
टाटा ने लॉन्च की Sierra की नई लीजेंड सीरीज, 5 वेरिएंट्स में 18 मॉडल, जानिए कीमत और फीचर्स
टाटा मोटर्स ने अपनी पॉपुलर SUV सिएरा की नई लेजेंड सीरीज लॉन्च कर दी है। इसकी शुरुआती कीमत ₹11.99 लाख है। कंपनी ने 5 वेरिएंट्स पर आधारित कुल 18 मॉडल पेश किए हैं। इनमें कई प्रीमियम फीचर्स मिलेंगे, जो पहले महंगे वेरिएंट्स में आते थे। जानिए कीमत और खास फीचर्स।

In Short
- टाटा मोटर्स ने Sierra Legend सीरीज लॉन्च की, ₹11.99 लाख से शुरू कीमत, 5 वेरिएंट्स में कुल 18 मॉडल पेश किए।
- नई लेजेंड सीरीज में वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और पावर्ड ड्राइवर सीट जैसे प्रीमियम फीचर्स मिलेंगे।
- स्टैंडर्ड वेरिएंट्स से ₹50,000 से ₹70,000 ज्यादा कीमत, कार के इंजन और पावरट्रेन में कोई बदलाव नहीं।
टाटा मोटर्स ने अपनी पॉपुलर SUV सिएरा का नया अवतार लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे Tata Sierra Legend नाम दिया है। इस सीरीज में कुल 18 मॉडल पेश किए गए हैं, जो 5 अलग-अलग वेरिएंट्स पर आधारित हैं। नई लेजेंड सीरीज में कंपनी ने ऐसे प्रीमियम फीचर्स दिए हैं, जो पहले सिएरा के महंगे वेरिएंट्स में मिलते थे। हालांकि, कार के इंजन और दूसरे जरूरी उपकरणों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
Tata Sierra Legend की कितनी है कीमत?
टाटा सिएरा लेजेंड सीरीज की शुरुआती कीमत ₹11.99 लाख एक्स शोरूम रखी गई है। वहीं, इसके टॉप मॉडल की कीमत ₹19.49 लाख एक्स शोरूम तक जाती है।
लेजेंड सीरीज के वेरिएंट्स की कीमत मौजूदा स्टैंडर्ड वेरिएंट्स के मुकाबले ₹50,000 से ₹70,000 ज्यादा है।
कंपनी ने इस सीरीज में Smart+ L, Pure L, Pure L(O), Pure+ L और Adventure+ L वेरिएंट्स पेश किए हैं। ये सभी सिएरा के मौजूदा लोअर और मिड-स्पेक वेरिएंट्स पर आधारित हैं।
कम कीमत में मिलेंगे प्रीमियम फीचर्स
टाटा ने नई लेजेंड सीरीज में ऐसे फीचर्स पर ध्यान दिया है, जो पहले सिर्फ महंगे वेरिएंट्स में मिलते थे।
Sierra Pure+ L वेरिएंट में वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और 6-वे पावर्ड ड्राइवर सीट दी गई है। पहले ये दोनों फीचर्स सिएरा के दूसरे सबसे महंगे Accomplished वेरिएंट में मिलते थे।
इसके अलावा कार में डुअल जोन क्लाइमेट कंट्रोल, मैन्युअल बॉस मोड, थाई सपोर्ट एक्सटेंडर और फुल लेदरेट फिनिश वाला इंटीरियर मिलता है।
सबसे सस्ते वेरिएंट में क्या मिलेगा?
Tata Sierra Legend के सबसे सस्ते Smart+ L वेरिएंट में भी कई अतिरिक्त फीचर्स दिए गए हैं।इसमें लेदरेट सीट्स और इंटीरियर के अलावा व्हील कवर, ऑटो फोल्डिंग ORVM, स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स और रूफ रेल्स जैसे फीचर्स मिलते हैं।ये फीचर्स सिएरा के मौजूदा Smart+ वेरिएंट में नहीं मिलते हैं।

Pure L वेरिएंट में मिलेंगे ये फीचर्स
Sierra Pure L वेरिएंट में 10.25 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। इसके साथ वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto की सुविधा मिलती है।
कार में रियर कैमरा, 8 स्पीकर वाला साउंड सिस्टम, क्रूज कंट्रोल और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम यानी TPMS भी दिया गया है।
इसके अलावा रियर वाइपर-वॉशर और 17 इंच के अलॉय व्हील्स जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
इंजन और पावरट्रेन में कोई बदलाव नहीं
टाटा ने सिएरा लेजेंड सीरीज में कार के पावरट्रेन और उपकरणों में कोई बदलाव नहीं किया है। कंपनी ने मौजूदा वेरिएंट्स में अतिरिक्त प्रीमियम फीचर्स जोड़कर नई सीरीज पेश की है।
इस तरह ग्राहकों को सिएरा के महंगे वेरिएंट्स में मिलने वाले कई फीचर्स अब कम कीमत वाले वेरिएंट्स में भी मिल सकेंगे।

