
एयरलाइन बिजनेस में उतरना चाहता है अदाणी ग्रुप, इंडिगो ने जताई चिंता, जानिए क्या है पूरा मामला
एयरपोर्ट बिजनेस के बाद अब अदाणी ग्रुप एयरलाइन सेक्टर में निवेश करना चाहता है। ग्रुप की इस योजना को लेकर एविएशन इंडस्ट्री में नई बहस छिड़ गई है। इंडिगो ने भी इस पर चिंता जताई है। वहीं, एक्सपर्ट्स ने मौजूदा नियमों और स्पाइसजेट में निवेश की संभावनाओं पर राय दी है।

In Short
- एयरलाइन बिजनेस में निवेश के लिए अदाणी ग्रुप ने सरकार से नियमों में ढील मांगी।
- इंडिगो ने नियमों में बदलाव से यात्रियों के हितों को नुकसान होने की आशंका जताई।
- एक्सपर्ट्स ने स्पाइसजेट में निवेश और नई एयरलाइन शुरू करने की संभावनाओं पर राय दी।
एयरपोर्ट बिजनेस में अपनी मजबूत पकड़ बनाने के बाद अब अदाणी ग्रुप की नजर एयरलाइन सेक्टर पर है। ग्रुप की इस दिलचस्पी से भारतीय एविएशन इंडस्ट्री में एक नई बहस शुरू हो गई है। जहां इसे बाजार में कॉम्पिटिशन बढ़ाने के अवसर के तौर पर देखा जा रहा है, वहीं एक्सपर्ट्स ने मौजूदा नियमों, यात्रियों के हितों और निवेश के विकल्पों को लेकर कई सवाल उठाए हैं।
एयरलाइन बिजनेस में क्यों उतरना चाहता है अदाणी ग्रुप?
अदाणी ग्रुप के CFO जुकेशिंदर (रॉबी) सिंह ने शुक्रवार को एक कार्यक्रम में कहा कि भारत में करीब 60 करोड़ और लोग हवाई यात्रा कर सकते हैं। फिलहाल देश में रोजाना करीब 3,200 से 3,300 फ्लाइट्स संचालित होती हैं, जबकि यह संख्या 30,000 होनी चाहिए। ग्रुप निवेश के जरिए नए रूट्स और हवाई सेवाओं का विस्तार करना चाहता है।
सरकार से नियमों में बदलाव की मांग
मौजूदा नियमों के तहत दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट के ऑपरेटर्स किसी एयरलाइन में 10 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी नहीं रख सकते हैं। अदाणी ग्रुप ने सरकार को पत्र लिखकर इन नियमों में ढील देने की मांग की है। नागरिक उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू के मुताबिक सरकार इस पर विचार कर रही है।
इंडिगो ने क्यों जताई चिंता?
इंडिगो के फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल भाटिया का कहना है कि नियमों में ढील देने से हितों का बड़ा टकराव पैदा हो सकता है और लंबे समय में यात्रियों को नुकसान हो सकता है। अदाणी ग्रुप फिलहाल मुंबई और नवी मुंबई समेत देश के आठ एयरपोर्ट संचालित करता है।

एक्सपर्ट्स ने दिया ये सुझाव
एविएशन एक्सपर्ट असलम अल्लागुंडू के मुताबिक एयरपोर्ट ऑपरेटर्स को एयरलाइन बिजनेस में उतरने की अनुमति देने से पहले स्पष्ट नियम बनाने चाहिए। मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के रीडेवलपमेंट के दौरान कुछ एयरलाइंस का संचालन नवी मुंबई शिफ्ट करने की बहस इसका उदाहरण है।
उनके मुताबिक फ्लाइट स्लॉट, बोर्डिंग गेट, ग्राउंड हैंडलिंग, एयरपोर्ट चार्ज, विमानों की मरम्मत और पार्किंग की सुविधाओं में सभी एयरलाइंस के साथ समान व्यवहार होना चाहिए। स्वतंत्र निगरानी, पारदर्शिता और ऑडिट की व्यवस्था भी जरूरी है।
क्या स्पाइसजेट में निवेश करेगा अदाणी ग्रुप?
एविएशन कानून के एक्सपर्ट सौरभ नंदवानी का मानना है कि स्पाइसजेट में निवेश करने के बजाय अदाणी के लिए अपनी एयरलाइन शुरू करना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, उन्होंने निवेश की संभावना से इनकार नहीं किया है। इसके लिए स्पाइसजेट की देनदारियों, कर्ज, एयरक्राफ्ट लीज, मालिकाना हक और जरूरी मंजूरियों की विस्तृत जांच करनी होगी।
स्पाइसजेट का बने रहना क्यों जरूरी?
अल्लागुंडू के मुताबिक मौजूदा नियमों के तहत छोटी हिस्सेदारी खरीदने से स्पाइसजेट की स्थिति में बड़ा बदलाव नहीं आएगा। किंगफिशर, जेट एयरवेज और गो फर्स्ट जैसी एयरलाइंस पहले ही बंद हो चुकी हैं। ऐसे में मजबूत निवेशक और पारदर्शी नियम स्पाइसजेट के साथ पूरी एविएशन इंडस्ट्री के हित में होंगे।


