Apple Pay की भारत में एंट्री की तैयारी, अक्टूबर में हो सकता है लॉन्च, जानिए कैसे करेगा काम
Apple Pay जल्द ही भारत में लॉन्च हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में इसकी शुरुआत Axis Bank के क्रेडिट कार्ड से हो सकती है। Apple की HDFC Bank और ICICI Bank से भी बातचीत चल रही है। जानिए भारत में UPI के दबदबे के बीच Apple Pay कैसे काम करेगा।

In Short
- Apple Pay अक्टूबर 2026 में भारत में लॉन्च हो सकता है, शुरुआत में Axis Bank के क्रेडिट कार्ड से मिलेगी सुविधा।
- Apple की HDFC Bank और ICICI Bank के साथ भी बातचीत जारी है, लेकिन अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
- भारत में Apple Pay की एंट्री ऐसे समय में होगी, जब डिजिटल पेमेंट में UPI का दबदबा है।
Apple अपनी डिजिटल पेमेंट सर्विस Apple Pay को भारत में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। अमेरिका में इस सर्विस की शुरुआत के करीब 12 साल बाद कंपनी भारतीय बाजार में कदम रखने जा रही है। Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक, Apple Pay को अक्टूबर 2026 में भारत में लॉन्च किया जा सकता है। शुरुआत में यह सुविधा Axis Bank के क्रेडिट कार्ड के साथ मिल सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी लॉन्च की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
इन तीन बैंकों के साथ चल रही बातचीत
रिपोर्ट के मुताबिक, Apple Pay की शुरुआत Axis Bank के क्रेडिट कार्ड से हो सकती है। इसके अलावा Apple की HDFC Bank और ICICI Bank के साथ भी बातचीत चल रही है। हालांकि, इन दोनों बैंकों के साथ कारोबारी शर्तों पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
Apple और तीनों बैंकों ने Reuters को भारत में Apple Pay लॉन्च करने की योजना की पुष्टि नहीं की है। Axis Bank भारत में क्रेडिट कार्ड जारी करने वाला चौथा सबसे बड़ा बैंक है।
दुनिया के 89 बाजारों में मौजूद है Apple Pay
Apple ने अक्टूबर 2014 में अमेरिका में Apple Pay की शुरुआत की थी। शुरुआत में इस सर्विस के जरिए लोग अपने iPhone और Apple Watch से बिना कार्ड स्वाइप किए पेमेंट कर सकते थे।
इसके बाद कंपनी ने यूरोप, एशिया-पैसिफिक और मिडिल ईस्ट के कई बड़े बाजारों में इस सर्विस का विस्तार किया।
Apple के मुताबिक, जनवरी 2026 तक Apple Pay दुनिया के 89 बाजारों में उपलब्ध था। इसे 11,000 से ज्यादा बैंकों और नेटवर्क पार्टनर्स के साथ-साथ 20 से ज्यादा लोकल पेमेंट नेटवर्क का सपोर्ट मिला हुआ था।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: iPhone Duo की बिक्री 18 सितंबर को नहीं होगी शुरू, जानिए कब खरीद सकेंगे Apple का पहला फोल्डेबल फोन
कंपनी के मुताबिक, 2025 में Apple Pay से दुनियाभर के व्यापारियों की अतिरिक्त बिक्री 100 अरब डॉलर से ज्यादा रही। साथ ही इस सर्विस से एक अरब डॉलर से ज्यादा की धोखाधड़ी रोकने में मदद मिली।
अमेरिका में कितने लोग करते हैं इस्तेमाल?
अमेरिका में Apple Pay का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर होता है। Consumer Financial Protection Bureau के एक विश्लेषण के मुताबिक, अमेरिका में करीब हर चार में से तीन iPhone यूजर्स ने Apple Pay एक्टिवेट किया था।
अप्रैल 2023 में करीब 5.58 करोड़ अमेरिकी ग्राहकों ने दुकानों पर पेमेंट के लिए इसका इस्तेमाल किया। वहीं, 2022 में Apple Pay से दुकानों पर करीब 199 अरब डॉलर का पेमेंट हुआ था, जबकि 2021 में यह आंकड़ा 91.7 अरब डॉलर था।
भारत में UPI से मिलेगी चुनौती
भारत में Apple Pay की एंट्री ऐसे समय में होने जा रही है, जब डिजिटल पेमेंट के मामले में UPI का दबदबा है।
अगस्त 2026 में UPI से 24.5 अरब ट्रांजैक्शन हुए, जिनकी कुल वैल्यू ₹29.82 लाख करोड़ रही। भारत के कुल डिजिटल पेमेंट वॉल्यूम में UPI की हिस्सेदारी 84% थी।
भारत में 55 करोड़ से ज्यादा लोग UPI इस्तेमाल कर रहे थे। वहीं, अगस्त में UPI ट्रांजैक्शन की कुल वैल्यू में PhonePe और Google Pay की संयुक्त हिस्सेदारी करीब 80% रही।
ऐसे में Apple की शुरुआती रणनीति सीधे UPI से मुकाबला करने के बजाय क्रेडिट कार्ड पेमेंट पर ध्यान देने की दिखाई देती है। भारत में लॉन्च होने के बाद iPhone और Apple Watch यूजर्स को Apple Pay के जरिए टैप करके पेमेंट करने की सुविधा मिल सकती है।

