scorecardresearch

अंग्रेजों के जमाने का निवेश बना पहेली, 109 साल बाद भी अपने पैसों का इंतजार कर रहा परिवार

पहले विश्व युद्ध के दौरान भोपाल के एक कारोबारी ने इंडियन वॉर लोन में 35 हजार रुपये का निवेश किया था। अब 109 साल बाद भी उनका परिवार इस रकम को वापस पाने की कोशिश कर रहा है। इस बीच ब्रिटेन से आए एक जवाब ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Advertisement

In Short

  • भोपाल के कारोबारी ने 1917 में इंडियन वॉर लोन में 35 हजार रुपये का निवेश किया था।
  • ब्रिटेन के डेट मैनेजमेंट ऑफिस के पास निवेश और उसके भुगतान से जुड़ा कोई रिकॉर्ड नहीं है।
  • परिवार ने रकम वापस मिलने पर भारतीय सैनिकों के कल्याण के लिए पूरी राशि दान करने की बात कही है।

पहले विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटिश शासन में युद्ध का खर्च उठाने के लिए कई तरह की लोन स्कीम शुरू की गई थीं। उस दौर में भारत के लोगों ने भी इनमें पैसा लगाया था। अब भोपाल के एक परिवार का ऐसा ही मामला चर्चा में है। इस मामले में ब्रिटेन की ओर से नया जवाब आया है, जिसके बाद निवेश की रकम वापस मिलने को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

advertisement

1917 में किया था 35 हजार रुपये का निवेश

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, भोपाल के व्यापारी सेठ जुम्मा लाल रुठिया ने 4 जून 1917 को इंडियन वॉर लोन में 35,000 रुपये का निवेश किया था। उनके वंशज विनय रुठिया अब इस रकम को वापस पाने की कोशिश कर रहे हैं। परिवार का दावा है कि उन्हें आज तक न तो निवेश की रकम मिली और न ही उस पर मिलने वाला 5.5 फीसदी सालाना ब्याज।

ब्रिटेन के पास नहीं है निवेश का रिकॉर्ड

ब्रिटेन के डेट मैनेजमेंट ऑफिस (DMO) ने 19 नवंबर को फ्रीडम ऑफ इन्फॉर्मेशन एक्ट के तहत टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए जवाब में कहा कि उसके पास 1917 के इंडियन वॉर लोन से जुड़ा कोई रिकॉर्ड नहीं है। विभाग ने परिवार को भारत में इस लोन को जारी करने वाली संस्था से संपर्क करने की सलाह दी है।

परिवार के पास आज भी है असली सर्टिफिकेट

विनय के मुताबिक, उनके परिवार के पास निवेश का ओरिजिनल सर्टिफिकेट आज भी मौजूद है। यह सर्टिफिकेट सेठ राम किशन जसकरण रुठिया नाम की फर्म से जुड़ा है। इस पर तत्कालीन पॉलिटिकल एजेंट डब्ल्यूएस डेविस के हस्ताक्षर हैं। DMO का कहना है कि उसके सामने मालिकाना हक का सर्टिफिकेट पेश नहीं किया गया है। वहीं, विनय का सवाल है कि ब्रिटिश अधिकारियों ने अब तक इसकी जांच क्यों नहीं की।

प्रतीकात्मक तस्वीर

ब्रिटेन ने 2015 में चुकाया था अपना कर्ज

ब्रिटिश सरकार ने 3 दिसंबर 2014 को ऐलान किया था कि वह 9 मार्च 2015 को 1,938.6 मिलियन पाउंड का बकाया वॉर लोन चुकाएगी। यह लोन 1917 में 5 फीसदी ब्याज दर पर जारी किया गया था, जिसे 1932 में बदलकर 3.5 फीसदी कर दिया गया था। सरकार ने रजिस्टर्ड निवेशकों को मूल रकम के साथ आखिरी ब्याज का भुगतान करने की घोषणा की थी।

दोनों वॉर लोन को लेकर क्या कहना है ब्रिटेन का?

DMO ने 16 अक्टूबर को दिए अपने जवाब में कहा था कि ऐसा कोई सबूत नहीं मिला, जिससे साबित हो कि इंडियन वॉर लोन चुकाने की जिम्मेदारी ब्रिटिश सरकार की थी। दोनों लोन को जारी करने वाली संस्थाएं, करेंसी और प्रशासनिक नियम अलग हो सकते हैं। ऐसे में ब्रिटेन के अपने युद्ध कर्ज के भुगतान से भारतीय निवेश पर उसका दावा साबित नहीं होता।

advertisement

पैसे मिले तो सैनिकों के लिए करेंगे दान

सेठ जुम्मा लाल रुठिया का निधन 1937 में हो गया था। विनय का कहना है कि जब तक निवेश की रकम का पता नहीं चलता, वह अपनी कोशिश जारी रखेंगे। अगर उन्हें पैसे वापस मिलते हैं तो वह पूरी रकम भारतीय सैनिकों के कल्याण के लिए दान कर देंगे। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि निवेश की रकम बकाया है या उसका भुगतान पहले ही किया जा चुका है।