scorecardresearch

दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं! दिल्ली से महाराष्ट्र और MP तक आग का कहर, 7 हादसों में 23 की मौत

दिवाली की खुशियां देश के कई परिवारों के लिए मातम में बदल गईं। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान समेत कई राज्यों में आग और पटाखों से जुड़े हादसों में 23 लोगों की मौत हो गई। कहीं पूरा परिवार आग में फंस गया तो कहीं मासूम की जान चली गई। जानिए पूरी घटना।

Advertisement

In Short

  • दिवाली पर देश के अलग-अलग राज्यों में आग और पटाखों से जुड़े 7 बड़े हादसे, 23 लोगों की मौत।
  • महाराष्ट्र के धाराशिव में एक ही परिवार के 6 लोगों की जान गई, मध्य प्रदेश के कटनी और सिवनी में भी 12 मौतें।
  • दिल्ली में पटाखा फटने से बच्चे की मौत, राजस्थान के पाली और ओडिशा के कटक में भी दर्दनाक हादसे।

दिवाली का त्योहार देश के कई परिवारों के लिए मातम में बदल गया। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और ओडिशा में आग लगने और पटाखों से जुड़े सात बड़े हादसों में 23 लोगों की जान चली गई। कई जगह पूरे परिवार आग की चपेट में आ गए। इन घटनाओं में बच्चों और महिलाओं की भी मौत हुई है।

advertisement

महाराष्ट्र में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येडशी गांव में दिवाली की रात करीब ढाई बजे किराना दुकान में आग लग गई। दुकान के ऊपर बने मकान में करंडे परिवार रहता था। आग तेजी से फैलने के कारण परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। इनमें चार की दम घुटने और दो की झुलसने से मौत हुई। परिवार की एक सदस्य कृष्णा को बचा लिया गया। आग लगने की वजह साफ नहीं है, लेकिन दीपक से आग लगने की आशंका है।

मध्य प्रदेश के कटनी और सिवनी में 12 मौतें

मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही में तीन मंजिला इमारत में आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। सभी की मौत दम घुटने से हुई।

वहीं सिवनी के छपारा में सोमवार सुबह एक तीन मंजिला मकान में आग लग गई। घर में मौजूद 10 लोगों में से छह की मौत हो गई, जबकि चार को सुरक्षित निकाल लिया गया। आग लगने का कारण अभी सामने नहीं आया है।

दिल्ली में पटाखा फटने से बच्चे की मौत

दिल्ली के नरेला में 8 नवंबर की रात एक बच्चा घर के सामने अनार पटाखा जला रहा था। अचानक पटाखा फटने से उसके सीने में गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उज्जैन और राजस्थान में भी हादसे

उज्जैन के नागझिरी इलाके में हार्डवेयर की बिल्डिंग में आग लगने से बुजुर्ग मोहनलाल की मौत हो गई। आग में लाखों रुपये का सामान भी जल गया।

राजस्थान के पाली जिले के फालना में पटाखों की दुकान में आग लगने से दो लोगों की मौत हुई और एक व्यक्ति घायल हो गया। आग आसपास की दुकानों तक फैल गई।

ओडिशा में 7 साल के बच्चे की मौत

ओडिशा के कटक में सोमवार सुबह एक घर में आग लगने से सात साल के बच्चे की मौत हो गई। एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। संकरी गलियों के कारण दमकल टीमों को पहुंचने में परेशानी हुई। करीब तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।

advertisement

मुंबई में फायर ब्रिगेड को 142 कॉल

मुंबई में रविवार को फायर ब्रिगेड को आग लगने की 142 कॉल मिलीं। इनमें 137 मामले पटाखों से जुड़े थे। हालांकि, रविवार की इन घटनाओं में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली।