गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी? ₹19,390 करोड़ के Namo Bharat कॉरिडोर का प्रस्ताव
दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए बड़ी राहत की तैयारी है। ₹19,390 करोड़ के प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर से गुरुग्राम, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा के बीच सीधी कनेक्टिविटी मिल सकती है। परियोजना में 7 नमो भारत और 15 नए मेट्रो स्टेशनों का प्रस्ताव है, जिससे ट्रैफिक और यात्रा समय कम होने की उम्मीद है।

In Short
- गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा के बीच दिल्ली से गुजरे बिना सीधा सफर आसान हो सकता है।
- ₹19,390 करोड़ की नमो भारत कॉरिडोर से दिल्ली-एनसीआर में रोजाना आने-जाने वालों को तेज रास्ता मिल सकता है।
- प्रस्तावित कॉरिडोर में 7 नमो भारत स्टेशन और 15 नए मेट्रो स्टेशन बनाने की बात कही गई है।
Delhi-NCR Namo Bharat Corridor: अगर आप गुरुग्राम, नोएडा और फरीदाबाद के बीच रोजाना सफर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए काफी अहम हो सकती है। ₹19,390 करोड़ की नमो भारत कॉरिडोर दिल्ली-एनसीआर में सफर को काफी आसान बना सकती है।
नमो भारत कॉरिडोर को गुरुग्राम और ग्रेटर नोएडा के बीच बनाया जा सकता है। हालांकि, इस कॉरिडोर को अभी मंजूरी मिलना बाकी है। अभी लोगों को भीड़भाड़ वाली सड़कों से जाना पड़ता है या दिल्ली से होकर लंबा मेट्रो रास्ता लेना पड़ता है।
इस कॉरिडोर की पूरी रिपोर्ट अब जमा कर दी गई है। दिल्ली-एनसीआर की नमो भारत कॉरिडोर के प्रस्ताव में सिर्फ नमो भारत ट्रेनें ही नहीं बल्कि कई नए मेट्रो स्टेशन बनाने की भी योजना है।
कॉरिडोर का रूट और फंडिंग
इस कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 63 किलोमीटर की होगी। इसमें 50 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा में और 13 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में होगा। बिजनेस टुडे के रिपोर्ट के मुताबिक, इस कॉरिडोर के लिए करीब ₹10,102 करोड़ का कर्ज लिया जाएगा। इसके अलावा हरियाणा सरकार ₹4,555 करोड़ और उत्तर प्रदेश सरकार ₹1,364 करोड़ देगी। केंद्र सरकार की ओर से इस योजना में ₹3,367 करोड़ दिए जाने की संभावना है।
यात्रियों को क्या होगा फायदा?
अगर यह कॉरिडोर बनता है, तो गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा के बीच दिल्ली से होकर जाए बिना सीधा आना-जाना हो सकेगा। इससे बड़े ऑफिसों, बाजारों और रिहायशी इलाकों तक पहुंचना आसान और तेज हो जाएगा। कॉरिडोर के बनने से दिल्ली-एनसीआर के एक्सप्रेसवे पर भीड़ घट सकती है।
इन एक्सप्रेसवे में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, खासकर गुरुग्राम और फरीदाबाद वाले हिस्से, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद एक्सप्रेसवे के पूरे हो चुके हिस्से शामिल हैं। इसके अलावा यह कॉरिडोर दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, फरीदाबाद से होकर जाने वाली मथुरा रोड यानी एनएच-19 और नोएडा-ग्रेटर नोएडा लिंक रोड जैसी बड़ी सड़कों पर भी भीड़ कम कर सकता है।
नमो भारत के स्टेशन
नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन यानी एनसीआरटीसी ने हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन यानी एचएमआरटीसी को जो रिपोर्ट सौंपी है, उसमें इस कॉरिडोर पर 7 नमो भारत स्टेशन रखे गए हैं।
- गुरुग्राम: इफ्को चौक, सेक्टर 61 और ग्वाल पहाड़ी
- फरीदाबाद: सैनिक कॉलोनी, बाटा चौक और सेक्टर 87-88 जंक्शन
- नोएडा/ग्रेटर नोएडा: नोएडा सेक्टर 142 और सूरजपुर
- नोएडा/ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में नए मेट्रो स्टेशन
नमो भारत लाइन के अलावा रिपोर्ट में 15 नए मेट्रो स्टेशन की भी बात कही गई है जिसमें:
- गुरुग्राम, 5 स्टेशन: सेक्टर 29, मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर 52/52ए, वजीराबाद और सेक्टर 57
- फरीदाबाद, 7 स्टेशन: एनआईटी-3, एनआईटी-1, सेक्टर 12/13/14/15 जंक्शन, सेक्टर 80, सेक्टर 81/82 जंक्शन, सेक्टर 85/86 जंक्शन और बादशाहपुर
- नोएडा/ग्रेटर नोएडा, 3 स्टेशन: सेक्टर 135, सेक्टर 141 और सुथियाना

