड़ पाउडर की पहली खेप भेजी है। इसे 15 अक्टूबर 2026 को इरोड जिले के गोबिचेट्टीपालयम से रवाना किया गया था। इस खेप को चेन्नई पोर्ट से समुद्री रास्ते के जरिए बुल्गारिया के वर्ना भेजने की व्यवस्था की गई। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तहत आने वाली संस्था APEDA ने इस एक्सपोर्ट में मदद की है।

क्या है पालमायरा गुड़?
पालमायरा गुड़ ताड़ के पेड़ के फूलों से निकलने वाले मीठे रस से बनाया जाता है। तमिलनाडु में इसे स्थानीय भाषा में करुपट्टी कहा जाता है। इसका इस्तेमाल रिफाइंड चीनी के विकल्प के तौर पर किया जाता है। यह लंबे समय से तमिलनाडु की खेती और खानपान की परंपरा का हिस्सा रहा है।
इन कंपनियों ने किया एक्सपोर्ट
इरोड की वेलबीइंग फूड्स ने चेन्नई की चेट्टी एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ मिलकर इस गुड़ का उत्पादन और एक्सपोर्ट किया है। इस प्रोडक्ट को भारत के नेशनल प्रोग्राम फॉर ऑर्गेनिक प्रोडक्शन (NPOP) और यूरोपीय यूनियन के ऑर्गेनिक स्टैंडर्ड्स के तहत सर्टिफिकेशन मिला है।
किसानों को मिल रही 22 फीसदी तक ज्यादा कीमत
इस पहल में 137 एकड़ में होने वाली ऑर्गेनिक खेती को शामिल किया गया है। घरेलू बाजार के मुकाबले किसानों को अपने प्रोडक्ट की करीब 15 से 22 फीसदी ज्यादा कीमत मिल रही है। वहीं, गुड़ बनाने वाली कंपनी को करीब 17 फीसदी ज्यादा कीमत मिलने की उम्मीद है। इससे अन्य किसानों और उत्पादकों को भी ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन लेने और एक्सपोर्ट से जुड़ने का प्रोत्साहन मिल सकता है।
भारतीय चॉकलेट की भी बढ़ रही मांग
पीएम मोदी ने बताया कि पिछले साल भारत से चॉकलेट और कोको से बने प्रोडक्ट्स का एक्सपोर्ट करीब 25 फीसदी बढ़ा है। देश के कई स्टार्टअप स्थानीय सामग्री का इस्तेमाल करके नए फ्लेवर तैयार कर रहे हैं। इससे किसानों, महिलाओं और युवा कारोबारियों के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं।


