scorecardresearch

25 हजार जवान तैनात, बॉडी कैमरों से निगरानी... CJP प्रदर्शन को लेकर दिल्ली अलर्ट!

दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन से पहले राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। करीब 25 हजार पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात हैं। दिल्ली पुलिस प्रदर्शन के दौरान बॉडी कैमरों से हर गतिविधि रिकॉर्ड करेगी। वहीं, सुरक्षा के चलते 57 मेट्रो स्टेशनों पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं।

Advertisement

In Short

  • CJP प्रदर्शन से पहले दिल्ली में 25 हजार जवान तैनात हैं।
  • प्रदर्शन के दौरान बॉडी कैमरों से निगरानी होगी।
  • सुरक्षा के मद्देनजर 57 मेट्रो स्टेशनों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR के खिलाफ प्रदर्शन करने वाली है। इस प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली में करीब 25 हजार पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है। दिल्ली की सीमाओं से लेकर रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और मेट्रो स्टेशनों तक सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, प्रदर्शन के दौरान निगरानी के लिए दिल्ली पुलिस बॉडी कैमरों का इस्तेमाल कर रही है।

advertisement

प्रदर्शनकारियों पर बॉडी कैमरों से रखी जाएगी नजर

जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के जवान बॉडी कैमरों का इस्तेमाल करेंगे। ये कैमरे पुलिसकर्मियों के शरीर पर लगाए जाते हैं और अंधेरे में भी काम कर सकते हैं। इनकी मदद से प्रदर्शन के दौरान होने वाली घटनाओं की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि इन कैमरों का इस्तेमाल पुलिसकर्मियों और दूसरे लोगों की सुरक्षा के लिए किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान किसी तरह की हाथापाई या विवाद होने पर इन कैमरों में रिकॉर्ड हुई वीडियो से घटना की जानकारी मिल सकेगी।

पुलिस पर लगे आरोपों का वीडियो से दिया जाएगा जवाब

एक पुलिसकर्मी ने बॉडी कैमरों के इस्तेमाल को लेकर बताया कि प्रदर्शन के दौरान कई बार हाथापाई की स्थिति बन जाती है और इसके बाद दिल्ली पुलिस पर तरह-तरह के आरोप लगाए जाते हैं। ऐसे में बॉडी कैमरों में रिकॉर्ड हुई वीडियो से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि मौके पर क्या हुआ था।

(Photo: Aaj Tak)

इन कैमरों का मकसद प्रदर्शन के दौरान होने वाली घटनाओं को रिकॉर्ड करना है, ताकि पुलिस पर कोई आरोप लगने की स्थिति में वीडियो सबूत के जरिए अपना पक्ष रखा जा सके। कैमरों में दर्ज फुटेज से घटनाओं की जानकारी जुटाने में भी मदद मिलेगी।

पिछले प्रदर्शन के बाद शुरू हुआ बॉडी कैमरों का इस्तेमाल

इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान भी दिल्ली पुलिस पर कई आरोप लगे थे। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनों के दौरान बॉडी कैमरों के इस्तेमाल पर जोर दिया। अब प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों की गतिविधियों और मौके पर होने वाली घटनाओं की रिकॉर्डिंग के लिए इन कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

दिल्ली की सीमाओं से मेट्रो स्टेशनों तक कड़ी निगरानी

CJP के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। करीब 25 हजार पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान राजधानी में तैनात हैं। दिल्ली की सीमाओं, रेलवे स्टेशनों और बस टर्मिनलों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

इसके अलावा, सुरक्षा व्यवस्था के तहत 57 मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास को लेकर प्रतिबंध लगाए गए हैं। प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और जंतर-मंतर सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है।

advertisement