scorecardresearch

GTA 6 खेलने के लिए 7,000 कर्मचारियों को मिलेगी छुट्टी! इस कंपनी ने किया ऐसा ऐलान कि गेमर्स हो जाएंगे खुश

GTA 6 की रिलीज को लेकर दुनियाभर के गेमर्स में जबरदस्त उत्साह है। इसी बीच टेक कंपनी Logitech ने अपने करीब 7,000 कर्मचारियों के लिए एक अनोखी पहल की घोषणा की है। कंपनी उन्हें वीडियो गेम खेलने के लिए एक दिन की छुट्टी देगी। आखिर कंपनी ने ऐसा फैसला क्यों लिया, कौन इसका फायदा उठा सकेगा और GTA 6 को लेकर क्या नई जानकारी सामने आई है?

Advertisement
GTA 6 का आधिकारिक ट्रेलर (YouTube/Rockstar Games)
GTA 6 का आधिकारिक ट्रेलर (YouTube/Rockstar Games)

In Short

  • Logitech के करीब 7,000 कर्मचारियों को गेमिंग के लिए एक दिन की छुट्टी
  • Logi Game Day के तहत कर्मचारी अपनी पसंद का कोई भी गेम खेल सकेंगे
  • GTA 6 के PS5 वर्जन के लिए 212GB स्टोरेज की शुरुआती जानकारी

अगर आप वीडियो गेम खेलने के शौकीन हैं, तो यह खबर आपको हैरान कर सकती है। जहां कई कंपनियां कर्मचारियों के गेम खेलने से काम प्रभावित होने की चिंता करती हैं, वहीं टेक कंपनी Logitech ने अपने करीब 7,000 कर्मचारियों को गेमिंग के लिए एक दिन की छुट्टी देने की पहल की है। यह फैसला बहुप्रतीक्षित वीडियो गेम Grand Theft Auto VI यानी GTA 6 की रिलीज से पहले सामने आया है।

advertisement

क्या है कंपनी का नया प्लान?

Logitech ने इस पहल को Logi Game Day नाम दिया है। इसके तहत दुनियाभर में कंपनी के फुल-टाइम कर्मचारियों से लेकर इंटर्न तक को एक दिन की छुट्टी मिलेगी।

खास बात यह है कि कर्मचारियों को सिर्फ GTA 6 ही नहीं खेलना है। वे अपनी पसंद का कोई भी वीडियो गेम खेल सकते हैं। छुट्टी का इस्तेमाल अगले एक साल के भीतर किया जा सकता है।

CEO ने क्यों लिया यह फैसला?

Logitech की CEO Hanneke Faber का कहना है कि अब इस सोच को बदलने का समय आ गया है कि वीडियो गेम खेलना समय की बर्बादी है।

कंपनी का मानना है कि गेमिंग से कर्मचारियों को तनाव कम करने, नई ऊर्जा हासिल करने और काम पर बेहतर फोकस करने में मदद मिल सकती है।

Faber खुद 19 नवंबर को कंपनी के गेमिंग इवेंट में हिस्सा लेने की योजना बना रही हैं। इस मौके पर ऑफिस को गेमिंग लाउंज में बदला जाएगा।

GTA 6 की प्री-बुकिंग और डाउनलोड की तैयारी

दी गई जानकारी के मुताबिक, Grand Theft Auto VI की प्री-ऑर्डर और प्री-लोडिंग सुविधा PlayStation 5 और Xbox Series X|S पर उपलब्ध है। यानी गेमर्स रिलीज से पहले ही गेम खरीदने और डाउनलोड करने की तैयारी कर सकते हैं।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, PS5 पर GTA 6 के लिए करीब 212 GB स्टोरेज की जरूरत होगी। हालांकि, इस स्टोरेज साइज की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

GTA 6 की रिलीज से कंपनियां क्यों परेशान?

रिपोर्ट के मुताबिक, GTA 6 को लेकर गेमर्स में इतना उत्साह है कि कई कर्मचारी इसकी रिलीज के आसपास छुट्टी लेने की योजना बना रहे हैं।

एक अनुमान के अनुसार, अमेरिका में करीब 15 लाख कर्मचारी गेम की रिलीज के आसपास काम से अनुपस्थित रह सकते हैं। इससे उत्पादकता में करीब 1 अरब डॉलर का नुकसान होने की आशंका जताई गई है।

हालांकि, यह सिर्फ अनुमान है, वास्तविक नुकसान का आंकड़ा नहीं।

Logitech की चीफ पीपल ऑफिसर Elaine Laird का कहना है कि खेलना और काम करना एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। कर्मचारियों को मनोरंजन के लिए समय मिलने से वे नई ऊर्जा और बेहतर फोकस के साथ काम पर लौट सकते हैं।

advertisement