
रेलवे के रिजर्वेशन सिस्टम में गड़बड़ी! यात्री को मिली ऐसी सीट जो ट्रेन में थी ही नहीं
ट्रेन में कंफर्म टिकट मिलने के बाद भी एक यात्री को सफर के दौरान अजीबोगरीब परेशानी का सामना करना पड़ा। वाराणसी से गोरखपुर जा रहे यात्री ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती शेयर की है। आखिर रेलवे के रिजर्वेशन सिस्टम में कहां हुई गड़बड़ी और इस मामले पर रेलवे ने क्या कहा?

In Short
- ट्रेन के कोच में थीं सिर्फ 52 बर्थ, यात्री को अलॉट हुई 54 नंबर सीट
- कंफर्म टिकट के बावजूद सीट नहीं मिलने पर यात्री ने दर्ज कराई शिकायत
- रेलवे ने सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी को बताया गलत सीट अलॉटमेंट की वजह
ट्रेन में सफर करने वाले यात्री अक्सर टिकट कंफर्म होने के बाद सीट को लेकर बेफिक्र हो जाते हैं। लेकिन सोचिए कि आपके पास कंफर्म टिकट हो और ट्रेन में चढ़ने के बाद पता चले कि आपकी सीट कोच में है ही नहीं। उत्तर प्रदेश में एक यात्री के साथ ऐसा ही हुआ। इस मामले ने रेलवे के रिजर्वेशन सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, यात्री की शिकायत के बाद रेलवे ने भी इस गड़बड़ी की वजह बताई है।
कोच में 52 बर्थ, यात्री को मिली 54 नंबर सीट
दरअसल, 22 नवंबर 2026 को ईशान बाजपेयी ट्रेन नंबर 15132 वाराणसी सिटी-नेपालगंज रोड एक्सप्रेस से वाराणसी से गोरखपुर जा रहे थे। उनके पास एसी 2-टियर का कंफर्म टिकट था। रेलवे ने उन्हें A1 कोच में 54 नंबर की बर्थ अलॉट की थी। लेकिन जब वह ट्रेन में चढ़े और अपनी सीट तलाशने लगे तो पता चला कि पूरे कोच में सिर्फ 52 बर्थ ही हैं। ऐसे में कंफर्म टिकट होने के बावजूद उन्हें अपनी सीट नहीं मिली।
सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो
ईशान ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया। इसके साथ ही उन्होंने अपने कंफर्म टिकट का स्क्रीनशॉट भी पोस्ट किया। उनके टिकट पर बुकिंग स्टेटस CNF/A1/54/SU लिखा था। इसका मतलब था कि उन्हें A1 कोच में 54 नंबर की साइड अपर बर्थ कंफर्म मिली थी।

रात 10:45 बजे रेलवे से की शिकायत
ईशान ने बताया कि रात करीब 10:45 बजे उन्हें इस गड़बड़ी का पता चला। रात के सफर में कंफर्म सीट नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अपनी पोस्ट में रेलवे सेवा और रेल मंत्रालय को भी टैग किया। मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग रेलवे के सीट अलॉटमेंट सिस्टम पर सवाल उठाने लगे।
यात्री की शिकायत पर रेलवे ने दिया जवाब
रेलवे सेवा ने यात्री की शिकायत पर जवाब देते हुए बताया कि मामले को संबंधित अधिकारियों के पास भेज दिया गया है। रेलवे ने यात्री को हुई परेशानी पर खेद भी जताया। इसके साथ ही शिकायत के लिए रेल मदद पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 139 का इस्तेमाल करने की सलाह दी।
सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी के चलते हुई परेशानी
पूर्वोत्तर रेलवे ने माना कि सॉफ्टवेयर में तकनीकी गड़बड़ी के चलते गलत बर्थ अलॉट हुई थी। वाराणसी डिवीजन के प्रवक्ता के मुताबिक, ईशान अकेले ऐसे यात्री नहीं थे जिन्हें इस समस्या का सामना करना पड़ा। एक अन्य यात्री भी इस गड़बड़ी से प्रभावित हुआ था। हालांकि, दोनों यात्रियों को उसी ट्रेन में दूसरी बर्थ उपलब्ध करा दी गई। साथ ही सॉफ्टवेयर की गड़बड़ी दूर करने के लिए संबंधित विभाग को सूचना दे दी गई है।


