scorecardresearch

रांची में करोड़ों का नया घर बनवा रहे हैं धोनी, जानिए 7 एकड़ के फार्महाउस में क्या है खास

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब अपने नए घर को लेकर चर्चा में हैं। रांची में बन रहे इस घर में कई खास सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। वहीं, धोनी का मौजूदा फार्महाउस भी किसी लग्जरी रिसॉर्ट से कम नहीं है। जानिए दोनों घरों में क्या है खास।

Advertisement

In Short

  • रांची के सांबो हिल में करीब दो एकड़ जमीन पर बन रहा है धोनी का नया घर
  • नए घर की अनुमानित लागत 40 करोड़ रुपये बताई जा रही है
  • धोनी के 7 एकड़ के फार्महाउस में जिम, स्विमिंग पूल और क्रिकेट प्रैक्टिस की सुविधाएं हैं

आईपीएल से विदाई लेने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। क्रिकेट के अलावा धोनी को लग्जरी कारों, बाइक्स और प्रकृति के बीच समय बिताने का भी शौक है। अब धोनी अपने होमटाउन रांची में एक और शानदार घर बनवाने की तैयारी में हैं। ऐसे में जानते हैं कि उनका नया घर कितना खास होगा और मौजूदा फार्महाउस में क्या-क्या सुविधाएं हैं।

advertisement

करीब 40 करोड़ रुपये में बनेगा नया घर

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, धोनी रांची रिंग रोड के पास सांबो हिल में नया घर बनवा रहे हैं, जिसका निर्माण शुरू हो चुका है। हाल ही में धोनी ने इस जगह का दौरा भी किया था, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चार प्लॉट मिलाकर करीब 1.92 एकड़ जमीन पर यह घर बनाया जाएगा। क्रिकेटट्रैकर की रिपोर्ट में इसकी अनुमानित लागत 40 करोड़ रुपये बताई गई है।

नए घर में मिलेंगी ये सुविधाएं

धोनी के नए घर में प्राइवेट जिम, हरियाली से घिरा स्विमिंग पूल, इनडोर स्पोर्ट्स की सुविधाएं और क्रिकेट प्रैक्टिस के लिए नेट्स होने की उम्मीद है। इसके अलावा उनके पालतू कुत्तों और घोड़ों के लिए भी अलग जगह बनाई जा सकती है।

रांची में होगा धोनी का तीसरा घर

नया घर बनकर तैयार होने के बाद यह रांची में धोनी का तीसरा घर होगा। उनका पहला घर हरमू इलाके में है, जबकि फिलहाल वह सिमरिया इलाके में स्थित अपने फार्महाउस में रहते हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

7 एकड़ में फैला है 'कैलाशपति' फार्महाउस

रांची रिंग रोड पर स्थित धोनी के मौजूदा फार्महाउस का नाम कैलाशपति है। करीब 7 एकड़ में फैले इस फार्महाउस की अनुमानित कीमत 6 करोड़ रुपये बताई जाती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे बनाने में करीब तीन साल का समय लगा था। यहां प्राइवेट जिम, फिटनेस एरिया, स्विमिंग पूल और इनडोर स्पोर्ट्स जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।

विंटेज कारों और बाइक्स का शानदार कलेक्शन

धोनी के फार्महाउस में विंटेज कारों और मोटरसाइकिलों का शानदार कलेक्शन भी है। इसके अलावा उनके पालतू कुत्तों और छोटे घोड़ों के लिए अलग जगह है। चारों तरफ हरियाली से घिरा यह फार्महाउस धोनी के शांत और निजी जिंदगी जीने के शौक को भी दिखाता है।

घर पर ही क्रिकेट प्रैक्टिस करते हैं धोनी

कैलाशपति में मौजूद प्राइवेट क्रिकेट नेट्स की मदद से धोनी घर पर ही क्रिकेट की प्रैक्टिस कर सकते हैं। ऐसी ही सुविधा उनके नए घर में भी मिलने की उम्मीद है। चेन्नई सुपर किंग्स से बतौर मेंटर जुड़े धोनी का नया घर परिवार, फिटनेस और क्रिकेट की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया जा सकता है। हालांकि, नए घर की कीमत, फाइनल डिजाइन और इसके तैयार होने की समयसीमा को लेकर धोनी या उनके प्रतिनिधियों ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

advertisement