
ज्यादातर नौकरियों के लिए बंद करेगी H-1B वीजा स्पॉन्सरशिप, कर्मचारियों को छोड़ना पड़ सकता है अमेरिका
अमेरिका में नौकरी कर रहे विदेशी कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है। दिग्गज टेक कंपनी IBM ने वीजा स्पॉन्सरशिप को लेकर ऐसा फैसला लिया है, जिससे कई कर्मचारियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। ट्रंप सरकार के सख्त वीजा नियमों के बीच कंपनी ने कर्मचारियों को क्या विकल्प दिए हैं? जानिए पूरी खबर।

In Short
- IBM ने अपनी कंसल्टिंग यूनिट में ज्यादातर नौकरियों के लिए H-1B वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद करने का फैसला किया है।
- प्रभावित कर्मचारी अमेरिका से बाहर IBM के साथ काम जारी रख सकते हैं या साल के आखिर में कंपनी छोड़ सकते हैं।
- IBM की कंसल्टिंग यूनिट में 1.5 लाख से ज्यादा कर्मचारी हैं, जबकि ट्रंप सरकार H-1B वीजा नियमों को और सख्त कर रही है।
अमेरिका में विदेशी कर्मचारियों के लिए नौकरी करना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। वीजा नियमों में सख्ती के बीच अब दिग्गज टेक कंपनी आईबीएम (IBM) ने भी बड़ा फैसला लिया है। कंपनी अपनी सबसे बड़ी बिजनेस यूनिट में ज्यादातर नौकरियों के लिए वीजा स्पॉन्सरशिप बंद करने जा रही है। इस फैसले से किन कर्मचारियों पर असर पड़ेगा और उनके पास आगे क्या रास्ते होंगे, आइए जानते हैं।
IBM ने वीजा स्पॉन्सरशिप पर लिया बड़ा फैसला
ब्लूमबर्ग की मंगलवार की रिपोर्ट के मुताबिक, आईबीएम अपनी कंसल्टिंग यूनिट में ज्यादातर पदों के लिए इमिग्रेशन स्पॉन्सरशिप बंद कर रही है। इसका असर उन विदेशी कर्मचारियों पर पड़ेगा, जो अमेरिका में काम करने के लिए एच-1बी (H-1B) जैसे हाई-स्किल्ड वीजा प्रोग्राम पर निर्भर हैं।
इस हफ्ते मैनेजरों के साथ शेयर किए गए एक डॉक्यूमेंट में कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों को दो विकल्प दिए हैं। वे अमेरिका से बाहर आईबीएम के साथ काम जारी रख सकते हैं या साल के आखिर में कंपनी छोड़ सकते हैं।
आईबीएम के प्रवक्ता ने भी पुष्टि की है कि कंपनी ने कंसल्टिंग बिजनेस में ज्यादातर पदों के लिए वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद करने का फैसला किया है।
1.5 लाख से ज्यादा कर्मचारी करते हैं काम
आईबीएम की वेबसाइट के मुताबिक, उसकी कंसल्टिंग यूनिट में 1,50,000 से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं। कर्मचारियों की संख्या के लिहाज से यह कंपनी की सबसे बड़ी यूनिट है।
कंपनी के मुताबिक, पहले जरूरी स्किल वाले कर्मचारियों की कमी पूरी करने के लिए विदेशी वर्कर्स को हायर किया जाता था। हालांकि, पिछले कई सालों से वीजा प्रोग्राम में उसकी भागीदारी घट रही है। इसकी वजह जरूरी स्किल वाले कर्मचारियों की उपलब्धता और क्लाइंट्स की बदलती जरूरतें हैं।इस खबर के बाद मंगलवार सुबह आईबीएम के शेयर में करीब 1% की गिरावट आई।

ट्रंप सरकार ने H-1B वीजा नियम किए सख्त
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार विदेशी कर्मचारियों पर कंपनियों की निर्भरता कम करना चाहती है। सरकार टेक कंपनियों को अमेरिकी कर्मचारियों को ट्रेनिंग देने और नौकरी पर रखने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
एच-1बी वीजा से जुड़े प्रस्तावित बदलावों में ज्यादातर आवेदकों के लिए 1,00,000 डॉलर की फाइलिंग फीस और सालाना वीजा लॉटरी में ज्यादा सैलरी देने वाली कंपनियों को प्राथमिकता देना शामिल है।
पिछले महीने अमेरिकी सरकार ने माइक्रोसॉफ्ट, एडोबी और करीब छह अन्य कंपनियों पर एक वर्क वीजा प्रोग्राम के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए उन्हें अनिश्चित समय के लिए उस प्रोग्राम से सस्पेंड कर दिया था।
सॉफ्टवेयर बिजनेस पर बढ़ रहा IBM का फोकस
आईबीएम पिछले कुछ सालों से अपने बिजनेस को सॉफ्टवेयर सेक्टर की तरफ बढ़ा रही है। इसके लिए कंपनी ने रेड हैट, हैशीकॉर्प और कॉन्फ्लुएंट जैसी कंपनियों का अधिग्रहण किया है।
हालांकि, आईबीएम का कंसल्टिंग बिजनेस उम्मीद के मुताबिक रफ्तार नहीं पकड़ पाया है। साल 2024 से इस यूनिट की ग्रोथ लगभग स्थिर बनी हुई है।
अब वीजा स्पॉन्सरशिप बंद करने के फैसले से प्रभावित कर्मचारियों को साल के आखिर तक तय करना होगा कि वे अमेरिका से बाहर कंपनी के साथ काम जारी रखेंगे या नौकरी छोड़ेंगे।

