scorecardresearch

लग्जरी कार खरीदने वालों के बीच बढ़ा दमन का क्रेज, रजिस्ट्रेशन पर बच रहे लाखों रुपये

लग्जरी कार खरीदने वाले अमीरों के बीच रजिस्ट्रेशन को लेकर एक नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है। रोड टैक्स की अलग-अलग दरों के चलते खरीदार लाखों रुपये की बचत के लिए दमन का रुख कर रहे हैं। हालांकि, इस तरीके को लेकर अब कई कानूनी सवाल भी उठ रहे हैं।

Advertisement

In Short

  • दमन में लग्जरी कार के रजिस्ट्रेशन पर 20 लाख रुपये से ज्यादा की बचत संभव।
  • कार रजिस्ट्रेशन कराने वाले एजेंटों की प्रति कार 2 से 3 लाख रुपये तक कमाई।
  • फर्जी पते और दस्तावेजों का इस्तेमाल करने पर हो सकती है कानूनी कार्रवाई।

भारत में लग्जरी कार खरीदने वालों के लिए अब सिर्फ कार की कीमत, ब्रांड और मॉडल ही मायने नहीं रखते, बल्कि यह भी अहम हो गया है कि कार का रजिस्ट्रेशन कहां कराया जाए। अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में रोड टैक्स की दरों में बड़ा अंतर है। ऐसे में कार खरीदारों के बीच एक नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है, जिससे बचत के साथ कानूनी नियमों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

advertisement

रजिस्ट्रेशन पर 20 लाख रुपये तक की बचत

इकोनॉमिक टाइम्स (ET) की रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र जैसे ज्यादा रोड टैक्स वाले राज्यों के लग्जरी कार खरीदार दमन का रुख कर रहे हैं। मुंबई में विदेश से पूरी तरह बनकर आने वाली 2 करोड़ रुपये की पेट्रोल कार (CBU) के रजिस्ट्रेशन पर 26,02,600 रुपये खर्च होते हैं, जबकि दमन में यह खर्च करीब 11 लाख रुपये है। यानी 15,02,600 रुपये या 57.7 फीसदी की बचत हो सकती है।

वहीं, एक करोड़ रुपये की CBU कार का रजिस्ट्रेशन मुंबई में 20,02,600 रुपये और दमन में 5,74,029 रुपये में होता है। इसमें 71.3 फीसदी की बचत हो सकती है।

भारत में असेंबल होने वाली कारों पर ज्यादा बचत

विदेश से अलग-अलग पार्ट्स में आने वाली और भारत में असेंबल होने वाली 2 करोड़ रुपये की कार (CKD) का रजिस्ट्रेशन मुंबई में 26,02,600 रुपये और दमन में 5,74,029 रुपये में होता है। यानी 20,28,571 रुपये की बचत हो सकती है। वहीं, एक करोड़ रुपये की CKD कार के रजिस्ट्रेशन का खर्च मुंबई में 13,02,600 रुपये और दमन में 2,88,314 रुपये है। दोनों मामलों में करीब 78 फीसदी की बचत हो सकती है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

एजेंटों की भी हो रही मोटी कमाई

रोड टैक्स में अंतर से एजेंटों का कारोबार भी बढ़ रहा है। इंडस्ट्री के अनुमान के मुताबिक, एजेंट हर कार के रजिस्ट्रेशन से 2 से 3 लाख रुपये तक कमा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, दमन में छोटे मकानों और दुकानों के पते वाले रेंट एग्रीमेंट का इस्तेमाल सैकड़ों लग्जरी कारों के रजिस्ट्रेशन में किए जाने की बात सामने आई है।

क्या दूसरे राज्य में रजिस्ट्रेशन कराना कानूनी है?

एक राज्य में कार खरीदकर दूसरे राज्य में रजिस्ट्रेशन कराना गैरकानूनी नहीं है। हालांकि, इसके लिए रहने के पते और दस्तावेजों से जुड़े नियमों का पालन जरूरी है। फर्जी पते या रेंट एग्रीमेंट का इस्तेमाल करने पर कानूनी कार्रवाई और आर्थिक नुकसान हो सकता है। इससे पहले पुडुचेरी में भी केरल समेत पड़ोसी राज्यों के लग्जरी कार खरीदारों के कथित फर्जी पतों की जांच के बाद सख्ती बढ़ाई गई थी।

रोड टैक्स की दरों में बदलाव की मांग

फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) के महाराष्ट्र चैप्टर के चेयरपर्सन सचिन महाजन का कहना है कि रोड टैक्स की दरों में बड़े अंतर को कम करने और पते से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर बातचीत होनी चाहिए। हालांकि, महाराष्ट्र सरकार के अधिकारी टैक्स घटाने के बजाय नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के पक्ष में हैं।

advertisement