scorecardresearch

इमरान खान के पास OCI कार्ड, फिर भी क्यों मिला भारत छोड़ने का आदेश?

बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस मिलने के बाद OCI कार्ड और भारतीय नागरिकता को लेकर नई बहस छिड़ गई है। आखिर भारत में रहने की आजीवन सुविधा मिलने के बावजूद किसी विदेशी नागरिक पर ऐसी कार्रवाई क्यों हो सकती है? जानिए क्या हैं इसके नियम और अधिकार।

Advertisement

In Short

  • बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को FRRO ने 28 अक्टूबर 2026 तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है।
  • OCI कार्ड होने के बावजूद विदेशी नागरिकों को भारत में वोट देने और कई राजनीतिक अधिकार नहीं मिलते हैं।
  • इमरान खान ने भारत छोड़ने के नोटिस को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती देते हुए कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस मिला है। गृह मंत्रालय के तहत आने वाले फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस ने उन्हें 28 अक्टूबर 2026 तक देश छोड़ने का निर्देश दिया है। यह मामला मुंबई में हुए एक विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है, जिसमें इमरान खान ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग का समर्थन किया था।

advertisement

इमरान खान के पास अमेरिका की नागरिकता और भारत का ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया कार्ड है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर OCI कार्ड होने के बावजूद उन्हें भारत छोड़ने का आदेश क्यों दिया गया?

क्या है OCI कार्ड?

OCI यानी ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया एक ऐसी सुविधा है, जो भारतीय मूल के विदेशी नागरिकों को भारत में रहने और आने-जाने का अधिकार देती है। हालांकि, OCI कार्ड रखने वाला व्यक्ति भारतीय नागरिक नहीं माना जाता।

इस कार्ड के जरिए विदेशी नागरिक भारत में लंबे समय तक रह सकते हैं, लेकिन उन्हें भारतीय नागरिकों जैसे सभी राजनीतिक अधिकार नहीं मिलते।

OCI कार्डधारकों को मिलती हैं कौन-सी सुविधाएं?

OCI कार्डधारकों को भारत आने के लिए आजीवन वीजा मिलता है। वे बार-बार भारत आ सकते हैं और लंबे समय तक रह सकते हैं। आम तौर पर उन्हें FRRO में रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत भी नहीं होती।

इसके अलावा राष्ट्रीय उद्यानों, ऐतिहासिक स्मारकों और संग्रहालयों में प्रवेश शुल्क के मामले में भारतीय नागरिकों जैसी सुविधाएं मिलती हैं।

OCI कार्डधारक भारत में गैर-कृषि संपत्ति खरीद और बेच सकते हैं। निर्धारित नियमों के तहत NEET और JEE जैसी प्रवेश परीक्षाओं में भी शामिल हो सकते हैं।

Image Credit: ITG

OCI कार्ड होने पर क्या नहीं कर सकते?

OCI कार्डधारकों को भारत में वोट देने का अधिकार नहीं है। वे सांसद, विधायक, राष्ट्रपति या उपराष्ट्रपति जैसे संवैधानिक पदों पर नहीं बैठ सकते।

वे सरकारी सेवाओं में नियुक्ति नहीं पा सकते और कृषि भूमि, फार्महाउस या प्लांटेशन संपत्ति भी नहीं खरीद सकते।

इसके अलावा घरेलू राजनीतिक विरोध प्रदर्शनों या चुनाव प्रचार में भाग लेने पर विदेशी नागरिकों और OCI कार्डधारकों को वीजा रद्द होने या देश से निकाले जाने जैसी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

इमरान खान के खिलाफ क्यों हुई कार्रवाई?

10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ था। इसमें इमरान खान अपनी पार्टनर लेखा वॉशिंगटन, मां नुजहत और कजिन जैन मैरी के साथ शामिल हुए थे। पुलिस ने उन्हें अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ हिरासत में लिया था।

advertisement

इसके बाद बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने विदेशी नागरिक होने के बावजूद राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा लेने को लेकर इमरान खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

हाई कोर्ट पहुंचे इमरान खान

इमरान खान ने FRRO के नोटिस को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी है। उनका कहना है कि उन्होंने नागरिकता कानून या इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 का कोई उल्लंघन नहीं किया है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नोटिस में किसी स्पष्ट कानूनी उल्लंघन का जिक्र नहीं किया गया। उनकी याचिका पर 19 अक्टूबर को तत्काल सुनवाई का अनुरोध किए जाने की उम्मीद है।