
पोस्ट ऑफिस की धांसू स्कीम! 5 साल में ब्याज से होगी ₹5 लाख से ज्यादा की कमाई...पैसा भी सुरक्षित
अगर आप अपनी बचत पर अच्छा रिटर्न चाहते हैं और पैसे की सुरक्षा को लेकर भी परेशान हैं, तो पोस्ट ऑफिस की एक सरकारी स्कीम आपके काम आ सकती है। इसमें एक बार पैसा जमा करके लाखों रुपये का ब्याज कमाया जा सकता है। जानिए निवेश और कमाई का पूरा गणित।

In Short
- पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट स्कीम में 5 साल के निवेश पर 7.50 फीसदी सालाना ब्याज मिलता है।
- ₹11.50 लाख के एकमुश्त निवेश पर 5 साल में ₹5.17 लाख से ज्यादा ब्याज की कमाई हो सकती है।
- सिर्फ ₹1000 से खाता खुलवाने की सुविधा, 5 साल के निवेश पर धारा 80C के तहत टैक्स छूट का लाभ।
अगर आप अपनी मेहनत की कमाई ऐसी जगह निवेश करना चाहते हैं, जहां पैसा सुरक्षित रहने के साथ अच्छा ब्याज भी मिले, तो पोस्ट ऑफिस की टाइम डिपॉजिट स्कीम आपके काम आ सकती है। इस सरकारी बचत योजना में एकमुश्त पैसा जमा करके अच्छी कमाई की जा सकती है। खास बात यह है कि इसमें 5 साल के निवेश पर 7.50 फीसदी सालाना ब्याज मिलता है। सही रकम निवेश करने पर आप सिर्फ ब्याज से 5 लाख रुपये से ज्यादा कमा सकते हैं।
सरकारी गारंटी के साथ सुरक्षित निवेश
पोस्ट ऑफिस की स्मॉल सेविंग स्कीम्स उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प हैं, जो अपने पैसों के साथ जोखिम नहीं लेना चाहते। इन योजनाओं में निवेश की सुरक्षा की गारंटी सरकार देती है। यही वजह है कि सुरक्षित बचत के लिए पोस्ट ऑफिस की योजनाएं काफी लोकप्रिय हैं। इनमें छोटे निवेशकों से लेकर बड़ी रकम जमा करने वाले लोग भी पैसा लगा सकते हैं।
कितने साल के निवेश पर कितना ब्याज?
पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट स्कीम में निवेश की अवधि के हिसाब से ब्याज दर अलग-अलग होती है।
-
1 साल के निवेश पर 6.90% ब्याज
-
2 साल के निवेश पर 7.00% ब्याज
-
3 साल के निवेश पर 7.10% ब्याज
-
5 साल के निवेश पर 7.50% ब्याज
यानी अगर आप लंबे समय के लिए पैसा जमा करते हैं, तो इस स्कीम में ज्यादा ब्याज का फायदा मिल सकता है।

₹11.5 लाख जमा करने पर कितना मिलेगा?
अब समझते हैं कि इस स्कीम से 5 लाख रुपये से ज्यादा की कमाई कैसे हो सकती है। अगर आप पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट में 5 साल के लिए एकमुश्त 11.50 लाख रुपये जमा करते हैं, तो 7.50 फीसदी सालाना ब्याज के हिसाब से मैच्योरिटी पर कुल 16,67,440 रुपये मिलेंगे।
इसमें आपकी जमा रकम 11.50 लाख रुपये होगी, जबकि ब्याज से होने वाली कुल कमाई 5,17,440 रुपये होगी। यानी बिना अतिरिक्त निवेश किए पांच साल में ब्याज से ही 5 लाख रुपये से ज्यादा मिल सकते हैं।
सिर्फ ₹1000 से खुल जाएगा खाता
इस सरकारी स्कीम की एक खास बात यह भी है कि इसमें महज 1000 रुपये से निवेश शुरू किया जा सकता है। अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं रखी गई है। निवेशक अपनी जरूरत के हिसाब से सिंगल या जॉइंट अकाउंट खुलवा सकते हैं। इसके लिए नजदीकी पोस्ट ऑफिस जाना होगा।
टैक्स बचाने का भी मिलेगा फायदा
पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट स्कीम में ब्याज के साथ टैक्स बचत का फायदा भी मिलता है। इसमें 5 साल के टाइम डिपॉजिट में किए गए निवेश पर इनकम टैक्स एक्ट की धारा 80C के तहत टैक्स छूट का लाभ लिया जा सकता है। इस तरह यह स्कीम सुरक्षित निवेश, ब्याज से कमाई और टैक्स बचत का विकल्प बन सकती है।


