
Delhi-NCR पर बारिश का कहर, सड़कें बनीं दरिया और रोहिणी में 3 मौतें; देखें तबाही की तस्वीरें
दिल्ली-NCR में रातभर हुई भारी बारिश ने कई इलाकों की रफ्तार रोक दी। कहीं सड़कें दरिया बन गईं, कहीं पेड़ गिर गए और रोहिणी में इमारत ढहने से 3 लोगों की मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर।

In Short
- दिल्ली-NCR में भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव हुआ और सड़कें पानी में डूब गईं।
- रोहिणी में निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई।
- IMD ने दिल्ली-NCR में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
Delhi Weather Alert: Delhi-NCR में लगातार हो रही भारी बारिश ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है और जगह-जगह ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ गई है।
गाजियाबाद समेत कई इलाकों में लोगों को जलभराव के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने Delhi-NCR के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और खराब मौसम की चेतावनी दी है।

सड़कों पर पानी, ट्रैफिक की रफ्तार थमी
दिल्ली में रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद गुरुवार सुबह कई सड़कें पानी में डूबी नजर आईं। कई जगहों पर हालात ऐसे हो गए कि सड़कें नदी जैसी दिखने लगीं। सदर बाजार, ग्रेटर कैलाश, बदरपुर, नसीरपुर, तेलीवाड़ा, महावीर बाजार, स्वरूप नगर, कुशक रोड, मुनिरका, द्वारका, विकास मार्ग, पूर्वी दिल्ली और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास जलभराव की खबरें सामने आईं।

रिंग रोड, आउटर रिंग रोड, दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे और NH-48 पर भी ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ। धौला कुआं, महिपालपुर और रजोकरी के पास जलभराव और कम विजिबिलिटी की वजह से गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।
रोहिणी में इमारत गिरने से 3 की मौत
बारिश के बीच सबसे बड़ा हादसा रोहिणी में हुआ। यहां निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत गिर गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। भारी बारिश के कारण राहत और बचाव के काम में भी मुश्किलें आईं।

कई जगह पेड़ गिरे, रास्ते बंद
दिल्ली के कई हिस्सों में तेज बारिश और हवा के कारण पेड़ भी गिर गए। ईस्ट ऑफ कैलाश में दो पेड़ उखड़ गए। एक पेड़ ISKCON मंदिर के पास और दूसरा नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के बाहर गिरा। इससे कुछ देर के लिए रास्ता बंद हो गया और ट्रैफिक प्रभावित हुआ। हालांकि इन घटनाओं में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

गुरुग्राम में भी हालात खराब
बारिश का असर दिल्ली से सटे गुरुग्राम में भी दिखा। कई सड़कों पर पानी भर गया और गाड़ियां फंस गईं। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर नरसिंहपुर, बसई, उमंग भारद्वाज चौक, कादीपुर, सेक्टर 10A और सोहना रोड के पास भारी जाम देखने को मिला।

IMD ने क्या कहा?
IMD के मुताबिक, दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र पर 24 घंटे में 72.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। लोधी रोड पर 80.2 मिमी, रिज में 77.8 मिमी, पालम में 63 मिमी और आयानगर में 57.4 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून ट्रफ हिमालय की तलहटी की ओर खिसक रहा है। इसी वजह से पिछले दो दिनों से कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है। दिल्ली में अभी और बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

