
iPhone Duo की भारी डिमांड से मुश्किल में एप्पल! प्री-ऑर्डर करते ही महीनों आगे बढ़ी डिलीवरी डेट
एप्पल के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo को लेकर ग्राहकों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। प्री-ऑर्डर शुरू होते ही कुछ ऐसा हुआ जिसने कंपनी की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए। भारत में भी खरीदारों को परेशानी हो रही है। आखिर एप्पल के किस फैसले को बड़ी गलती बताया जा रहा है?

In Short
- iPhone Duo की प्री-बुकिंग शुरू होते ही डिलीवरी की तारीख अक्टूबर से बढ़कर दिसंबर और जनवरी तक पहुंच गई।
- भारत में कई प्रमुख एप्पल स्टोर्स पर ग्राहकों को इन-स्टोर पिकअप का विकल्प नहीं मिल रहा है।
- ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन ने सीमित सप्लाई के बावजूद ग्लोबल प्री-ऑर्डर शुरू करने को एप्पल की 'बड़ी गलती' बताया।
एप्पल के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo को लेकर ग्राहकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फोन की प्री-बुकिंग शुरू होते ही इतनी तेजी से ऑर्डर आए कि कुछ ही मिनटों में डिलीवरी की तारीख अक्टूबर से खिसककर दिसंबर और जनवरी तक पहुंच गई। भारत में भी हालात कुछ ऐसे ही हैं। यहां कई बड़े एप्पल स्टोर्स पर ग्राहकों को इन-स्टोर पिकअप का विकल्प नहीं मिल रहा है। इस बीच एप्पल की प्री-ऑर्डर रणनीति पर भी सवाल उठने लगे हैं।
Apple के फैसले को क्यों बताया जा रहा बड़ी गलती?
ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन ने iPhone Duo की प्री-ऑर्डर रणनीति को एप्पल की 'बड़ी गलती' बताया है। उनका कहना है कि कंपनी को पहले से पता था कि फोन की सप्लाई सीमित रहने वाली है। इसके बावजूद एप्पल ने बड़े स्तर पर इसकी बिक्री शुरू करने का फैसला किया।
मार्क गुरमन के मुताबिक, कंपनी अपने वित्त वर्ष की पहली तिमाही की शुरुआत में ही फोन को बाजार में उतारना चाहती थी। लेकिन इस फैसले से उन ग्राहकों को निराशा हो सकती है, जो सबसे पहले इस नए फोल्डेबल आईफोन को खरीदना चाहते थे। अब कई खरीदारों को फोन पाने के लिए हफ्तों या महीनों तक इंतजार करना पड़ सकता है।
70 से ज्यादा देशों में एक साथ शुरू हुई बुकिंग
रिपोर्ट के मुताबिक, एप्पल की शुरुआती योजना iPhone Duo को कुछ चुनिंदा बाजारों में लॉन्च करने की थी। इनमें अमेरिका और चीन जैसे देश शामिल थे। इसकी वजह फोन का सीमित स्टॉक बताया गया था।
हालांकि, एप्पल इवेंट में कंपनी ने इसे ग्लोबल स्तर पर लॉन्च करने का ऐलान कर दिया। इसके बाद 70 से ज्यादा देशों में एक साथ प्री-ऑर्डर शुरू हुए।
कई बाजारों में बुकिंग खुलने के कुछ ही मिनट बाद डिलीवरी की तारीख जनवरी के आखिर तक पहुंच गई। इससे साफ संकेत मिला कि उपलब्ध स्टॉक के मुकाबले ऑर्डर काफी ज्यादा आ रहे थे।

भारतीय ग्राहकों को भी करना पड़ सकता है लंबा इंतजार
भारत में iPhone Duo खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है। प्रमुख एप्पल स्टोर्स पर इन-स्टोर पिकअप का विकल्प उपलब्ध नहीं होने से संकेत मिल रहे हैं कि स्थानीय स्टॉक तेजी से खत्म हो गया है।
हालांकि, ग्राहकों के लिए राहत की बात यह है कि एप्पल कई बार डिलीवरी की अनुमानित तारीख वास्तविक समय से आगे की बताता है। ऐसे में कुछ खरीदारों को उनका फोन तय तारीख से पहले भी मिल सकता है।
महंगी कीमत के बावजूद iPhone Duo की जबरदस्त डिमांड
iPhone Duo की प्रीमियम कीमत को देखते हुए पहले माना जा रहा था कि इसकी बिक्री सामान्य iPhone 18 Pro मॉडल्स के मुकाबले कम रह सकती है।
लेकिन शुरुआती प्री-ऑर्डर के आंकड़ों से मिल रहे संकेत इस अनुमान से अलग हैं। जिस तेजी से फोन की बुकिंग हुई और डिलीवरी का इंतजार बढ़ा, उससे लगता है कि एप्पल का पहला फोल्डेबल आईफोन उम्मीद से ज्यादा लोकप्रिय साबित हो सकता है। हालांकि, फिलहाल कंपनी के सामने सबसे बड़ी चुनौती ग्राहकों तक समय पर फोन पहुंचाने की है।

