इस स्मॉल कैप कंपनी ने जुटाए ₹19.12 करोड़! शेयर में आई तेजी, स्टॉक प्राइस अभी भी ₹10 से कम
सुबह 10 बजे कंपनी का शेयर एनएसई पर 2.35% या 0.20 रुपये चढ़कर 8.72 रुपये पर कारोबार कर रहा था और बीएसई पर स्टॉक 2.11% या 0.18 रुपये चढ़कर 8.70 रुपये पर कारोबार कर रहा था।

शेयर बाजार में बुधवार को जारी तेजी के बीच, ज़ी मीडिया कॉर्पोरेशन लिमिटेड (Zee Media Corporation Ltd) का स्टॉक आज निवेशकों के रडार पर है।
सुबह 10 बजे कंपनी का शेयर एनएसई पर 2.35% या 0.20 रुपये चढ़कर 8.72 रुपये पर कारोबार कर रहा था और बीएसई पर स्टॉक 2.11% या 0.18 रुपये चढ़कर 8.70 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
शेयर में आज यह तेजी कंपनी द्वारा लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई एक बड़ी जानकारी के बाद आई है। कंपनी ने अपने फाइलिंग में बताया कि उसने सिंगापुर स्थित विदेशी निवेशक के वारंट को इक्विटी शेयरों में बदलने के बाद 19.12 करोड़ रुपये जुटाए हैं। यह राशि वारंट के इश्यू प्राइस का बाकी 75% पेमेंट मिलने के बाद कंपनी को प्राप्त हुई।
कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि 30 जून 2026 को Sun India Opportunities Investing Fund Incorporated VCC Sub-Fund को 3 करोड़ पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयर आवंटित किए गए हैं। यह आवंटन निवेशक द्वारा 5 करोड़ प्रेफरेंशियल वारंट में से 3 करोड़ वारंट के कन्वर्जन अधिकार का इस्तेमाल करने के बाद किया गया।
कंपनी ने 8.50 रुपये प्रति शेयर के भाव पर शेयर आवंटित किए, जिसमें 1 रुपये का फेस वैल्यू और 7.50 रुपये का प्रीमियम शामिल है। इस आवंटन के बाद निवेशक के पास 3 करोड़ इक्विटी शेयर होंगे, जो सभी बकाया वारंट के कन्वर्ट होने की स्थिति में कंपनी में 3.33% हिस्सेदारी के बराबर होंगे।
कंपनी के मुताबिक, निवेशक के पास अभी 2 करोड़ वारंट बाकी हैं। इन्हें वारंट आवंटन की तारीख 25 जून 2026 से 18 महीने के भीतर इक्विटी शेयरों में बदला जा सकता है।
फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि इस आवंटन के बाद ज़ी मीडिया की जारी, सब्सक्राइब्ड और चुकता शेयर पूंजी 62.54 करोड़ रुपये से बढ़कर 65.54 करोड़ रुपये हो गई है। अब कंपनी के कुल 65.54 करोड़ इक्विटी शेयर हैं, जिनका फेस वैल्यू 1 रुपये प्रति शेयर है।

