
रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने के लिए भारत ने पेश किया 3 पॉइंट प्लान! जानिए पीएम मोदी की क्या है तैयारी
रूस और यूक्रेन के बीच करीब चार साल से जारी युद्ध को लेकर भारत ने बड़ा कदम उठाया है। पीएम मोदी की शांति की कोशिशों के बीच भारत ने दोनों देशों के सामने 3 पॉइंट का प्लान रखा है। आखिर इस प्लान में क्या है और भारत के लिए यह इतना जरूरी क्यों है?

In Short
- रूस-यूक्रेन युद्ध में तनाव कम करने के लिए भारत ने पेश किया 3 पॉइंट का शांति प्लान।
- भारत ने एनर्जी ठिकानों और व्यापारिक जहाजों पर हमले रोकने के साथ ब्लैक सी से सप्लाई जारी रखने का प्रस्ताव दिया।
- यूक्रेन ने भारत के प्रस्ताव को बताया सबसे व्यापक, जबकि रूस ने पूर्ण शांति समझौते की मांग की।
रूस और यूक्रेन के बीच करीब चार साल से चल रही जंग को शांत करने के लिए भारत ने नई पहल की है। भारत चाहता है कि दोनों देशों के बीच तनाव कम हो और इसका असर दुनिया के व्यापार, तेल और खाने-पीने की चीजों की सप्लाई पर न पड़े। भारत की इस कोशिश के पीछे कई बड़ी वजहें हैं।
भारत ने रूस और यूक्रेन को दिया 3 पॉइंट प्लान
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने रूस और यूक्रेन के सामने तीन पॉइंट का प्लान रखा है। पहला, बिजली और एनर्जी से जुड़े ठिकानों पर हमले बंद हों। दूसरा, ब्लैक सी के बंदरगाहों से अनाज और तेल की सप्लाई बिना रुकावट जारी रहे। तीसरा, व्यापारिक जहाजों और उन पर काम करने वाले लोगों पर हमले रोके जाएं।हालांकि, इस प्लान में दोनों देशों के बीच जमीन और राजनीतिक विवाद को सुलझाने की बात नहीं है।
रूस और यूक्रेन का क्या है रुख?
यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रेई सिबिहा ने भारत के प्रस्ताव को सबसे व्यापक बताया है। यूक्रेन चाहता है कि एनर्जी ठिकानों और ब्लैक सी में हमले एक साथ बंद हों। वहीं, रूस छोटे स्तर पर सीजफायर के बजाय पूरा शांति समझौता चाहता है।
पीएम मोदी ने जेलेंस्की से की बात
सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की। मोदी ने कहा कि भारत युद्ध का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की हर कोशिश में मदद के लिए तैयार है।

इससे पहले सितंबर में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कीव दौरे के दौरान जहाजों और एनर्जी ठिकानों पर हमले रोकने पर चर्चा की थी। 4 अक्टूबर को भी उन्होंने दोनों देशों से बातचीत जारी रहने की जानकारी दी थी।
भारतीय नागरिकों की सुरक्षा बड़ी चिंता
ब्लैक सी में जहाजों पर हमलों से भारतीय नागरिक भी प्रभावित हुए हैं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, 3 नवंबर तक व्यापारिक जहाजों पर हमलों में पांच भारतीयों की मौत हो चुकी थी और दो लापता थे।
जुलाई में एक हमले में चार भारतीय क्रू मेंबर्स समेत 10 लोगों की मौत के बाद भारत ने रूसी अधिकारी को तलब किया था। इसके कुछ दिन बाद एमवी ओमोरफी पर यूक्रेनी ड्रोन हमले में एक भारतीय की मौत होने पर यूक्रेन के राजदूत को भी बुलाया गया था।
खाने के तेल की सप्लाई पर भी असर
भारत दुनिया में वेजिटेबल ऑयल का सबसे बड़ा इंपोर्टर है। रूस और यूक्रेन से बड़ी मात्रा में सनफ्लावर ऑयल आता है। सितंबर में भारत का खाने के तेल का इंपोर्ट 7% घटा था। सनफ्लावर ऑयल की सप्लाई 1,08,837 टन रह गई, जो अप्रैल 2022 के बाद सबसे कम थी।
अक्टूबर में पोर्ट को नुकसान पहुंचने से भारत आने वाला 20,000 टन रूसी तेल का कार्गो कैंसिल हुआ, जबकि 60,000 टन की सप्लाई में देरी हुई।
भारत के लिए क्यों अहम है यह पहल?
भारत के रूस और यूक्रेन दोनों से अच्छे संबंध हैं। ऐसे में भारत दोनों के बीच बातचीत कराने में भूमिका निभा सकता है। दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूसी तेल खरीदने को लेकर भारत की आलोचना कर चुके हैं। ऐसे माहौल में भारत की यह पहल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अहम मानी जा रही है।

