scorecardresearch

महीने की किस तारीख को SIP करना सबसे फायदेमंद? पहली बार निवेश करने वालों के लिए यह खास सलाह

म्यूचुअल फंड में SIP शुरू करते समय निवेशक अक्सर सही तारीख चुनने को लेकर उलझन में रहते हैं। कोई सैलरी आते ही निवेश करता है तो कोई महीने के आखिर में। लेकिन क्या वाकई तारीख बदलने से आपका रिटर्न बदल जाता है? Mutual Fund Head श्वेता रजनी ने इस सवाल का जवाब दिया है।

Advertisement

In Short

  • SIP की सही तारीख चुनने को लेकर निवेशकों के मन में अक्सर रहता है कन्फ्यूजन
  • 2005 से 2025 तक के आंकड़ों पर आधारित अध्ययन में ₹10,000 की मासिक SIP की तुलना
  • अलग-अलग तारीखों पर SIP करने से सालाना रिटर्न में करीब 0.7 से 0.8 प्रतिशत का अंतर

म्यूचुअल फंड में SIP के जरिए निवेश शुरू करने वाले लोगों के मन में अक्सर एक सवाल आता है कि महीने की किस तारीख को पैसा लगाने से ज्यादा रिटर्न मिलेगा? क्या महीने की शुरुआत में SIP करने से ज्यादा फायदा होता है या फिर तीसरे और चौथे हफ्ते में निवेश करना बेहतर रहता है? खासकर पहली बार निवेश करने वाले लोग SIP की तारीख को लेकर काफी असमंजस में रहते हैं।

advertisement

बिजनेस टुडे के शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए Mutual Fund Head श्वेता रजनी ने बताया कि SIP के लिए महीने की कोई एक तारीख सबसे बेहतर नहीं होती है। अलग-अलग तारीखों पर निवेश करने से मिलने वाले रिटर्न में बहुत ज्यादा अंतर नहीं आता है। उन्होंने इस बात को समझाने के लिए 20 साल की अवधि के एक अध्ययन का उदाहरण भी दिया।

SIP की कौन सी तारीख है सबसे अच्छी?

आमतौर पर नौकरीपेशा लोग अपनी सैलरी आने की तारीख के हिसाब से SIP शुरू करना पसंद करते हैं। कई लोग महीने के पहले हफ्ते में निवेश करते हैं, जबकि कुछ लोग तीसरे या चौथे हफ्ते में SIP की तारीख रखते हैं।

ऐसे में निवेशकों के मन में सवाल रहता है कि क्या किसी खास तारीख को चुनने से लंबी अवधि में ज्यादा रिटर्न हासिल किया जा सकता है? क्या महीने की पहली तारीख को SIP करना आखिरी तारीख की तुलना में ज्यादा फायदेमंद साबित होता है?

प्रतीकात्मक तस्वीर

20 साल की स्टडी में क्या सामने आया?

श्वेता रजनी ने बताया कि इस सवाल का जवाब जानने के लिए साल 2005 से 2025 तक की 20 साल की अवधि का अध्ययन किया गया। इसमें हर महीने की पहली तारीख को 10,000 रुपये की SIP करने और दूसरी तारीख को इतनी ही रकम निवेश करने के नतीजों की तुलना की गई।

इस तुलना में निवेश की रकम, म्यूचुअल फंड स्कीम और निवेश का आवंटन एक जैसा रखा गया। सिर्फ निवेश की तारीख बदली गई, ताकि यह समझा जा सके कि अलग-अलग तारीखों पर SIP करने से रिटर्न में कितना अंतर आता है।

सबसे अच्छी और खराब तारीख के रिटर्न में कितना अंतर?

अध्ययन में सामने आया कि अलग-अलग तारीखों पर SIP करने से सालाना रिटर्न में करीब 0.7 से 0.8 प्रतिशत का अंतर रहा। यानी सबसे बेहतर और सबसे खराब तारीख के बीच भी रिटर्न का अंतर बहुत बड़ा नहीं था।

श्वेता रजनी के मुताबिक, निवेशकों को इस बात की ज्यादा चिंता नहीं करनी चाहिए कि वे महीने की किस तारीख को SIP कर रहे हैं।

SIP में तारीख से ज्यादा जरूरी है निवेश का अनुशासन

advertisement

SIP में सबसे ज्यादा जरूरी नियमित निवेश करना है। बाजार में तेजी हो या गिरावट, निवेशकों को बाजार के माहौल से परेशान हुए बिना लगातार निवेश करते रहना चाहिए।

इसलिए नौकरीपेशा लोग अपनी सैलरी आने की तारीख के हिसाब से SIP की तारीख तय कर सकते हैं। महीने का पहला हफ्ता हो या तीसरा या चौथा हफ्ता, लंबी अवधि में नियमित निवेश और अनुशासन ही ज्यादा मायने रखता है।

Disclaimer: म्यूचुअल फंड्स निवेश बाज़ार जोखिमों के अधीन है। ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।