
Air Purifier Care Tips: एयर प्यूरीफायर की सफाई करते समय न करें ये गलतियां, जानें सही तरीका
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण के बीच एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल आम हो गया है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसकी गलत तरीके से सफाई करना मशीन की परफॉर्मेंस पर असर डाल सकता है? कौन से फिल्टर धोने चाहिए और किन्हें नहीं? जानिए एयर प्यूरीफायर की देखभाल से जुड़ी जरूरी बातें।

In Short
- प्रदूषण के मौसम में एयर प्यूरीफायर की नियमित सफाई जरूरी, धूल जमा होने से एयरफ्लो हो सकता है प्रभावित।
- एयर प्यूरीफायर के हर फिल्टर को पानी से धोना सही नहीं, HEPA और कार्बन फिल्टर की सफाई में बरतें सावधानी।
- फिल्टर बदलने का समय मशीन के मॉडल, इस्तेमाल और प्रदूषण के स्तर पर निर्भर करता है।
सर्दियों के मौसम में बढ़ता प्रदूषण लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है। खासकर दिल्ली-एनसीआर जैसे इलाकों में घर के अंदर की हवा साफ रखने के लिए एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल बढ़ जाता है। लेकिन सिर्फ मशीन को रोजाना चलाना ही काफी नहीं है। उसकी सही देखभाल और समय पर सफाई करना भी जरूरी है। आइए जानते हैं कि एयर प्यूरीफायर के किन हिस्सों की सफाई करनी चाहिए और कब फिल्टर बदलना जरूरी होता है।
सफाई से पहले इन बातों का रखें ध्यान
एयर प्यूरीफायर की सफाई शुरू करने से पहले उसे बंद करें और बिजली के प्लग से निकाल दें। इसके बाद मशीन का मॉडल नंबर और कंपनी की गाइडलाइन जरूर देखें। फिल्टर निकालने से पहले उसकी फोटो ले सकते हैं, ताकि दोबारा लगाते समय कोई परेशानी न हो।
मशीन के बाहरी हिस्से को साफ करने के लिए मुलायम माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल करें। हवा अंदर लेने और बाहर निकालने वाली जाली को कंपनी के निर्देशों के मुताबिक मुलायम ब्रश से साफ करें। मशीन पर सीधे पानी या क्लीनिंग लिक्विड छिड़कने से बचें।
हर फिल्टर को पानी से साफ करना सही नहीं
एयर प्यूरीफायर में लगा प्री-फिल्टर बाल, धूल और बड़े कणों को रोकने का काम करता है। कुछ मॉडल में इसे पानी से धोया जा सकता है, जबकि कुछ में वैक्यूम ब्रश से सफाई करनी होती है।
अगर कंपनी धोने की अनुमति देती है, तो हल्के साबुन और पानी का इस्तेमाल करें। फिल्टर पूरी तरह सूखने के बाद ही वापस लगाएं।
वहीं, HEPA और एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर को बिना कंपनी की अनुमति के नहीं धोना चाहिए। HEPA फिल्टर हवा के बारीक कणों को पकड़ता है, जबकि कार्बन फिल्टर बदबू और कुछ गैसों को सोखने में मदद करता है। खराब होने या इस्तेमाल की अवधि पूरी होने पर इन्हें बदलना चाहिए।

सेंसर और एयर वेंट की सफाई भी जरूरी
एयर प्यूरीफायर के सेंसर और हवा आने-जाने वाले रास्तों पर भी धूल जमा हो सकती है। इसलिए कंपनी के बताए तरीके से इनकी सफाई करें। मशीन के आसपास पर्याप्त खाली जगह रखें, ताकि हवा आसानी से आ-जा सके।
डायसन के इंजीनियर स्टुअर्ट थॉम्पसन के मुताबिक, ज्यादा प्रदूषण के दौरान एयर प्यूरीफायर लंबे समय तक काम करता है। ऐसे में सेंसर, एयर इनलेट और आउटलेट की नियमित सफाई के साथ फिल्टर की स्थिति पर नजर रखना जरूरी है।
कब बदलना चाहिए एयर प्यूरीफायर का फिल्टर?
हर एयर प्यूरीफायर के फिल्टर बदलने का समय अलग होता है। यह मशीन के मॉडल, इस्तेमाल और प्रदूषण के स्तर पर निर्भर करता है। इसलिए फिल्टर बदलने से पहले मशीन के इंडिकेटर और यूजर मैनुअल की जांच करें।
अगर सफाई के बाद भी मशीन से अजीब आवाज आए, हवा का बहाव कमजोर हो या लगातार बदबू आए, तो फिल्टर की फिटिंग जांचें। समस्या बनी रहने पर कंपनी के सर्विस सेंटर से संपर्क करें। मशीन की मोटर या बिजली से जुड़े हिस्सों की मरम्मत खुद करने की कोशिश न करें।

