scorecardresearch

Delhi-NCR में बदला मौसम का मिजाज, ठंडी हवाओं के साथ बारिश के आसार

Delhi-NCR में शनिवार सुबह ठंडी हवाओं और बादलों ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश के आसार जताए हैं। वहीं, देश के कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना है।

Advertisement

In Short

  • Delhi-NCR में ठंडी हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं।
  • यूपी, हरियाणा, राजस्थान और पहाड़ी राज्यों में भी बारिश हो सकती है।
  • केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और पुडुचेरी में भारी बारिश की संभावना है।

Delhi-NCR में शनिवार सुबह मौसम का मिजाज बदला नजर आया। सुबह ठंडी हवाएं चलीं और आसमान में बादल छाए रहे। पिछले कुछ समय से गर्मी और उमस झेल रहे लोगों को मौसम में आए इस बदलाव से राहत मिली। मौसम का यह बदलाव सिर्फ दिल्ली-NCR तक सीमित नहीं है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, शनिवार 10 अक्टूबर को देश के कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

advertisement

दिल्ली-NCR में बारिश के आसार

दिल्ली में शनिवार को कुछ जगहों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कुछ हिस्सों में भी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम का असर रविवार तक बना रह सकता है।

यूपी और पहाड़ी राज्यों में भी बदलेगा मौसम

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में शनिवार को बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। पूर्वी यूपी में 10 अक्टूबर और पश्चिमी यूपी में 11 अक्टूबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।

उत्तराखंड में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं। राज्य में 10 से 14 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में भी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में शनिवार को कई जगहों पर बारिश के आसार हैं।

बिहार, झारखंड और राजस्थान में बारिश की संभावना

बिहार में शनिवार को बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। राज्य के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। झारखंड और ओडिशा में भी बारिश हो सकती है और इसका असर सोमवार तक बना रह सकता है।

राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। पश्चिमी राजस्थान में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश

दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। कराईकल में भी भारी बारिश की संभावना है।

वहीं, पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में शनिवार को बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 14 अक्टूबर तक बारिश जारी रहने का अनुमान है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 14 अक्टूबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।

मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों को घर से निकलने से पहले मौसम का ताजा हाल देख लेने की सलाह दी जाती है।

advertisement