
एक साथ कई लोन की EMI भर रहे हैं? कर्ज से बाहर निकलने के लिए अपनाएं ये टिप्स
घर, कार या बच्चों की पढ़ाई के लिए लिया गया लोन कई बार बड़ा बोझ बन जाता है। खासकर जब एक साथ कई EMI भरनी पड़ें, तो घर का बजट बिगड़ सकता है। ऐसे में कौन सा लोन पहले चुकाएं और खर्चों को कैसे संभालें? जानिए कर्ज घटाने के 5 आसान तरीके।

In Short
- कर्ज का बोझ कम करने के लिए सबसे पहले सभी लोन की लिस्ट बनाएं और ज्यादा ब्याज वाला लोन चुकाएं।
- महंगे लोन को कम ब्याज वाले लोन में बदलने और गैरजरूरी खर्च घटाने से EMI का बोझ कम हो सकता है।
- अपनी कमाई बढ़ाकर और बचत के पैसों से लोन जल्दी चुकाकर कर्ज के जाल से बाहर निकल सकते हैं।
Debt Management Tips: आज के समय में घर खरीदना हो, कार लेनी हो या बच्चों की पढ़ाई और शादी का खर्च उठाना हो, कई बार लोन लेना पड़ जाता है। लेकिन जब एक साथ कई लोन की EMI भरनी पड़ती है, तो घर का बजट बिगड़ने लगता है। कई बार अच्छी फाइनेंशियल प्लानिंग के बावजूद लोग कर्ज के जाल में फंस जाते हैं। अगर आप भी ऐसी परेशानी का सामना कर रहे हैं, तो कुछ आसान तरीके अपनाकर अपने कर्ज का बोझ कम कर सकते हैं।
जरूरत के हिसाब से ही लें लोन
लोन लेते समय अपनी कमाई और खर्चों का हिसाब जरूर लगाएं। कोशिश करें कि आपकी सभी EMI और क्रेडिट कार्ड का बिल कुल कमाई के 40-50 फीसदी से ज्यादा न हो। अगर पहले से लोन चल रहा है, तो नया कर्ज लेने से बचें। पहले पुराने लोन को चुकाने पर ध्यान दें।
सभी लोन की लिस्ट बनाएं
कर्ज कम करने के लिए सबसे पहले अपने सभी लोन की एक लिस्ट तैयार करें। इसमें हर लोन की बाकी रकम, EMI, ब्याज दर और उसे चुकाने की अवधि लिखें। इससे आपको पता चलेगा कि कौन सा लोन सबसे महंगा है और किसे पहले चुकाना जरूरी है।
ज्यादा ब्याज वाले लोन को पहले चुकाएं
सभी लोन की जानकारी मिलने के बाद सबसे ज्यादा ब्याज वाले कर्ज को पहले चुकाने पर ध्यान दें। होम लोन पर करीब 6.6-9 फीसदी और पर्सनल लोन पर 10-16 फीसदी ब्याज लग सकता है। वहीं, क्रेडिट कार्ड का कर्ज काफी महंगा होता है। ऐसे में ज्यादा ब्याज वाले लोन को पहले चुकाने से ब्याज का बोझ कम करने में मदद मिल सकती है।

महंगे लोन को कम ब्याज वाले लोन में बदलें
अगर आपके ऊपर ज्यादा ब्याज वाला कर्ज है, तो उसे कम ब्याज वाले लोन में बदलने पर विचार कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, क्रेडिट कार्ड के बकाये को पर्सनल लोन में बदल सकते हैं। इसके अलावा गोल्ड लोन या कम ब्याज वाले दूसरे लोन की मदद से भी महंगा कर्ज चुका सकते हैं। इससे EMI और ब्याज का बोझ कम करने में मदद मिल सकती है।
गैरजरूरी खर्च घटाएं और लोन जल्दी चुकाएं
अगर आपके पास कोई ऐसी संपत्ति है, जिसे बेचकर पैसा जुटाया जा सकता है, तो उस रकम से कर्ज चुकाने पर विचार करें। इसके अलावा अपने महीने के बजट से गैरजरूरी खर्चों को हटाएं। बची हुई रकम का इस्तेमाल लोन के प्री-पेमेंट यानी समय से पहले कर्ज चुकाने के लिए कर सकते हैं। इससे आपका कुल कर्ज कम हो सकता है।
अपनी कमाई बढ़ाकर कर्ज का बोझ कम करें
अगर लंबे समय से आपकी सैलरी नहीं बढ़ी है, तो बेहतर सैलरी वाली नौकरी तलाशने पर विचार कर सकते हैं। इसके अलावा पार्ट टाइम बिजनेस शुरू करके भी अतिरिक्त कमाई की जा सकती है। इस अतिरिक्त पैसे का इस्तेमाल लोन चुकाने के लिए करें। इस तरह अपनी कमाई बढ़ाकर और खर्चों पर नियंत्रण रखकर आप धीरे-धीरे कर्ज का बोझ कम कर सकते हैं।

