
एक ही शहर में प्रदूषण के दो अलग आंकड़े! सरकारी और प्राइवेट रीडिंग में इतना फर्क क्यों?
दिवाली के बाद दिल्ली में प्रदूषण के आंकड़ों ने नई बहस छेड़ दी है। सरकारी सिस्टम जहां AQI 376 बता रहा है, वहीं प्राइवेट प्लेटफॉर्म पर 3000 से ज्यादा की रीडिंग का दावा किया गया है। आखिर एक ही शहर में इतना अंतर क्यों और किस आंकड़े पर भरोसा करें? जानिए पूरी वजह।

In Short
- दिल्ली में 8 नवंबर को सरकारी AQI 376 दर्ज हुआ, जबकि प्राइवेट रीडिंग 3000 पार होने का दावा किया गया।
- भारत और प्राइवेट प्लेटफॉर्म के AQI कैलकुलेशन, समय और मॉनिटरिंग सिस्टम में अंतर है।
- प्रदूषण की सही तुलना के लिए PM2.5 की मात्रा, रीडिंग का समय और लोकेशन देखना जरूरी है।
दिल्ली में दिवाली के बाद प्रदूषण को लेकर एक नई बहस शुरू हो गई है। सरकारी आंकड़े और प्राइवेट प्लेटफॉर्म पर दिख रहे एयर क्वालिटी इंडेक्स में बड़ा अंतर सामने आया है। कहीं AQI 376 दिख रहा है तो कहीं यह 3000 के पार पहुंचने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में सवाल है कि आखिर दिल्ली की हवा कितनी खराब है और दोनों आंकड़ों में इतना अंतर क्यों है?
सरकारी और प्राइवेट AQI में कितना अंतर?
8 नवंबर को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक दिल्ली का औसत AQI 376 दर्ज किया गया। वहीं कुछ प्राइवेट प्लेटफॉर्म पर राजधानी के कई इलाकों में इससे कहीं ज्यादा प्रदूषण दिखा।
सोमवार को आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कुछ प्राइवेट रीडिंग का हवाला देते हुए AQI 3000 के पार जाने का दावा किया। उन्होंने बीजेपी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार पर प्रदूषण के आंकड़ों में हेरफेर करने का आरोप भी लगाया।
दोनों प्लेटफॉर्म पर अलग आंकड़े क्यों?
दरअसल, AQI सीधे मशीन से मिलने वाला आंकड़ा नहीं है। इसे हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 जैसे प्रदूषक कणों की मात्रा के आधार पर कैलकुलेट किया जाता है।
भारत में AQI का पैमाना 0 से 500 तक है। इसमें 401 से 500 को गंभीर यानी Severe कैटेगरी में रखा जाता है।
वहीं IQAir जैसे प्राइवेट प्लेटफॉर्म अमेरिकी AQI सिस्टम का इस्तेमाल करते हैं, जिसमें प्रदूषण बहुत ज्यादा होने पर आंकड़ा 500 से ऊपर भी जा सकता है।
रीडिंग के समय से भी बदलता है AQI
भारत में PM2.5 और PM10 के लिए 24 घंटे के औसत का इस्तेमाल होता है। वहीं प्राइवेट प्लेटफॉर्म हर घंटे की रीडिंग दिखा सकते हैं।
अगर आधी रात को पटाखों से प्रदूषण अचानक बढ़ता है तो घंटे वाली रीडिंग में इसका असर तुरंत दिखेगा। लेकिन 24 घंटे के औसत में पहले के कम प्रदूषण वाले घंटे भी शामिल होंगे।

हर इलाके में प्रदूषण एक जैसा नहीं
दिल्ली का सरकारी AQI कई मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों से तैयार होता है। लेकिन ट्रैफिक, कंस्ट्रक्शन और औद्योगिक इलाकों में प्रदूषण ज्यादा हो सकता है।
8 नवंबर को दिल्ली का औसत AQI 376 था, जबकि कई मॉनिटरिंग स्टेशन Severe कैटेगरी में थे।
सेंसर और कैलकुलेशन का भी फर्क
सरकारी सिस्टम CPCB और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति के मॉनिटरिंग स्टेशनों का डेटा इस्तेमाल करता है।
प्राइवेट प्लेटफॉर्म सरकारी स्टेशनों के साथ कम कीमत वाले सेंसर का डेटा भी लेते हैं। इन सेंसर पर नमी का असर पड़ सकता है। इसके अलावा शहर का औसत निकालने का तरीका भी अलग हो सकता है।
आखिर किस AQI पर भरोसा करें?
भारत के आधिकारिक AQI के लिए CPCB के आंकड़े देखें। वहीं प्राइवेट प्लेटफॉर्म किसी खास इलाके में प्रदूषण के बदलाव समझने में मदद कर सकते हैं।
दोनों की तुलना करते समय PM2.5 की मात्रा, रीडिंग का समय और मॉनिटरिंग स्टेशन की लोकेशन जरूर देखें। इससे समझ आएगा कि आंकड़ों में इतना अंतर क्यों दिखाई दे रहा है।

