
भारत में Volkswagen पर अब तक की सबसे बड़ी टैक्स मांग, जानिए क्या है पूरा विवाद
जर्मनी की कार निर्माता कंपनी फॉक्सवैगन की भारत में मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। इंपोर्ट ड्यूटी को लेकर चल रहे विवाद में अब कई बड़ी कार कंपनियों का नाम भी सामने आया है। जानिए आखिर क्या है पूरा मामला और कोर्ट के फैसले से कंपनी के कारोबार पर क्या असर पड़ेगा।

In Short
- फॉक्सवैगन ने 1.2 अरब डॉलर की टैक्स डिमांड को कोर्ट में चुनौती दी है।
- टैक्स विवाद में मर्सिडीज, बीएमडब्ल्यू और किआ के इंपोर्ट करने के तरीकों पर भी सवाल उठे हैं।
- बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसले का असर कंपनी के भारतीय कारोबार और निवेश पर पड़ सकता है।
जर्मनी की कार निर्माता कंपनी फॉक्सवैगन (Volkswagen) की भारत में मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। विदेश से कार के पार्ट्स मंगाने और उन पर लगने वाली इंपोर्ट ड्यूटी को लेकर कंपनी और भारतीय टैक्स अधिकारियों के बीच कानूनी लड़ाई चल रही है। इस मामले का असर कंपनी के भारतीय कारोबार पर भी पड़ सकता है। आइए जानते हैं कि आखिर यह पूरा विवाद क्या है और इसमें दूसरी कार कंपनियों का नाम क्यों आया है।
क्या है पूरा टैक्स विवाद?
भारत के टैक्स अधिकारियों ने फॉक्सवैगन से 1.2 अरब डॉलर के बकाया टैक्स की मांग की है। यह भारत में अब तक की सबसे बड़ी इंपोर्ट ड्यूटी की मांग है। साल 2024 में अधिकारियों ने आरोप लगाया था कि कंपनी ऑडी, स्कोडा और फॉक्सवैगन की कारों के सैकड़ों पार्ट्स अलग-अलग शिपमेंट में भारत मंगाकर यहां असेंबल करती थी।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी इस तरीके से करीब 10 फीसदी इंपोर्ट ड्यूटी चुका रही थी, जबकि कुछ कंप्लीटली नॉक्ड डाउन (CKD) कार किट पर 30 से 35 फीसदी ड्यूटी लागू होती है। सरकार का आरोप है कि कंपनी ने 12 साल तक अलग-अलग पार्ट्स के नाम पर 5 से 15 फीसदी ड्यूटी चुकाई। हालांकि, फॉक्सवैगन ने सभी आरोपों से इनकार किया है।
इंपोर्ट ड्यूटी के नियम क्या हैं?
टैक्स अधिकारियों के मुताबिक, अगर कोई कंपनी पहले से असेंबल किए गए इंजन या गियरबॉक्स के साथ कार बनाने के लिए जरूरी अन्य पार्ट्स विदेश से मंगाती है, तो उस पर 30 से 35 फीसदी ड्यूटी लागू होती है। ड्यूटी की दरों में इस अंतर का सीधा असर कार बनाने की लागत, कीमत और कंपनी के मुनाफे पर पड़ता है।

BMW, Mercedes और Kia का नाम क्यों आया?
फॉक्सवैगन ने बॉम्बे हाई कोर्ट में दावा किया कि मर्सिडीज-बेंज, बीएमडब्ल्यू और किआ भी इसी तरह कार के पार्ट्स इंपोर्ट करती हैं। हालांकि, सरकार ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि कंपनी ने अधूरे आंकड़ों के आधार पर तुलना की है।
सरकार ने 2.5 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाली मर्सिडीज-मेबैक कारों का उदाहरण दिया। फॉक्सवैगन का कहना है कि इतनी महंगी लग्जरी कारों की तुलना उसकी अपेक्षाकृत सस्ती कारों से नहीं की जा सकती। वहीं, किआ ने कहा कि वह नियमों के मुताबिक पार्ट्स इंपोर्ट करती है।
फॉक्सवैगन के कारोबार पर क्या होगा असर?
भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल मार्केट है, जिसमें फॉक्सवैगन की हिस्सेदारी करीब 2 फीसदी है। कंपनी ने इस विवाद को अपने भारतीय कारोबार के लिए जीवन-मरण का सवाल बताया है। प्रतिकूल फैसला आने पर कंपनी के मुनाफे, निवेश और पार्ट्स खरीदने की रणनीति पर असर पड़ सकता है।
सोमवार को आ सकता है कोर्ट का फैसला
बॉम्बे हाई कोर्ट सोमवार को इस बात पर फैसला सुना सकता है कि टैक्स अधिकारियों को कंपनी के पिछले 12 साल के इंपोर्ट की जांच करने का अधिकार है या नहीं। इस मामले में स्कोडा ऑटो फॉक्सवैगन इंडिया, वित्त मंत्रालय, मर्सिडीज-बेंज और हुंडई की ओर से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


