
इंफोसिस के H-1B वीजा अप्रूवल में बढ़ोतरी, जानिए टेक्सास में क्या बदलने वाले हैं नियम
अमेरिका में H-1B वीजा को लेकर जारी सख्ती के बीच भारतीय आईटी कंपनी इंफोसिस को नए कर्मचारियों की भर्ती के लिए मिलने वाले अप्रूवल में बड़ी बढ़ोतरी हुई है। वहीं, टेक्सास में विदेशी कर्मचारियों की भर्ती से जुड़े नियम भी बदल सकते हैं। जानिए इससे किन लोगों को फायदा होगा।

In Short
- वित्त वर्ष 2026 में इंफोसिस के नए H-1B वीजा अप्रूवल करीब आठ गुना बढ़कर 2,088 हो गए।
- टेक्सास की नवनिर्वाचित गवर्नर विदेशी कर्मचारियों की भर्ती पर लगे प्रतिबंध हटाने की तैयारी में हैं।
- इंफोसिस के अलावा KPMG, टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स और अमेरिकन एयरलाइंस के H-1B अप्रूवल में भी बढ़ोतरी हुई है।
अमेरिका में विदेशी कर्मचारियों की भर्ती को लेकर चल रही बहस के बीच भारतीय आईटी कंपनियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। एक तरफ कई कंपनियों को H-1B वीजा के तहत नए कर्मचारियों की भर्ती के लिए ज्यादा मंजूरी मिली है, तो दूसरी तरफ टेक्सास में विदेशी कर्मचारियों की भर्ती से जुड़े नियमों में बदलाव की तैयारी है। ऐसे में जानते हैं कि किन कंपनियों को फायदा मिला और नियमों में क्या बदलाव हो सकता है।
इंफोसिस को मिले करीब 8 गुना ज्यादा अप्रूवल
द डलास एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026 में इंफोसिस को नए रोजगार के लिए 2,088 H-1B वीजा पिटीशन पर मंजूरी मिली है, जबकि वित्त वर्ष 2025 में यह संख्या 257 थी। यानी एक साल में करीब आठ गुना बढ़ोतरी हुई है। अमेरिकी नागरिकता और इमिग्रेशन सर्विसेज (USCIS) के रिकॉर्ड में इंफोसिस का पेटिशनर शहर रिचर्डसन, टेक्सास है।
इन कंपनियों को भी मिले ज्यादा अप्रूवल
वित्त वर्ष 2026 में KPMG के नए H-1B अप्रूवल 75 से बढ़कर 234 हो गए। वहीं, टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स के अप्रूवल 50 से बढ़कर 125 और अमेरिकन एयरलाइंस के 60 से बढ़कर 69 हो गए।
इन संस्थानों में आई गिरावट
यूटी साउथवेस्टर्न मेडिकल सेंटर के नए अप्रूवल 124 से घटकर 102 रह गए। वहीं, डलास इंडिपेंडेंट स्कूल डिस्ट्रिक्ट के अप्रूवल 73 से घटकर 39 रह गए। हालांकि, मौजूदा रोजगार जारी रखने से जुड़े अप्रूवल 155 से बढ़कर 210 हो गए। USCIS दोनों तरह के अप्रूवल का रिकॉर्ड अलग-अलग रखता है।

टेक्सास में क्या हैं मौजूदा नियम?
टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने 27 जनवरी 2026 को कुछ सरकारी एजेंसियों और सरकारी उच्च शिक्षा संस्थानों में नई H-1B पिटीशन दाखिल करने से पहले टेक्सास वर्कफोर्स कमीशन की लिखित मंजूरी लेना जरूरी किया था। इसका मकसद स्थानीय योग्य उम्मीदवारों को सरकारी नौकरियों में प्राथमिकता देना था। कुछ अपवादों के साथ ये प्रतिबंध 31 मई 2027 तक लागू रहने हैं।
नियम बदलने की तैयारी
टेक्सास की नवनिर्वाचित गवर्नर जीना हिनोजोसा 19 जनवरी 2027 को पद संभालने के बाद इस आदेश को वापस लेना चाहती हैं। उन्होंने 18 नवंबर को एक इंटरव्यू में कर्मचारियों की कमी का हवाला देते हुए ऐसे प्रतिबंधों का विरोध किया था। हालांकि, नए नियमों का खुलासा अभी नहीं हुआ है। मौजूदा प्रतिबंध इंफोसिस जैसी प्राइवेट कंपनियों पर सीधे लागू नहीं होते हैं।
क्या अमेरिकी कर्मचारियों की जा रही हैं नौकरियां?
टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स ने 2025 में डलास में 163 और शर्मन में 19 पदों पर संभावित छंटनी का नोटिस दिया था। हालांकि, आंकड़ों से यह साबित नहीं होता कि H-1B अप्रूवल की वजह से अमेरिकी कर्मचारियों की नौकरियां गई हैं। इसके अलावा, सभी मंजूर पिटीशन वाले कर्मचारी नॉर्थ टेक्सास में ही काम करेंगे, इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है।


