scorecardresearch

हवा में उड़ते विमान के टॉयलेट में मिला हाईजैक की धमकी वाला नोट, बेंगलुरु एयरपोर्ट पर इमरजेंसी

बेंगलुरु से लखनऊ जा रही IndiGo की फ्लाइट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब उड़ान के दौरान टॉयलेट में हाईजैक की धमकी वाला नोट मिला। विमान में 178 यात्री सवार थे। पायलट ने तुरंत बड़ा फैसला लिया और एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई। जानिए इसके बाद क्या हुआ।

Advertisement

In Short

  • बेंगलुरु से लखनऊ जा रही IndiGo फ्लाइट में हाईजैक की धमकी से हड़कंप।
  • उड़ान के करीब 30 मिनट बाद टॉयलेट में मिला हाथ से लिखा धमकी भरा नोट।
  • 178 यात्रियों वाली फ्लाइट वापस लौटी, सुरक्षा एजेंसियों ने करीब 90 मिनट तक की जांच।

बेंगलुरु से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विमान के टॉयलेट में हाईजैक की धमकी वाला एक हाथ से लिखा नोट मिला। इसके बाद पायलट ने तुरंत विमान को वापस बेंगलुरु ले जाने का फैसला किया। एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई और विमान की गहन जांच की गई। हालांकि, बाद में यह धमकी फर्जी निकली।

advertisement

उड़ान भरने के 30 मिनट बाद मिला धमकी भरा नोट

न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना शनिवार 7 नवंबर 2026 की है। इंडिगो की फ्लाइट 6E-451 बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शाम 5:50 बजे लखनऊ के लिए रवाना हुई थी। विमान में कुल 178 यात्री सवार थे।

उड़ान भरने के करीब 30 मिनट बाद एक यात्री को विमान के टॉयलेट में हाथ से लिखा एक नोट मिला। इसमें चेतावनी दी गई थी कि विमान को ठीक शाम 6:30 बजे हाईजैक कर लिया जाएगा। नोट में यह भी लिखा था कि अगर इस चेतावनी को नजरअंदाज किया गया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।

पायलट ने तुरंत वापस लौटने का लिया फैसला

धमकी भरा नोट मिलते ही यात्री ने इसकी जानकारी केबिन क्रू को दी। क्रू मेंबर्स ने तुरंत पायलट को इस बारे में बताया। इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर वापस उतरने के लिए प्राथमिकता के आधार पर अनुमति मांगी।

सुरक्षा नियमों को ध्यान में रखते हुए विमान को वापस बेंगलुरु ले जाया गया। इस दौरान केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई।

Image Credit: ITG

90 मिनट तक चली विमान की जांच

विमान के सुरक्षित लैंड करने के बाद सुरक्षा एजेंसियों, एयरपोर्ट कर्मचारियों और एयरलाइन स्टाफ ने इसकी गहन तलाशी ली। करीब 90 मिनट तक चली जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या विमान को हाईजैक करने की कोशिश का सबूत नहीं मिला।

इसके बाद सुरक्षा अलर्ट वापस ले लिया गया और अधिकारियों ने हाईजैक की धमकी को फर्जी करार दिया।

इंडिगो ने घटना पर क्या कहा?

इंडिगो के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 7 नवंबर को बेंगलुरु से लखनऊ जा रही फ्लाइट 6E-451 में सुरक्षा से जुड़ी धमकी मिली थी। तय सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत पायलटों ने विमान को वापस बेंगलुरु लाने का फैसला किया।

एयरलाइन के मुताबिक, संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचना दी गई और जरूरी सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया।

जांच के बाद लखनऊ पहुंची फ्लाइट

सुरक्षा जांच पूरी होने और मंजूरी मिलने के बाद फ्लाइट 6E-451 ने उसी रात दोबारा लखनऊ के लिए उड़ान भरी और सुरक्षित लैंड किया।

advertisement

अब पुलिस धमकी भरे नोट की जांच और उपलब्ध सबूतों की पड़ताल कर सकती है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नोट किसने लिखा था। फिलहाल किसी संदिग्ध की पहचान या मामला दर्ज होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।