
Apple का AI प्लान! iOS 28 में बदल जाएगा Siri का अंदाज, बिना बार-बार कमांड दिए खुद करेगा आपके काम?
Apple अपने वॉयस असिस्टेंट Siri को पूरी तरह बदलने की तैयारी में है। कंपनी चाहती है कि Siri सिर्फ कमांड मानने के बजाय यूजर्स के काम भी खुद संभाले। iOS 28 और macOS 28 को लेकर नई रिपोर्ट में कई अहम बातें सामने आई हैं। जानिए एप्पल का अगला बड़ा AI प्लान क्या है।

In Short
- एप्पल अपने Siri को ज्यादा स्मार्ट और खुद काम करने वाला AI असिस्टेंट बनाने की तैयारी में है।
- iOS 28 और macOS 28 के साथ Siri की क्षमताओं में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
- एप्पल के नए सीईओ जॉन टर्नस ने AI डेवलपमेंट की रफ्तार बढ़ाने पर जोर दिया है।
टेक दिग्गज एप्पल अपने वॉयस असिस्टेंट Siri को पहले से कहीं ज्यादा स्मार्ट बनाने की तैयारी कर रही है। कंपनी अब Siri को सिर्फ सवालों के जवाब देने या छोटे-मोटे काम करने तक सीमित नहीं रखना चाहती। एप्पल ऐसी AI तकनीक पर काम कर रही है, जिससे Siri यूजर्स के लक्ष्य याद रख सके और बिना बार-बार निर्देश दिए खुद काम आगे बढ़ा सके।
ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन की रिपोर्ट के मुताबिक, एप्पल के नए सीईओ जॉन टर्नस कंपनी के AI प्लान को तेजी से आगे बढ़ाना चाहते हैं। इसके लिए iOS 28 और macOS 28 के डेवलपमेंट के तरीके में भी बदलाव की तैयारी है।
Siri सिर्फ कमांड नहीं मानेगा, खुद भी करेगा काम?
अभी आमतौर पर वॉयस असिस्टेंट से हर काम के लिए अलग-अलग कमांड देनी पड़ती है। लेकिन एप्पल अब Siri को एक AI एजेंट की तरह विकसित करने की संभावनाएं तलाश रही है।
इसका मतलब है कि भविष्य में यूजर्स Siri को कोई बड़ा काम सौंप सकेंगे और वह उस काम को पूरा करने के लिए जरूरी कदम खुद संभाल सकेगा।
मसलन, अगर आप किसी प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं तो Siri उससे जुड़ी जरूरी जानकारी पर नजर रख सकेगा, आपके लक्ष्य याद रख सकेगा और जरूरत पड़ने पर खुद अपडेट दे सकेगा। इससे यूजर्स को हर छोटे काम के लिए बार-बार निर्देश नहीं देने पड़ेंगे।
ChatGPT Dots और Grok जैसे AI टूल्स से मुकाबला
एप्पल की यह तैयारी ऐसे समय में सामने आई है, जब AI असिस्टेंट सिर्फ सवालों के जवाब देने के बजाय खुद काम करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, एप्पल अपने Siri को OpenAI के ChatGPT Dots, Meta के Muse और xAI के Grok जैसे AI टूल्स की क्षमताओं के करीब लाना चाहती है।
हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस नए AI एजेंट को लॉन्च करने की कोई आधिकारिक तारीख नहीं बताई है। गुरमन के मुताबिक, अगले साल तक Siri में इस दिशा में बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

Apple के CEO ने AI की रफ्तार बढ़ाने को कहा
रिपोर्ट में बताया गया है कि एप्पल के सीईओ जॉन टर्नस ने हाल के हफ्तों में सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग प्रमुख क्रेग फेडेरिघी के साथ बंद कमरे में बैठक की थी।
इस बैठक में टर्नस ने कंपनी के सॉफ्टवेयर रोडमैप पर तेजी से काम करने और Siri में केवल छोटे सुधार करने के बजाय बड़े बदलाव लाने पर जोर दिया।
iOS 27.3 में भी मिल सकते हैं नए फीचर्स
एप्पल पहले से ही Siri की क्षमताएं बढ़ाने पर काम कर रही है। आने वाले iOS 27.3 अपडेट में एप्पल के अपने ऐप्स के भीतर Siri को ज्यादा कंट्रोल मिलने की उम्मीद है।
इसके बाद थर्ड-पार्टी ऐप्स के लिए भी सपोर्ट लाने की योजना बताई जा रही है।
हालांकि, Siri को पूरी तरह ऑटोनॉमस AI एजेंट बनाना ज्यादा बड़ा बदलाव होगा। इसके लिए एप्पल को ऐसी तकनीक विकसित करनी होगी, जो सिर्फ कमांड का जवाब न दे, बल्कि लंबे समय तक यूजर्स के काम और लक्ष्यों को समझकर उन्हें पूरा करने में मदद कर सके।

