अमेरिका, जापान या ऑस्ट्रेलिया जा रहे हैं? 1 जुलाई से बदल गए वीजा और ट्रैवल के ये नियम - जानिए पूरी डिटेल
विदेश जाने का प्लान बना रहे हैं तो 1 जुलाई से लागू हुए नए नियम आपकी जेब और तैयारी दोनों पर असर डाल सकते हैं। अमेरिका, जापान, वियतनाम और ऑस्ट्रेलिया ने वीजा, इंटरव्यू, हेल्थ फॉर्म और वर्क परमिट से जुड़े नियम बदल दिए हैं। जानें क्या-क्या नियम बदले है।

In Short
- 1 जुलाई से अमेरिका जापान वियतनाम और ऑस्ट्रेलिया के यात्रा नियम बदल गए हैं।
- अमेरिका और जापान जाने वालों का वीजा खर्च अब ज्यादा हो सकता है।
- वियतनाम में हेल्थ फॉर्म जरूरी हुआ और ऑस्ट्रेलिया में वर्क वीजा की सैलरी सीमा बढ़ी।
New Visa Rules for Indians: अगर आप अमेरिका, जापान, वियतनाम या ऑस्ट्रेलिया जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो 1 जुलाई से लागू हुए नए नियमों पर ध्यान देना जरूरी है। इन बदलावों का असर वीजा इंटरव्यू, वीजा फीस, हेल्थ फॉर्म और काम के लिए जरूरी सैलरी नियमों तक पड़ेगा। जानें किस देश में क्या-क्या नियम लागू हुए हैं।
वियतनाम में हेल्थ फॉर्म जरूरी
वियतनाम ने 1 जुलाई से नया हेल्थ डिक्लेरेशन नियम लागू किया है। अब देश में प्रवेश करने, बाहर जाने या ट्रांजिट करने वाले सभी यात्रियों को हेल्थ फॉर्म भरना होगा। यह फॉर्म बॉर्डर क्रॉसिंग से सात दिन के अंदर भरना होगा। यह नियम पर्यटकों, बिजनेस यात्रियों, छात्रों, वहां रहने वाले विदेशी नागरिकों और ट्रांजिट यात्रियों पर भी लागू होगा।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: जुलाई से बिना टिकट ट्रेन में सफर करने वालों की खैर नहीं! जानिए रेलवे का नया नियम
वियतनाम सरकार ने यह फॉर्म वियतनामी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जारी किया है। यात्रियों को सफर से पहले अपनी एयरलाइन या वियतनाम की अथॉरिटी से पता कर लेना चाहिए कि यह फॉर्म कहां और कैसे जमा करना है।
अमेरिका में जल्दी इंटरव्यू के लिए ज्यादा फीस
अमेरिका जाने वालों के लिए वीजा इंटरव्यू से जुड़ा नया नियम आया है। B-1 और B-2 वीजा के कुछ आवेदक अब जल्दी इंटरव्यू स्लॉट ले सकेंगे। इसके लिए उन्हें सामान्य 185 डॉलर फीस के अलावा 750 डॉलर अतिरिक्त देने होंगे। यह सुविधा चुनिंदा एम्बेसी और कांसुलेट में मिलेगी और इंटरव्यू स्लॉट 10 बिजनेस डे के अंदर मिल सकता है।
लेकिन ध्यान देने वाली बात यह है कि जल्दी इंटरव्यू मिलने से वीजा मिलने की गारंटी नहीं होगी। आवेदक को पूरी जांच और सामान्य प्रक्रिया से गुजरना होगा। अगर कोई व्यक्ति प्रीमियम स्लॉट कैंसल करता है या इंटरव्यू में नहीं जाता है, तो 750 डॉलर वापस नहीं मिलेंगे। यह पायलट प्रोग्राम 31 दिसंबर तक चलेगा।
जापान वीजा फीस हुई महंगी
जापान जाने वालों के लिए वीजा अब महंगा हो गया है। 1 जुलाई से सिंगल एंट्री वीजा की फीस करीब 15,000 येन हो गई है। पहले यह फीस 3,000 येन थी। वहीं मल्टीपल एंट्री वीजा की फीस भी 6,000 येन से बढ़कर करीब 30,000 येन हो गई है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी? ₹19,390 करोड़ के Namo Bharat कॉरिडोर का प्रस्ताव
इस बदलाव का असर भारतीय टूरिस्ट और बिजनेस यात्रियों पर पड़ेगा, क्योंकि भारतीय पासपोर्ट रखने वालों को आमतौर पर जापान जाने के लिए वीजा लेना पड़ता है।
ऑस्ट्रेलिया में वर्क वीजा के लिए सैलरी नियम बदले
ऑस्ट्रेलिया ने काम के लिए आने वाले skilled workers से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। अब कुछ sponsored work visa के लिए कंपनी को कर्मचारी को पहले से ज्यादा सैलरी देनी होगी।
Core Skills Income Threshold को AUD 76,515 से बढ़ाकर AUD 79,499 कर दिया गया है। वहीं Specialist Skills Income Threshold को AUD 141,210 से बढ़ाकर AUD 146,717 कर दिया गया है।
1 जुलाई से जो भी नए नॉमिनेशन दाखिल होंगे, उन पर ये नई सैलरी लिमिट लागू होगी। यानी अब ऑस्ट्रेलिया में काम के लिए वीजा पाने के लिए सैलरी से जुड़े नियम पहले से ज्यादा सख्त हो गए हैं।
आवेदन से पहले तारीख जरूर देखें
आवेदन करने से पहले तारीख जरूर चेक करें। इन चारों देशों के नए नियम आम तौर पर 1 जुलाई या उसके बाद जमा किए गए आवेदन पर लागू होंगे। इसलिए फॉर्म भरने या नॉमिनेशन भेजने से पहले फाइलिंग डेट ध्यान से देख लें।
एक दिन का फर्क भी आपके खर्च और योग्यता पर असर डाल सकता है। इसलिए आवेदन से पहले नए नियमों की पूरी जानकारी जरूर लें।

