scorecardresearch

8वां वेतन आयोग लागू होने से पहले हो गए रिटायर तो क्या मिलेगा एरियर? जानें पेंशन का नियम

8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का इंतजार कर रहे केंद्रीय कर्मचारियों के मन में रिटायरमेंट को लेकर बड़ा सवाल है। अगर नई सैलरी लागू होने से पहले नौकरी खत्म हो गई तो क्या एरियर और बढ़ी हुई पेंशन मिलेगी? इसका जवाब कुछ अहम शर्तों पर निर्भर करता है। जानिए पूरा गणित।

Advertisement

In Short

  • 8वें वेतन आयोग से पहले रिटायर होने वाले कर्मचारियों को भी मिल सकता है एरियर का फायदा।
  • नई वेतन व्यवस्था के लिए 1 जनवरी 2026 संभावित प्रभावी तारीख, लेकिन आधिकारिक पुष्टि नहीं।
  • रिटायरमेंट के बाद पेंशन बढ़ने और बकाया मिलने का फैसला सरकारी नियमों पर निर्भर करेगा।

केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारी और पेंशनर्स 8वें वेतन आयोग का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच रिटायरमेंट के करीब पहुंचे कर्मचारियों के मन में कई सवाल हैं। अगर नई वेतन व्यवस्था लागू होने से पहले रिटायर हो गए तो क्या बढ़ी हुई सैलरी का फायदा मिलेगा? क्या पेंशन भी बढ़ेगी और एरियर मिलेगा? आइए समझते हैं कि इस बारे में क्या नियम हो सकते हैं।

advertisement

1 जनवरी 2026 से लागू होगा नया वेतन आयोग?

केंद्र सरकार ने जनवरी 2025 में 8वें वेतन आयोग के गठन का ऐलान किया था। इसके बाद 28 अक्टूबर 2025 को कैबिनेट ने आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस को मंजूरी दी। आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को हुआ और इसे सिफारिशें देने के लिए 18 महीने का समय मिला है।

आयोग की अध्यक्ष सुप्रीम कोर्ट की रिटायर्ड जज रंजना प्रकाश देसाई हैं। पिछले वेतन आयोगों के आधार पर 1 जनवरी 2026 को संभावित प्रभावी तारीख माना जा रहा है। हालांकि, सरकार ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

रिटायरमेंट से पहले की सैलरी का एरियर मिलेगा?

मान लीजिए कोई कर्मचारी 2027 में रिटायर होता है और सरकार बाद में 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से लागू करती है। ऐसे में कर्मचारी को रिटायरमेंट से पहले की पात्र सेवा अवधि के लिए बढ़ी हुई सैलरी का एरियर मिल सकता है।

इसका मतलब है कि पुरानी और नई सैलरी के बीच का अंतर बकाया राशि के रूप में दिया जा सकता है। हालांकि, इसका फैसला सरकार के अंतिम आदेश और पात्रता की शर्तों पर निर्भर करेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

रिटायरमेंट के बाद भी बढ़ेगी पेंशन?

8वें वेतन आयोग में पेंशन से जुड़े बदलाव भी शामिल हैं। अगर सरकार मौजूदा पेंशनर्स की पेंशन में संशोधन करती है, तो पहले रिटायर हुए कर्मचारियों को भी फायदा मिल सकता है।

अगर संशोधित पेंशन पिछली तारीख से लागू होती है, तो पुरानी और नई पेंशन के बीच का अंतर पेंशन एरियर के रूप में मिल सकता है। हालांकि, रिटायरमेंट के बाद की अवधि के लिए सैलरी एरियर नहीं मिलेगा।

कैसे होगा सैलरी और पेंशन एरियर का हिसाब?

सेवारत कर्मचारियों के मामले में पुरानी और संशोधित बेसिक सैलरी का अंतर निकाला जाएगा। इसके साथ लागू भत्तों की गणना भी नियमों के मुताबिक होगी।

वहीं, रिटायर कर्मचारियों के लिए पुरानी और संशोधित पेंशन का अंतर देखा जाएगा। अंतिम रकम सरकारी आदेश के आधार पर तय होगी।

किन बातों पर निर्भर करेगा फायदा?

रिटायर कर्मचारियों के लिए तीन बातें अहम हैं। पहली, नई वेतन व्यवस्था की प्रभावी तारीख। दूसरी, पहले से रिटायर पेंशनर्स की पात्रता और तीसरी, एरियर भुगतान की शर्तें।

advertisement

इसलिए 8वां वेतन आयोग लागू होने से पहले रिटायर होने का मतलब यह नहीं है कि कर्मचारी फायदे से बाहर हो जाएगा। लेकिन हर किसी को एरियर मिलेगा, यह भी अभी तय नहीं है।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।