scorecardresearch

अब डेटा के बिना भी कर सकेंगे अनलिमिटेड कॉलिंग, Airtel ने लॉन्च किए 3 नए सस्ते रिचार्ज प्लान!

Airtel ने अपने प्रीपेड ग्राहकों के लिए तीन नए रिचार्ज प्लान पेश किए हैं। इन प्लान में इंटरनेट डेटा के बिना अनलिमिटेड कॉलिंग और SMS की सुविधा मिलेगी। TRAI के निर्देश के बाद कंपनी ने यह कदम उठाया है। जानिए इन प्लान की कीमत, वैलिडिटी और किसे मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा।

Advertisement

In Short

  • Airtel ने 185, 203 और 206 रुपये के तीन नए प्रीपेड रिचार्ज प्लान लॉन्च किए हैं।
  • तीनों प्लान में बिना इंटरनेट डेटा के अनलिमिटेड कॉलिंग और 300 SMS की सुविधा मिलेगी।
  • TRAI के निर्देश के बाद अब कंपनियों को सस्ते कॉलिंग और SMS प्लान प्रमुखता से दिखाने होंगे।

टेलीकॉम कंपनी एयरटेल ने अपने प्रीपेड ग्राहकों के लिए तीन नए रिचार्ज प्लान पेश किए हैं। इन प्लान की खास बात यह है कि इनमें इंटरनेट डेटा के बजाय कॉलिंग और SMS की सुविधा दी जा रही है। कंपनी ने यह कदम टेलीकॉम रेगुलेटर TRAI के निर्देश के बाद उठाया है। नए प्लान उन लोगों के लिए फायदेमंद हो सकते हैं, जिन्हें मोबाइल पर इंटरनेट की जरूरत नहीं होती।

advertisement

Airtel के तीन नए रिचार्ज प्लान

एयरटेल ने 185 रुपये, 203 रुपये और 206 रुपये के तीन नए प्रीपेड प्लान लॉन्च किए हैं। ये प्लान कंपनी के रिचार्ज प्लेटफॉर्म पर दिखाई देने लगे हैं। तीनों में अनलिमिटेड कॉलिंग और 300 SMS की सुविधा मिलती है। हालांकि, इनकी वैलिडिटी अलग-अलग रखी गई है।

185 रुपये वाला प्लान: इसमें ग्राहकों को 28 दिनों की वैलिडिटी मिलती है। साथ ही अनलिमिटेड लोकल, STD और रोमिंग कॉलिंग के अलावा 300 SMS दिए जाते हैं।

203 रुपये वाला प्लान: इस रिचार्ज में 30 दिनों की वैलिडिटी, अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और 300 SMS मिलते हैं।

206 रुपये वाला प्लान: इसमें एक महीने की वैलिडिटी के साथ अनलिमिटेड कॉलिंग और 300 SMS की सुविधा दी गई है।

तीनों प्लान में फ्री HelloTunes की सुविधा भी शामिल है। ग्राहक हर 30 दिन में बिना अतिरिक्त पैसे दिए एक ट्यून सेट कर सकते हैं।

TRAI के निर्देश के बाद आया फैसला

दरअसल, टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कंपनियों के ऐप और वेबसाइट पर सस्ते रिचार्ज प्लान आसानी से नहीं मिलते। ग्राहकों को बेसिक कॉलिंग और SMS वाले पैक खोजने के लिए कई स्क्रीन से गुजरना पड़ता था।

इसके बाद TRAI ने टेलीकॉम कंपनियों को निर्देश दिया कि वे अपने रिचार्ज प्लेटफॉर्म पर 'TRAI-Mandated Packs' नाम से अलग सेक्शन बनाएं। इस सेक्शन को प्रीपेड रिचार्ज स्क्रीन पर सबसे पहले दिखाना होगा।

किन ग्राहकों को होगा फायदा?

TRAI का यह कदम खास तौर पर उन 20 करोड़ से ज्यादा मोबाइल ग्राहकों के लिए अहम है, जो मुख्य रूप से कॉलिंग और SMS का इस्तेमाल करते हैं।

इनमें फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले लोग, बुजुर्ग और ऐसे परिवार शामिल हैं, जिन्हें रोजाना मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं होती।

Jio, Vi और BSNL पर भी लागू निर्देश

TRAI का निर्देश सिर्फ एयरटेल तक सीमित नहीं है। यह रिलायंस जियो, वोडाफोन आइडिया और BSNL पर भी लागू होता है।

नियमों के मुताबिक, कंपनियों को 30 दिन की वैलिडिटी, मंथली रिन्यूअल और सिर्फ वॉयस-SMS वाले विशेष रिचार्ज विकल्प उपलब्ध कराने होते हैं। अब इन प्लान को ऐप, वेबसाइट और कंपनी के एक्सक्लूसिव रिटेल आउटलेट पर प्रमुखता से दिखाना होगा, ताकि ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से आसानी से रिचार्ज चुन सकें।

advertisement