scorecardresearch

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद फिर चर्चा में लॉरेंस बिश्नोई गैंग, आखिर क्यों बॉलीवुड सितारों को बना रहा निशाना?

मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग एक बार फिर चर्चा में है। गैंग ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए सलमान खान से जुड़े लोगों को चेतावनी दी है। आखिर बॉलीवुड सितारे इस नेटवर्क के निशाने पर क्यों हैं और सलमान खान से इसकी दुश्मनी की असली वजह क्या है?

Advertisement

In Short

  • मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ की गाड़ी के पास फायरिंग, ड्राइवर घायल और अभिनेता सुरक्षित।
  • लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी का दावा किया, सलमान खान से संबंधों को बताया वजह।
  • सलमान खान, सिद्धू मूसेवाला और बाबा सिद्दीकी समेत कई चर्चित नामों से जुड़ चुका है गैंग का नाम।

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में हुई फायरिंग के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग एक बार फिर सुर्खियों में है। रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में बाइक सवार हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की गाड़ी के पास गोलियां चलाईं। इस हमले में उनके ड्राइवर को चोट आई, जबकि अभिनेता सुरक्षित बच गए। गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि पहले दी गई चेतावनियों को नजरअंदाज करने के कारण यह कदम उठाया गया।

advertisement

आखिर क्या है लॉरेंस बिश्नोई गैंग?

लॉरेंस बिश्नोई गैंग एक संगठित आपराधिक नेटवर्क है, जो पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में सक्रिय है। इसका नेटवर्क कनाडा और अमेरिका तक फैला हुआ है।

जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने कॉलेज के दिनों से अपना नेटवर्क बनाना शुरू किया था। आज यह गैंग हत्या, फिरौती और हथियारों से जुड़े अपराधों के लिए जाना जाता है। सोशल मीडिया के जरिए धमकियां देना और हमलों की जिम्मेदारी लेना भी इसकी गतिविधियों का हिस्सा रहा है।

टाइगर श्रॉफ को क्यों बनाया निशाना?

गैंग के दावों के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ को सलमान खान से करीबी रिश्ते बनाए रखने के कारण निशाना बनाया गया। गैंग ने पहले भी उन्हें चेतावनी देने की बात कही है।

हमले के बाद बॉलीवुड के दूसरे लोगों को भी सलमान खान से दूरी बनाने की धमकी दी गई। हालांकि, मुंबई पुलिस फायरिंग की जांच कर रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गैंग से उनके सीधे संबंधों का पता लगाने में जुटी है।

किन बड़े नामों को बना चुका है निशाना?

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम कई चर्चित मामलों में सामने आया है। मई 2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी गैंग ने ली थी।

अक्टूबर 2024 में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद भी गैंग ने जिम्मेदारी का दावा किया था। उनके बेटे जीशान सिद्दीकी को भी निशाने पर रखा गया।

इसके अलावा रणवीर सिंह, रोहित शेट्टी, आयुष शर्मा, कपिल शर्मा, आमिर खान और मुनव्वर फारूकी जैसे नाम धमकियों, फिरौती की मांग या सुरक्षा संबंधी मामलों में सामने आए हैं। कनाडा में गिप्पी ग्रेवाल और एपी ढिल्लों से जुड़े ठिकानों पर फायरिंग की घटनाओं को भी इस नेटवर्क से जोड़ा गया।

सलमान खान से आखिर क्या है दुश्मनी?

सलमान खान से गैंग की दुश्मनी की जड़ें 1998 के राजस्थान के काले हिरण शिकार मामले से जुड़ी हैं। बिश्नोई समाज काले हिरण को पवित्र मानता है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग लंबे समय से सलमान खान से सार्वजनिक माफी की मांग करता रहा है। अप्रैल 2024 में सलमान के मुंबई स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग से भी गैंग का नाम जुड़ा था। लगातार धमकियों के चलते अभिनेता की सुरक्षा बढ़ाई गई है।

advertisement