
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत NCR में फिर बदलेगा मौसम! अगले 2 घंटे में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने फिर करवट ली है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो घंटे के दौरान राजधानी और आसपास के कई इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है। हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ जिलों के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है।

Delhi-NCR में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो घंटे के दौरान राजधानी और आसपास के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली-NCR में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होती दिख रही हैं, जिसके चलते मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली के करावल नगर, दिल्ली यूनिवर्सिटी, सिविल लाइंस, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, सीलमपुर, शाहदरा और विवेक विहार में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा एनसीआर के लोनी देहात और हिंडन एयर फोर्स स्टेशन के आसपास भी बारिश के आसार हैं।

हरियाणा और यूपी के कई जिलों में भी असर
दिल्ली-एनसीआर के अलावा हरियाणा के पानीपत, गोहाना, गन्नौर, हांसी, मेहम, सोनीपत, तोशाम, रोहतक और भिवानी में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। प्रभावित इलाकों में सहारनपुर, देवबंद, नजीबाबाद, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, मोदीनगर, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, बुलंदशहर, खुर्जा, संभल, चंदौसी और मथुरा शामिल हैं।
राजस्थान के इन इलाकों में भी बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने राजस्थान के नदबई और भरतपुर में भी अगले दो घंटे के दौरान मौसम बदलने की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में भी हल्की बारिश या मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश, आंधी और गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतें। साथ ही मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें और जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलें।

